Google Analytics —— Meta Pixel

पश्चिम बंगाल चुनाव 2026: कोलकाता में स्ट्रॉन्ग रूम को लेकर जमकर विवाद, TMC-बीजेपी का एक-दूसरे पर लगाए आरोप

Kolkata Strong Room Controversy: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के बीच कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम के बाहर स्ट्रॉन्ग रूम को लेकर गुरुवार रात को जमकर विवाद हुआ, जो फिलहाल थम गया है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) की नेता शशि पांजा और कुणाल घोष ने धरना खत्म कर दिया है। हालांकि इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी जारी है। दरअसल, TMC नेताओं ने आरोप लगाया था कि भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग के अधिकारी पार्टी प्रतिनिधियों की मौजूदगी के बिना स्ट्रॉन्ग रूम खोलने की कोशिश कर रहे हैं। इसको लेकर दोनों नेता स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर धरने पर बैठ गए थे।

यह भी पढ़ें:- 1 मई से देश में हुए ये बड़े बदलाव, गैस सिलेंडर हुआ महंगा, ऑनलाइन गेमिंग पर बढ़ी सख्ती

TMC नेता कुणाल घोष ने कहा कि आप चुनाव आयोग की लाइवस्ट्रीमिंग और CCTV कैमरे में देख सकते हैं कि कुछ लोग अंदर काम कर रहे हैं। हमारा कोई भी प्रतिनिधि अंदर नहीं है। वे हमें अंदर नहीं जाने दे रहे हैं और दूसरे उम्मीदवारों से बात करने को कह रहे हैं। हम उनकी जिम्मेदारी क्यों लें? वहीं शशि पांजा ने चिंता जताते हुए कहा कि हमें यह जानने का अधिकार है कि अंदर क्या हो रहा है। अगर किसी राजनीतिक पार्टी को जानकारी नहीं दी जाती तो यह गंभीर गड़बड़ी है। पांजा ने आगे कहा कि अगर हमारी पार्टी को सूचित नहीं किया गया तो स्ट्रॉन्ग रूम खोला ही क्यों गया ? हमें पहले जानकारी दी जा सकती थी। इसी कारण हम धरने पर बैठे थे। इस सिस्टम में कमियां हैं। (Kolkata Strong Room Controversy)

कुणाल घोष ने भी सवाल उठाते हुए कहा कि कोई पारदर्शिता नहीं है। वे अपने लोगों को अंदर भेज रहे हैं, जो पोस्टल बैलेट से छेड़छाड़ कर रहे हैं। पार्टी इस पर आगे कार्रवाई करेगी। हालांकि इन आरोपों को खारिज करते हुए भाजपा नेताओं ने TMC पर अफवाह फैलाने का आरोप लगाया। मानिकतला से भाजपा उम्मीदवार तपस रॉय ने कहा कि यहां तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था है। हम स्ट्रॉन्ग रूम की निगरानी के लिए अपने लोग तैनात करेंगे। TMC हार की आशंका में अफवाह फैला रही है। एंटाली से भाजपा उम्मीदवार प्रियंका टिबरेवाल ने कहा कि चोर मचाए शोर। पूरी व्यवस्था CCTV निगरानी में है। TMC पहली बार चुनाव नहीं लड़ रही, उन्हें प्रक्रिया पता है।

धरना खत्म, लेकिन सवाल बरकरार

श्यामपुकुर से भाजपा उम्मीदवार पूर्णिमा चक्रवर्ती ने भी आरोप लगाया कि हार का डर उन्हें सता रहा है। उन्होंने गैर-कानूनी तरीके से धरना दिया और अफवाह फैलाने की कोशिश की। धरना समाप्त करने के बाद TMC नेता कुणाल घोष ने कहा कि जो हुआ वह चुनाव आयोग की गलती है। यह तय हुआ था कि बिना सूचना स्ट्रॉन्ग रूम नहीं खोला जाएगा। उन्होंने हमारी बात मानी है कि CCTV बढ़ाए जाएं और सब कुछ स्क्रीन पर दिखाया जाए। हमने अपने ऑब्जर्वेशन दे दिए हैं और अब धरना खत्म कर दिया है। हमारी टीम निगरानी करेगी और हम कानूनी तरीके से आगे बढ़ेंगे। उन्होंने आगे सवाल उठाया कि अगर हमने गलत काम का विरोध किया तो भाजपा इतनी परेशान क्यों है? इसका मतलब उनके इरादे ठीक नहीं थे। (Kolkata Strong Room Controversy)

