देश में भीषण गर्मी का प्रकोप, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में 45°C के पार पारा, लू का भी अलर्ट
Extreme Heat in India: देश के उत्तरी-पश्चिमी राज्यों और मध्य भारत में अप्रैल महीने में ही भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने लगा है। शनिवार को छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव और महाराष्ट्र के वर्धा में तापमान 45°C के आसपास दर्ज किया गया, जबकि कई अन्य शहरों में भी पारा 43°C से ऊपर पहुंच गया। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत पूरे प्रदेश में गर्मी का असर साफ दिख रहा है, जहां तापमान करीब 44°C तक पहुंचने की संभावना है और अगले चार दिनों तक इसमें खास गिरावट के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कुछ इलाकों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 23.4°C दर्ज किया गया। कुछ जिलों में हल्की बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
यह भी पढ़ें:- अमेरिका में खौफनाक वारदात, एक शख्स ने 8 बच्चों को गोलियों से भूना, मृतकों में आरोपी के 7 अपने बच्चे शामिल
शनिवार को देश के सबसे गर्म शहरों में उत्तर प्रदेश का बांदा (44.6°C), तेलंगाना का आदिलाबाद (44.3°C), महाराष्ट्र के नागपुर और अमरावती (44.2°C) और मध्य प्रदेश का रतलाम (44°C) शामिल रहे। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के कई शहरों में तापमान 43°C से ज्यादा दर्ज किया गया, जो मई से पहले ही तेज गर्मी का संकेत है। मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़, ओडिशा और झारखंड में लगातार तीसरे दिन तापमान 40°C से ऊपर रहने के कारण रात में भी लू चलने का अलर्ट जारी किया है। गर्मी का असर देशभर में अलग-अलग रूप में देखने को मिल रहा है। झारखंड के रांची में चिड़ियाघर के जानवरों को ठंडक देने के लिए कूलर लगाए गए हैं, जबकि ओडिशा के नौ जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। वाराणसी में गंगा के घाट सुनसान नजर आ रहे हैं, वहीं बीकानेर में पक्षियों को बचाने के लिए पिंजरों पर पानी डाला जा रहा है। (Extreme Heat in India)
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश बारिश के आसार
हैदराबाद के चारमीनार में भीषण गर्मी के बावजूद पर्यटक छाते लेकर घूमते दिखे, जबकि प्रयागराज में छात्र सड़क किनारे गर्मी से बचने की कोशिश करते नजर आए। नागपुर में ट्रांसफार्मरों को ठंडा रखने के लिए वाटर कूलिंग सिस्टम का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसी बीच देश के पूर्वोत्तर और पहाड़ी इलाकों में मौसम का अलग ही मिजाज देखने को मिल रहा है। पश्चिम बंगाल, बिहार, सिक्किम, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कर्नाटक के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की संभावना है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी बारिश की चेतावनी दी गई है। जम्मू-कश्मीर के ऊपरी इलाकों में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है, जहां बांदीपोरा की गुरेज घाटी और गांदरबल के सोनमर्ग में बर्फ गिरने से मुगल रोड, श्रीनगर-कारगिल रोड और बांदीपोरा-गुरेज रोड समेत कई मार्ग बंद कर दिए गए हैं। (Extreme Heat in India)
लोगों को सतर्क रहने सलाह
मौसम विभाग के मुताबिक 20 और 21 अप्रैल को भी हालात ज्यादा बदलने वाले नहीं हैं। झारखंड, ओडिशा और राजस्थान में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है, जबकि तटीय इलाकों में उमस भरी गर्मी रहेगी। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश की संभावना है, वहीं छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में आंधी-तूफान और गरज-चमक हो सकती है। आंध्र प्रदेश, केरल, गोवा और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है। कुल मिलाकर देश इस समय मौसम के दो चरम रूपों का सामना कर रहा है, जिसमें भीषण गर्मी और बारिश-बर्फबारी शामिल हैं। इससे लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। (Extreme Heat in India)



