अंबेडकर जयंती पर छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान, भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने

Politics on Ambedkar Jayanti: भारत के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर पूरे देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ में भी राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। एक ओर जहां नेताओं ने बाबासाहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की, वहीं दूसरी ओर उनके नाम पर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बाबासाहेब को नमन किया। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर की ओर से रचित संविधान आज भी देश के लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव है, जो हर नागरिक को समान अवसर, अधिकार और गरिमा के साथ जीवन जीने का अधिकार देता है।
यह भी पढ़ें:- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिया इस्तीफा, सम्राट चौधरी होंगे नए CM
मुख्यमंत्री साय ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र के साथ समावेशी विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिससे समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। अंबेडकर जयंती के मौके पर प्रदेश में सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई। भाजपा प्रवक्ता अनुराग अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहेब का अपमान किया है। उन्होंने कांग्रेस से अपने पुराने कृत्यों के लिए माफी मांगने की मांग की और कहा कि वास्तविक सम्मान भाजपा सरकार ने दिया है। इस पर कांग्रेस के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा और हिंदू महासभा के लोगों ने संविधान निर्माण का विरोध किया था। (Politics on Ambedkar Jayanti)

शुक्ला ने कहा कि भाजपा का इतिहास कमजोर है, इसलिए वह कांग्रेस पर आरोप लगाकर खुद को सही ठहराने की कोशिश करती है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों के लिए ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने बताया कि भाजपा पूरे देश में जयंती के अवसर पर कई कार्यक्रम आयोजित कर रही है, जो बूथ स्तर तक आयोजित किए जा रहे हैं। कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूछा कि अंबेडकर को चुनाव में हराने की साजिश किसने की और उन्हें भारत रत्न देने में देरी क्यों हुई। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की सरकार में विकसित पंच तीर्थ का भी उल्लेख किया। इस बीच बाबा साहेब के अनुयायियों ने कहा कि उनका व्यक्तित्व ऐसा हैं कि सबको उनके पास आना पड़ता है।
समरसता भोज का आयोजन
अंबेडकर जयंती के अवसर पर रायपुर के शंकर नगर स्थित दुर्गा मैदान में समरसता भोज का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान अलग-अलग समाजों के लोगों ने एक साथ बैठकर भोजन किया। मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं ने खुद लोगों को भोजन परोसा। साथ ही बाबा साहेब के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। अंबेडकर जयंती के अवसर पर जहां एक ओर देशभर में बाबासाहेब को श्रद्धांजलि दी जा रही है, वहीं छत्तीसगढ़ में यह दिन राजनीतिक बहस और आरोप-प्रत्यारोप का केंद्र बन गया है। स्पष्ट है कि डॉ. अंबेडकर के विचार और विरासत आज भी भारतीय राजनीति के केंद्र में बने हुए हैं। (Politics on Ambedkar Jayanti)



