देशभर में हादसों का सिलसिला जारी, दम घुटने, गैस लीकेज और सड़क हादसों में कई लोगों की मौत

Accidents in India: देश के अलग-अलग राज्यों में हुए हादसों में कई लोगों की जान चली गई। आंध्र प्रदेश, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में दम घुटने, गैस लीकेज और सड़क हादसे के कारण लोगों की मौत हो गई। आंध्र प्रदेश के अन्नामय्या जिले में एक घर के अंदर बाइक का इंजन चालू रहने से दम घुटने की वजह से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मृतकों में तीन बच्चे और एक बुजुर्ग शामिल हैं। जानकारी के अनुसार घर के मालिक मुरली ने अपनी बाइक ठीक कराने के बाद मैकेनिक की सलाह पर उसे रातभर चालू रखा था, जिस कमरे में बाइक रखी गई थी, उसी कमरे में उनके पिता और तीन बच्चे सो रहे थे।
यह भी पढ़ें:- नेपाल में भारतीय श्रद्धालुओं से भरी बस खाई में गिरी, 7 लोगों की मौत, 7 गंभीर रूप से घायल
बाइक के धुएं से कमरे में जहरीली गैस भर गई, जिससे चारों का दम घुट गया और उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 इलाके में संदिग्ध गैस लीकेज के कारण ढाई साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी बड़ी बहन की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक घटना मयूर विहार फेज-3 स्थित आशीर्वाद अपार्टमेंट में हुई। घर के अंदर गैस जैसी तेज बदबू आने के बाद दो बच्चियां बेहोश हो गई। दोनों को तुरंत नोएडा के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने ढाई साल की सना खातून को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसकी बड़ी बहन का इलाज जारी है। (Accidents in India)
मुरादाबाद में तीन युवकों की मौत
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस, क्राइम टीम, डिजास्टर मैनेजमेंट और फोरेंसिक टीम ने फ्लैट का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में गैस रेगुलेटर के पास से लीकेज की आशंका जताई जा रही है। वहीं उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में सोमवार सुबह करीब 6 बजे दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। मूंढापांडे थाना क्षेत्र में मनकरा मोड़ के पास रामपुर की दिशा से आ रही एक कार आगे चल रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला और उन्हें मूंढापांडे सीएचसी पहुंचाया।

डॉक्टरों ने कार सवार चार युवकों में से तीन को मृत घोषित कर दिया, जबकि चौथे युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार मृतकों में से एक की पहचान उसकी जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर दयाल सिंह रावत, निवासी नैनीताल के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान यशदीप निवासी हल्द्वानी (उत्तराखंड) के रूप में हुई है। दिल्ली में देर रात ओखला अंडरपास के पास तेज रफ्तार ट्रक के पलटने से उसके ड्राइवर की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा करीब रात एक बजे हुआ। ट्रक तेज रफ्तार में था और आशंका है कि ड्राइवर नशे में था। हादसे के बाद ट्रक से गैस लीक होने की भी सूचना मिली, जिसके चलते पुलिस ने एहतियातन लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



