नेपाल में भारतीय श्रद्धालुओं से भरी बस खाई में गिरी, 7 लोगों की मौत, 7 गंभीर रूप से घायल

Bus Accident in Nepal: नेपाल के गोरखा जिले में शनिवार देर रात भारतीय श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक माइक्रो बस गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई। जबकि 7 गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी यात्री मनकामना मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक श्रद्धालुओं को लेकर जा रही माइक्रो बस मनकामना मंदिर से लौटते समय अचानक सड़क से फिसल गई और करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में एक दर्जन से ज्यादा यात्री सवार थे।
हादसे में घायल हुए 7 लोगों को इलाज के लिए भरतपुर स्थित चितवन मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा। प्रशासन के मुताबिक माइक्रो बस मनकामना मंदिर से तनहुन जिले के अंबुखैरेनी इलाके की ओर जा रही थी। पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सड़क से फिसलने की वजह से बस खाई में गिर गई। (Bus Accident in Nepal)

गोरखा जिला ट्रैफिक पुलिस कार्यालय की ओर से बताया गया कि हादसे में मरने वालों में दो महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं और सभी भारतीय नागरिक हैं। मृतकों की पहचान मुथु कुमार (58), अनामालिक (58), मीनाक्षी (59), शिवगामी (53), विजयल (57), मीना (58) और तमिलरसी (60) के रूप में हुई है। हादसे में माइक्रो बस का ड्राइवर सुरक्षित बच गया, जबकि उसका सहायक घायल हो गया है। विश्व बैंक की एक रिपोर्ट के मुताबिक नेपाल में सड़क दुर्घटनाओं से होने वाला आर्थिक नुकसान 2007 के बाद तीन गुना बढ़ चुका है और यह देश के GNP (सकल राष्ट्रीय उत्पाद) का लगभग 1.5 प्रतिशत तक पहुंच गया है। (Bus Accident in Nepal)

रिपोर्ट के मुताबिक नेपाल में सड़क हादसों में मरने वालों में 70 प्रतिशत से ज्यादा पैदल यात्री, साइकिल सवार और बाइक सवार होते हैं। इससे पहले 23 फरवरी को नेपाल के धादिंग जिले में भी एक बड़ा हादसा हुआ था, जब पर्यटकों से भरी एक बस करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी। उस हादसे में 19 लोगों की मौत हो गई थी और 25 लोग घायल हुए थे। बस पोखरा से काठमांडू जा रही थी और उसमें 44 लोग सवार थे। मृतकों में एक ब्रिटिश नागरिक, एक चीनी महिला और एक भारतीय नागरिक भी शामिल थे। नेपाल में सड़क दुर्घटनाओं के पीछे कई कारण माने जाते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि पहाड़ी भूगोल, खराब सड़कें, मौसम और कमजोर बुनियादी ढांचा मिलकर नेपाल में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ा देते हैं।
नेपाल में सड़क हादसों के प्रमुख कारण
- देश का अधिकांश हिस्सा पहाड़ी और दुर्गम है, जहां सड़कों के किनारे गहरी खाइयां और ढलान हैं।
- कई इलाकों में सड़कें संकरी और घुमावदार हैं। सुरक्षा रेलिंग का अभाव है।
- मानसून के दौरान भूस्खलन और बाढ़ से सड़कें क्षतिग्रस्त हो जाती हैं।
- नेपाल भूकंप संभावित क्षेत्र में आता है, जिससे जमीन की अस्थिरता बनी रहती है।
- कई बार वाहन ओवरलोड होते हैं, पुराने होते हैं या ड्राइवरों को कठिन पहाड़ी रास्तों का पर्याप्त प्रशिक्षण नहीं मिलता।



