Medicine Price Hike – 1 अप्रैल से लगेगा दवाओं पर महंगाई का झटका, आम मरीजों की बढ़ेगी परेशानी

Medicine Price Hike : देशभर में 1 अप्रैल 2026 से आवश्यक दवाओं की कीमतों में बढ़ोतरी (Medicine Price Hike) होने जा रही है। सरकार के अधीन राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) ने इस संबंध में फैसला लिया है, जिससे आम जनता की जेब पर सीधा असर पड़ेगा।
यह भी पढ़े :- IAS रजत बंसल बने छत्तीसगढ़ के जनसंपर्क आयुक्त, CM सचिवालय में भी होंगे विशेष सचिव
NPPA ने राष्ट्रीय आवश्यक दवा सूची (NLEM) में शामिल दवाओं की कीमतों में लगभग 0.6% तक बढ़ोतरी (Medicine Price Hike) को मंजूरी दी है। इसके तहत देशभर में 1000 से अधिक जरूरी दवाएं महंगी हो जाएंगी, जिनका उपयोग बड़ी संख्या में मरीज नियमित रूप से करते हैं।
कीमत बढ़ने का असर कई प्रमुख दवाओं पर पड़ेगा, जिनमें पैरासिटामोल, इबुप्रोफेन, डिक्लोफेनाक जैसी दर्द व बुखार की दवाएं शामिल हैं। इसके अलावा डायबिटीज और ब्लड प्रेशर की दवाएं जैसे मेटफॉर्मिन, ग्लिमेपाइराइड, एमलोडिपिन और टेल्मिसर्टन भी महंगी होंगी।
दिल और कोलेस्ट्रॉल से जुड़ी दवाएं जैसे एटोरवास्टैटिन और एस्पिरिन, पेट संबंधी दवाएं पैंटोप्राजोल, ओमेप्राजोल तथा सांस की दवा सालबुटामोल भी इस बढ़ोतरी के दायरे में आएंगी।
इसके अलावा एंटीबायोटिक्स जैसे एमोक्सिसिलिन, अजीथ्रोमाइसिन और सिप्रोफ्लोक्सासिन सहित विटामिन, आयरन सप्लीमेंट्स, कुछ कैंसर रोधी दवाएं और वैक्सीन भी प्रभावित होंगी।
कीमतों में बढ़ोतरी सीमित रहेगी। उदाहरण के तौर पर, 100 रुपए की दवा अब लगभग 100.60 से 100.65 रुपए तक हो सकती है। हालांकि बढ़ोतरी मामूली है, लेकिन नियमित दवाएं लेने वाले मरीजों के मासिक खर्च में इसका असर महसूस हो सकता है।
वहीं, NLEM के बाहर की दवाओं की कीमतों में दवा कंपनियां सालाना 10% तक वृद्धि कर सकती हैं, जिससे कुछ दवाएं अपेक्षाकृत अधिक महंगी हो सकती हैं।



