Google Analytics —— Meta Pixel

इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष जारी, प्रधानमंत्री मोदी ने कई देशों के नेताओं से की बातचीत

Modi on Israel Iran Conflict: इजराइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष के कारण पश्चिम एशिया में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। इस बीच भारत ने कूटनीतिक स्तर पर सक्रिय पहल करते हुए क्षेत्र के कई प्रमुख देशों से संपर्क साधा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कतर, कुवैत, ओमान, जॉर्डन, सऊदी अरब और बहरीन के शीर्ष नेताओं से फोन पर बातचीत कर मौजूदा स्थिति पर चर्चा की और भारत का रुख स्पष्ट किया।प्रधानमंत्री मोदी ने कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी से बातचीत की। उन्होंने कतर की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के किसी भी उल्लंघन की कड़ी निंदा की।

यह भी पढे़ं:- आज दुनिया की अर्थव्यवस्था में चल रहा बदलाव, बाजार अब सिर्फ लागत नहीं देखता, वे स्थिरता भी देखते हैं: PM मोदी

दोनों नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए संवाद और कूटनीति ही सबसे प्रभावी रास्ता है। प्रधानमंत्री ने कतर में रह रहे भारतीय समुदाय को दिए जा रहे सहयोग और समर्थन के लिए अमीर का आभार भी व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर लिखा- मैंने अपने भाई कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी से बात की। हम कतर के साथ पूरी तरह से खड़े हैं और उसकी सॉवरेनिटी और टेरिटोरियल इंटीग्रिटी के किसी भी उल्लंघन की कड़ी निंदा करते हैं। हमने बातचीत और डिप्लोमेसी के जरिए इलाके में शांति और स्थिरता बहाल करने की तुरंत जरूरत पर जोर दिया। मैंने इस मुश्किल समय में कतर में भारतीय समुदाय के लिए उनके लगातार सपोर्ट और देखभाल के लिए भी उनकी तारीफ की।

कुवैत के क्राउन प्रिंस से बात

प्रधानमंत्री ने कुवैत के क्राउन प्रिंस शेख सबाह अल-खालिद अल-हमद अल-मुबारक अल-सबाह से भी टेलीफोन पर बातचीत की। उन्होंने कहा कि भारत कुवैत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के उल्लंघन की निंदा करता है और इस कठिन समय में कुवैत की जनता के साथ खड़ा है। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए कूटनीतिक बातचीत की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने कुवैत में भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वहां के नेतृत्व की सराहना की। PM मोदी ने ट्वीट कर लिखा- कुवैत के क्राउन प्रिंस शेख सबा अल-खालिद अल-हमद अल-मुबारक अल-सबाह के साथ फोन पर अच्छी बातचीत हुई। भारत कुवैत की सॉवरेनिटी और टेरिटोरियल इंटीग्रिटी के उल्लंघन की निंदा करता है और इस मुश्किल समय में उसके लोगों के साथ खड़ा है। उन्होंने आगे कहा कि हमने इलाके में शांति और स्थिरता बहाल करने में बातचीत और डिप्लोमेसी के महत्व पर जोर दिया। कुवैत में भारतीय समुदाय की सुरक्षा और भलाई पक्का करने के लिए कुवैती लीडरशिप के लगातार सपोर्ट की तारीफ की।

ओमान के सुल्तान से बातचीत

प्रधानमंत्री मोदी ने ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक से भी बातचीत की। उन्होंने ओमान की संप्रभुता के उल्लंघन की निंदा की और पश्चिम एशिया की स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान किया। दोनों नेताओं ने सहमति जताई कि शांति की बहाली के लिए निरंतर कूटनीतिक प्रयास बेहद जरूरी हैं। प्रधानमंत्री ने ओमान में भारतीय समुदाय को मिल रहे सहयोग की भी सराहना की। PM मोदी ने X पर पोस्ट कर लिखा- हिज मैजेस्टी सुल्तान हैथम बिन तारिक से बात की और वेस्ट एशिया में हाल के डेवलपमेंट्स पर विचार शेयर किए। ओमान की सॉवरेनिटी और टेरिटोरियल इंटीग्रिटी के उल्लंघन की निंदा की। हम इस बात पर सहमत हुए कि रीजनल शांति और स्टेबिलिटी को जल्द से जल्द वापस लाने के लिए लगातार डिप्लोमैटिक एंगेजमेंट जरूरी है। इंडियन कम्युनिटी को ओमान के लगातार सपोर्ट के लिए बहुत शुक्रिया।

2 मार्च को भी कई नेताओं से की थी बात

2 मार्च को प्रधानमंत्री मोदी ने जॉर्डन के राजा जॉर्डन के अब्दुल्ला द्वितीय से बातचीत की थी। प्रधानमंत्री ने क्षेत्र में बदलते हालात पर गहरी चिंता जताई और जॉर्डन की जनता की शांति, सुरक्षा और कल्याण के प्रति भारत का समर्थन दोहराया। उन्होंने जॉर्डन में रह रहे भारतीय समुदाय की देखभाल के लिए राजा का आभार व्यक्त किया। PM मोदी ने ट्वीट कर लिखा- जॉर्डन के राजा, हिज मैजेस्टी किंग अब्दुल्ला II से बात की। इलाके में बदलते हालात पर अपनी गहरी चिंता बताई। हम शांति, सुरक्षा और जॉर्डन के लोगों की भलाई के लिए अपना सपोर्ट दोहराते हैं। मैंने इस मुश्किल समय में जॉर्डन में भारतीय समुदाय का ध्यान रखने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। (Modi on Israel Iran Conflict)

सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस से चर्चा

प्रधानमंत्री ने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान से भी बातचीत की थी। उन्होंने सऊदी अरब पर हाल के हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह उसकी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन है। दोनों नेताओं ने सहमति जताई कि क्षेत्र में जल्द से जल्द शांति बहाल होना बेहद जरूरी है। प्रधानमंत्री ने सऊदी अरब में भारतीय समुदाय की भलाई का ध्यान रखने के लिए धन्यवाद भी दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने बहरीन के शाह हमद बिन ईसा अल खलीफा से भी टेलीफोन पर बातचीत की। उन्होंने बहरीन पर हुए हालिया हमलों की निंदा की और इस कठिन समय में बहरीन की जनता के साथ भारत की एकजुटता व्यक्त की। (Modi on Israel Iran Conflict)

भारत का स्पष्ट संदेश

प्रधानमंत्री ने बहरीन में रह रहे भारतीय समुदाय को दिए जा रहे सहयोग के लिए शाह का आभार जताया। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत ने साफ किया है कि वह क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और संवाद का समर्थक है। प्रधानमंत्री मोदी ने सभी नेताओं से बातचीत में एक समान संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान होना चाहिए। किसी भी तरह के हमलों और हिंसा की निंदा की जानी चाहिए। शांति बहाली के लिए कूटनीति और संवाद ही एकमात्र रास्ता है। विदेशों में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा भारत की प्राथमिकता है। इस तरह भारत ने एक संतुलित और जिम्मेदार कूटनीतिक रुख अपनाते हुए पश्चिम एशिया के देशों के साथ अपने मजबूत संबंधों को दोहराया है।

Back to top button
error: Content is protected !!