खल्लारी माता मंदिर में रोपवे टूटने से बड़ा हादसा, एक युवती की मौत, 16 घायल, रोपवे कंपनी और 2 स्टाफ पर FIR दर्ज

Khallari Ropeway Accident: महासमुंद में चैत्र नवरात्रि के दौरान खल्लारी माता मंदिर में बड़ा हादसा हुआ है। दरअसल, मंदिर परिसर में लगे रोपवे का केबल अचानक टूटने से दो ट्रॉली हादसे का शिकार हो गई, जिसमें 16 श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि एक युवती की मौत हो गई। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक चैत्र नवरात्रि के चौथे दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे। दर्शन के बाद कुछ लोग रोपवे ट्रॉली से नीचे उतर रहे थे, तभी अचानक केबल टूट गया।
यह भी पढ़ें:- गंगरेल नौकायान उत्सव में महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप, धमतरी में पहली बार ऐतिहासिक आयोजन
केबल टूटते ही ट्रॉली अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकराई और उसमें सवार लोग करीब 20 फीट नीचे गिर गए। इसी दौरान ऊपर की ओर जा रही दूसरी ट्रॉली भी संतुलन खो बैठी और नीचे गिर गई, जिससे उसमें बैठे लोग भी घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहली ट्रॉली में बैठे श्रद्धालु दर्शन कर वापस लौट रहे थे। इस बीच केबल टूटने से ट्रॉली चट्टानों से टकराई, जिससे यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। वहीं दूसरी ट्रॉली नीचे से ऊपर जा रही थी, जो संतुलन बिगड़ने के कारण गिर गई। इसमें सवार लोगों को हल्की चोटें आईं। हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरातफरी मच गई। (Khallari Ropeway Accident)

स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने तुरंत राहत बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को निजी वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। चैत्र नवरात्रि के कारण मंदिर में भारी भीड़ थी। स्थानीय लोगों ने रोपवे के रखरखाव में लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अगर समय-समय पर मेंटेनेंस और सुरक्षा जांच होती तो इस हादसे को टाला जा सकता था। जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। प्रारंभिक जांच में लापरवाही सामने आने पर रोपवे संचालक कंपनी ‘रोपवे और रिसॉर्ट प्राइवेट लिमिटेड, कोलकाता’ और दो स्थानीय कर्मचारियों बीरबल जंघेल और रामेश्वर यादव के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। (Khallari Ropeway Accident)

पुलिस ने कहा कि दोष सिद्ध होने पर सख्त कार्रवाई की बात कही गई है। मृतिका की पहचान रायपुर के राजातालाब की रहने वाली आयुषी धावरे (28) के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल ज्यादातर लोग भी रायपुर के रहने वाले हैं, जिनमें ऋषभ धावरे (29), पूर्वी नागेश्वर (7), छायांश धावरे (16), टिया नागेश्वर (3), तनलाल नागेश्वर (65), अमलेश नागेश्वर (30), हेमलाल नागेश्वर (38), कुमेश साहू (42), हेमिन नागेश्वर (62), टोमेश्वरी साहू (30), कुलशी नागेश्वर (35) और हर्ष साहू (9) शामिल हैं। वहीं महासमुंद के गोविंद स्वामी (65), कुशमिता स्वामी (10), नमिता स्वामी (48) और मानसी गोडरिया (12) का इलाज भी जारी है। (Khallari Ropeway Accident)
खल्लारी माता मंदिर का महत्व
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा कि घटना की जांच कराई जाएगी और कारणों का पता लगाया जाएगा। साथ ही घायलों के उपचार और देखभाल को प्राथमिकता दी जा रही है। महासमुंद से लगभग 25 किलोमीटर दक्षिण स्थित खल्लारी गांव की पहाड़ी पर यह प्रसिद्ध मंदिर स्थित है। यहां तक पहुंचने के लिए करीब 800 सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं। हर साल चैत्र और क्वांर नवरात्रि के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। चैत्र पूर्णिमा के अवसर पर यहां विशाल मेले का भी आयोजन होता है। धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक महाभारत काल में पांडव भी इस पहाड़ी पर आए थे, जहां भीम के पैरों के निशान होने का दावा किया जाता है। इसलिए इसे भीमखोज खल्लारी भी कहा जाता है।



