दो राज्यों में भीषण सड़क हादसे, राजस्थान में 6 और छत्तीसगढ़ में 4 की मौत, कई गंभीर

Accident in Rajasthan Chhattisgarh: देश में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला। राजस्थान के बालोतरा और छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों हादसों के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी और जाम की स्थिति बन गई। पहला हादसा राजस्थान के बालोतरा जिले के सरवड़ी गांव के पास नेशनल हाईवे-25 पर गुरुवार शाम करीब 4 बजे हुआ, जहां एक स्लीपर बस ओवरटेक के दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का ड्राइवर साइड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर ही 6 लोगों की मौत हो गई।
यह भी पढ़ें:- बोलिविया में वायुसेना का विमान क्रैश, 15 लोगों की मौत, सड़क पर बिखरे नोट
बस जोधपुर से सांचौर जा रही थी। एसडीएम अशोक कुमार के मुताबिक बस चालक दो वाहनों को ओवरटेक कर रहा था, तभी सामने से आ रहे ट्रेलर से सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में 3 और 6 साल के दो सगे भाइयों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान नरपत (50) निवासी चितलवाना, नगाराम (38) निवासी सायला, अनुषा (22) निवासी दांता, शिवराज (3) और युवराज (6) निवासी बागोड़ा के रूप में हुई है। इसके अलावा सांचौर निवासी अनुषा (22) की भी मौत हो गई, जो जोधपुर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। वाणिज्य कर विभाग में एलडीसी पद पर तैनात नरपत (30) की भी जान चली गई। दोनों होली की छुट्टियों में गांव लौट रहे थे।

9 घायलों का इलाज जारी
हादसे में 9 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें पहले कल्याणपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां से 8 को जोधपुर के मथुरा दास माथुर अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल प्रशासन ने अतिरिक्त डॉक्टरों की टीम तैनात कर इलाज शुरू किया। 6 शवों को बालोतरा के नाहटा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल और बाड़मेर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने हादसे पर गहरा दुख जताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। (Accident in Rajasthan Chhattisgarh)
छत्तीसगढ़ में एक ही परिवार के 4 की मौत
वहीं छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर 26 फरवरी को देर रात करीब 2 बजे हादसा हुआ, जहां सकरी-रतनपुर की ओर से आ रहे ट्रेलर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और रॉन्ग साइड में घुसते हुए सामने से आ रही स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। हादसा सम्बलपुरी गांव स्थित यादव ढाबा के सामने हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर पलट गया और स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। वाहन में सवार 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। घायल को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सवार सभी लोग एक शादी की 25वीं सालगिरह में शामिल होकर लौट रहे थे। खुशियां कुछ ही पलों में मातम में बदल गई।

देश में सड़क हादसों के आंकड़े चिंताजनक
पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने हाल ही में सड़क सुरक्षा पर आयोजित एक कार्यक्रम में बताया कि देश में हर साल करीब 5 लाख सड़क हादसे होते हैं, जिनमें 1.80 लाख लोगों की मौत हो जाती है। उन्होंने बताया कि ओवरस्पीडिंग से हर साल लगभग 1.20 लाख मौतें, हेलमेट न पहनने से 54 हजार से ज्यादा मौतें, सीट बेल्ट न लगाने से 14 हजार से ज्यादा मौतें और 18 साल से कम उम्र के 10 हजार से ज्यादा बच्चों की जान सड़क हादसों में जाती है। सड़क हादसों से देश की जीडीपी को लगभग 3 प्रतिशत का आर्थिक नुकसान होता है। (Accident in Rajasthan Chhattisgarh)
सावधानी से चलाएं गाड़ी
राजस्थान और छत्तीसगढ़ में हुए ये दो हादसे एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। तेज रफ्तार, लापरवाही और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी लगातार जिंदगियां लील रही है। प्रशासन जांच में जुटा है, लेकिन जरूरत है सख्त पालन और जागरूकता की, ताकि त्योहारों की खुशियां मातम में न बदलें। सवाल यही है कि आखिर रफ्तार पर लगाम कब लगेगी ? हम अपील करते हैं कि नियमों का पालन करते हुए सावधानी से गाड़ी चलाएं। क्योंकि सड़क पर सावधानी ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। (Accident in Rajasthan Chhattisgarh)



