Google Analytics —— Meta Pixel

हाईवे से नदी में गिरी यात्रियों से भरी बस, 18 लोगों की मौत, 25 घायल, मृतकों में विदेशी भी शामिल

Bus Accident in Nepal: नेपाल के धादिंग जिले में सोमवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हुआ है। पोखरा से काठमांडू जा रही एक यात्री बस हाईवे से फिसलकर त्रिशूली नदी में जा गिरी, जिसमें 18 लोगों की मौत हो गई। जबकि 25 से ज्यादा यात्री घायल हो गए हैं। हादसा रात करीब 1:30 बजे बेनिघाट रोरांग इलाके में हुआ। जानकारी के मुताबिक किसी कारणवश चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे बस सीधे नदी में जा गिरी। हादसा आधी रात में होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कत आई। हालांकि सशस्त्र पुलिस बल (APF) और स्थानीय पुलिस की टीमों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

यह भी पढे़ं:- छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र आज से, 20 मार्च तक चलेंगी 15 बैठकें

17 शव नदी से बरामद किए गए। जबकि एक घायल यात्री की अस्पताल में मौत हो गई, जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 18 हो गया। पुलिस के मुताबिक मरने वालों में 12 पुरुष और 6 महिलाएं शामिल हैं। मृतकों में एक पुरुष और एक महिला विदेशी नागरिक भी हैं। हालांकि वे किस देश के थे और उनकी पहचान क्या है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रशासन मृतकों और घायलों की शिनाख्त करने में जुटा है। हादसे के समय बस में कुल 44 यात्री सवार थे। रेस्क्यू टीम ने 26 घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। कुछ घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल अधिकांश यात्रियों को आगे के इलाज के लिए काठमांडू रेफर कर दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती आशंका चालक के नियंत्रण खोने की जताई गई है, लेकिन तकनीकी खराबी या अन्य कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। नेपाल में हाल के सालोंमें सड़क हादसों की कई बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। 5 फरवरी को बैतड़ी जिला में बारातियों से भरी एक बस करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 34 लोग घायल हुए थे। बस गांव से दुल्हन लेकर सुनकुड़ा जा रही थी। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ओवरलोडिंग बताया गया था।

2024 में लैंडस्लाइड से बह गई थी दो बसें

2024 में लैंडस्लाइड के चलते दो बसें त्रिशूली नदी में बह गई थी। दोनों बसों में चालकों समेत 63 लोग सवार थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक उस हादसे में 7 भारतीय नागरिकों और एक बस चालक की मौत हुई थी, जबकि 50 से ज्यादा लोग लापता हो गए थे। धादिंग में हुआ यह ताजा हादसा एक बार फिर नेपाल में सड़क सुरक्षा व्यवस्था और पहाड़ी इलाकों में परिवहन की चुनौतियों पर सवाल खड़े करता है। प्रशासन ने मामले की गंभीरता से जांच के निर्देश दिए हैं और घायलों के बेहतर इलाज का आश्वासन दिया है। स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अभी भी राहत और जांच काम में जुटी हुई हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!