प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के नए PM बालेन शाह को दी बधाई, कहा- नई ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे दोनों देशों के संबंध

PM Modi on Nepal: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) की शानदार जीत और युवा नेता बालेन शाह को नई सरकार बनाने के लिए बधाई दी है। PM मोदी ने आरएसपी के अध्यक्ष रबी लामिछाने और वरिष्ठ नेता बालेन शाह से टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने दोनों नेताओं को चुनावी सफलता के लिए शुभकामनाएं दी और भारत-नेपाल के बीच विकास, समृद्धि और दोनों देशों की भलाई के लिए सहयोग की प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि हमारे साझा प्रयासों से आने वाले सालों में भारत और नेपाल के संबंध नई ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे।
यह भी पढे़ं:- युवा शक्ति ही देश की सबसे बड़ी पूंजी, AI, डिजिटल इकोनॉमी और स्किल पर बढ़ेगा फोकस: PM मोदी
बता दें कि 5 मार्च को संपन्न हुए राष्ट्रीय चुनाव में बालेन शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को झापा-5 सीट से भारी मतों से हराया। बालेन शाह को 68,348 वोट मिले, जबकि ओली को मात्र 18,734 वोट मिले। नेशनल स्वतंत्र पार्टी ने 165 संसदीय सीटों में से 124 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया। नेपाली कांग्रेस 17 और नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी 8 सीटों तक सीमित रही। बालेन शाह पेशे से स्ट्रक्चरल इंजीनियर और पहले काठमांडू के मेयर रह चुके हैं। राजनीति में आने से पहले वह रैपर भी थे। अब वह नेपाल के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। (PM Modi on Nepal)
Gen-Z आंदोलन के बाद हुआ बदलाव
पिछले साल सितंबर में हुए Gen-Z आंदोलन ने नेपाल की राजनीति में युवाओं की भागीदारी बढ़ाई और पारंपरिक दलों के खिलाफ एंटी-एस्टैब्लिशमेंट भावना मजबूत की। बालेन शाह और उनकी पार्टी ने भ्रष्टाचार और व्यवस्था बदलने के वादों के साथ युवा मतदाताओं का समर्थन हासिल किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक और यूट्यूब ने चुनाव में अहम भूमिका निभाई। इस बार RSP ने 90 में से 72 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि नेपाली कांग्रेस तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनी। बालेन शाह की सरकार के सामने कई चुनौतीपूर्ण मुद्दे हैं। (PM Modi on Nepal)
देश में स्थिरता और विकास की नई उम्मीद: विशेषज्ञ
अधिकांश नए सांसदों के पास प्रशासनिक अनुभव सीमित है। उन्हें नौकरशाही के साथ तालमेल बैठाना होगा और रोजगार सृजन जैसे चुनावी वादों को पूरा करना चुनौतीपूर्ण होगा। संवैधानिक सुधार, संघीय व्यवस्था और धर्म जैसे संवेदनशील मुद्दों पर संतुलित नीति बनाने की भी आवश्यकता होगी। विदेश नीति में भारत और चीन के साथ संतुलन बनाए रखना, विकास और ऊर्जा सहयोग बढ़ाना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। आरएसपी की जीत और बालेन शाह का उदय नेपाल में युवा नेतृत्व और पारंपरिक राजनीति में बदलाव का प्रतीक है। विशेषज्ञ इसे देश में राजनीतिक स्थिरता और विकास की नई उम्मीद मान रहे हैं।



