बिहार के सासाराम स्टेशन पर ट्रेन की जनरल बोगी में लगी आग, एक दिन पहले राजधानी एक्सप्रेस में भी लगी थी आग

Fire in General Coach: बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सासाराम-आरा-पटना पैसेंजर ट्रेन की एक जनरल बोगी में अचानक आग लग गई। आग ट्रेन की D3 बोगी में लगी थी। घटना के दौरान ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर खड़ी थी और कुछ ही देर में रवाना होने वाली थी। आग लगते ही बोगी से धुआं और तेज लपटें उठने लगी, जिससे यात्रियों में भगदड़ जैसे हालात बन गए। यात्री अपनी जान बचाने के लिए जल्दबाजी में ट्रेन से उतरने लगे। कई लोग अपना सामान तक छोड़कर प्लेटफॉर्म की ओर भागे। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
यह भी पढ़ें:- तेज रफ्तार ट्रक ने मैजिक वाहन को मारी टक्कर, 9 लोगों की मौत, कई यात्री सीटों के बीच फंसे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सबसे पहले बोगी के अंदर से जलने की तेज गंध महसूस हुई। इसके बाद धीरे-धीरे धुआं भरने लगा और कुछ ही मिनटों में आग की लपटें दिखाई देने लगी। ट्रेन में बैठे यात्रियों को शुरुआत में कुछ समझ नहीं आया, लेकिन आग बढ़ती देख लोग तेजी से बाहर निकलने लगे। जानकारी के मुताबिक ट्रेन सुबह करीब 6:45 बजे सासाराम स्टेशन से खुलने वाली थी। अधिकांश यात्री अपनी सीटों पर बैठे ट्रेन के रवाना होने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान D3 कोच में आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कर्मी, आरपीएफ और दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। रेलवे कर्मचारियों और फायर ब्रिगेड ने मिलकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। रेलवे की पाइप लाइन से लगातार पानी डाला गया।

आग इतनी भीषण थी कि बीच-बीच में 4 से 5 बार फिर से धधक उठी, लेकिन कर्मचारियों ने लगातार प्रयास जारी रखा। करीब 30 मिनट में बाहरी हिस्से की आग पर काबू पा लिया गया, जबकि कोच के अंदर लगी आग को बुझाने में लगभग एक घंटा लग गया। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक आग बुझाने के अभियान में 20 से ज्यादा कर्मचारी जुटे रहे। कोच के अंदर लगी सीटें और अन्य सामान पूरी तरह जल गए, जिससे बोगी को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद आसपास की बोगियों में बैठे यात्री भी डर के कारण ट्रेन से उतरकर स्टेशन परिसर की ओर भाग गए। कुछ यात्रियों ने बताया कि धुआं देखते ही लोग घबराकर बाहर निकलने लगे और कई लोग अपना बैग और अन्य सामान भी अंदर छोड़ गए। (Fire in General Coach)

स्टेशन पर लगभग एक घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सुरक्षा के मद्देनजर प्लेटफॉर्म नंबर-6 को खाली करा दिया गया और यात्रियों की आवाजाही रोक दी गई। रेलवे प्रशासन ने आग लगी बोगी को ट्रेन से अलग कर दिया है। इसके बाद ट्रेन संचालन सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू की गई। हालांकि इस घटना के बाद ट्रेन को फिलहाल रद्द कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि रेलवे और आरपीएफ की टीम मामले की जांच कर रही है। आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही रेलवे और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने कहा कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
एक दिन पहले राजधानी एक्सप्रेस में भी लगी थी आग
उन्होंने बताया कि आग एक ही कोच तक सीमित रही और करीब एक घंटे के भीतर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ गई। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आग किन कारणों से लगी। बता दें कि रविवार को भी एक बड़ा रेल हादसा टल गया था। त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच B-1 में आग लग गई थी। यह घटना मध्य प्रदेश में आलोट के पास लूणी रीछा-विक्रमगढ़ स्टेशन के बीच सुबह करीब 5:15 बजे हुई थी। लगातार दो दिनों में ट्रेनों में आग लगने की घटनाओं ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। (Fire in General Coach)