इसी बीच भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं ने TMC की एक गाड़ी को रोक दिया, यह आरोप लगाते हुए कि उसमें संदिग्ध सामग्री है। हालांकि पुलिस की मौजूदगी में बाद में गाड़ी को जाने दिया गया। BJP कार्यकर्ता ने कहा कि TMC वाले डुप्लीकेट मशीनें लगाएंगे और उनके साथ छेड़छाड़ करेंगे। TMC की गाड़ी काउंटिंग सेंटर के बाहर क्या कर रही है ? एक अन्य कार्यकर्ता ने कहा कि CM यहां वोट लूटने आई थी। हमारे कार्यकर्ताओं को पीटा गया, जो लोग वोट लूटते हैं, वे ही वोट चोरी को एक नैरेटिव बना देते हैं। CM यहां क्यों आईं? पुलिस का कहना है कि उन्हें नहीं पता कि गाड़ी कैसे पार्क की गई थी। मेरे पास वीडियो सबूत हैं कि गाड़ी पुलिस ने ही पार्क की थी। यह एक साजिश है। यह उनकी वोट चोरी की कहानी है।

भाजपा नेता कीया घोष का तंज

भाजपा नेता कीया घोष ने कहा कि ममता बनर्जी जानती हैं कि 4 मई TMC गई। 4 मई भवानीपुर से ममता बनर्जी भी गई। TMC ने एक झूठा वीडियो पोस्ट करते हुए दावा किया कि केंद्रीय सुरक्षा बल लोगों के साथ मारपीट कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष और सांसद सामिक भट्टाचार्य ने कहा कि TMC हार से पहले ही हार चुकी है। ममता बनर्जी ये जानती हैं कि तृणमूल कांग्रेस की स्थिति क्या है। सरकार तो जा ही रही है, सरकार के साथ-साथ कुछ महीनों में पार्टी भी समाप्त हो जाएगी। दीपक बुझने से पहले थोड़ा फड़फड़ाता है और वही हो रहा है। ये ड्रामा कितने दिन पश्चिम बंगाल की जनता देखेगी? अब इसका कोई भी प्रभाव किसी पर भी नहीं पड़ने वाला है। (Kolkata Strong Room Controversy)

4 मई को मतगणना

BJP सांसद सौमित्र खान ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शुभेंदु अधिकारी से हार गईं, और TMC निश्चित रूप से पश्चिम बंगाल से पूरी तरह खत्म हो गई है। जनता ने TMC को वोट नहीं दिया। आप यह ड्रामा 2-3 दिनों तक देखेंगे। TMC को लगता है कि वे किसी भी तरह से EVM पर कब्जा कर सकते हैं, ठीक वैसे ही जैसे उन्होंने 2021 में किया था, लेकिन जनता और EC इसे स्वीकार नहीं करेंगे। TMC को जनादेश स्वीकार करना ही होगा। ममता बनर्जी अब पूर्व मुख्यमंत्री हैं और शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें हरा दिया है। कोलकाता में स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस बल तैनात है। राज्य में मतगणना 4 मई को होनी है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। स्ट्रॉन्ग रूम को लेकर शुरू हुआ विवाद फिलहाल शांत हो गया है, लेकिन TMC और BJP के बीच आरोप-प्रत्यारोप से चुनावी माहौल गर्म बना हुआ है। अब असली तस्वीर 4 मई को मतगणना के बाद ही साफ होगी।

Back to top button
error: Content is protected !!