नॉर्वे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोले- आतंकवाद के हर रूप को जड़ से समाप्त करना हमारी साझी प्रतिबद्धता

PM Modi in Oslo: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नॉर्वे के ओस्लो में PM जोनास गहर स्टोर के साथ द्विपक्षीय और प्रतिनिधिमंडल बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि नॉर्वे की यात्रा करके मुझे बहुत खुशी हो रही है यह देश प्रकृति और मानवीय प्रगति के बीच सद्भाव का सुंदर उदाहरण है। सबसे पहले मैं पीएम का इस आत्मीयता भरे स्वागत के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। मैं पिछले साल नॉर्वे आने वाला था, लेकिन पहलगाम में हुए आतंकी हमले के कारण वो यात्रा स्थागित करनी पड़ी और उस कठिन समय में नॉर्वे ने आतंकवाद के विरुद्ध भारत के साथ मजबूती से खड़े होकर सच्ची मित्रता का परिचय दिया।
यह भी पढ़ें:- FIFA वर्ल्ड कप से पहले मेक्सिको में खूनी खेल, 10 लोगों की गोली मारकर हत्या, सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज विश्व एक अस्थिरता और अनिश्चिता के दौर से गुजर रहा है और यूक्रेन हो या वेस्ट एशिया दुनिया के कई हिस्सों में संघर्ष की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में भारत और यूरोप अपने संबंधों के एक नए स्वर्णिम युग में प्रवेश कर रहे हैं। पिछले वर्ष, भारत और यूरोपियन फ्री ट्रैड एसोसिएशन ने एक ऐतिहासिक व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौता लागू किया। यह समझौता भारत और नॉर्वे के बीच साझा प्रगति और समृद्धि सुनिश्चित करने का ब्लूप्रिंट है। इस समझौता में अगले 15 साल में भारत में 100 बिलियन डॉलर निवेश और 1 मिलियन नौकरी सृजन करने का लक्ष्य है। आज हम दोनों ने इस समझौते के वचन को आउटकम्स में बदलने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। (PM Modi in Oslo)
हम संवाद और कूटनीति में विश्वास रखते हैं: PM मोदी
उन्होंने कहा कि आज हम भारत संबंधों को एक हरित रणनीतिक साझेदारी का स्वरूप दे रहे हैं। इस रणनीतिक साझेदारी से साफ ऊर्जा से लेकर जलवायु सुदृढ़ता और ग्रीन शिप भी हर क्षेत्र में भारत की स्केल, स्पीड और टैलेंट को नॉर्वे की तकनीक और पूंजी के साथ जुड़कर हमारी कंपनी वैश्विक समाधान विकसित करेगी। अनुसंधान, शिक्षा और नवाचार भी हमारे संबंधों के मजबूत पिलर बने हैं। भारत और नॉर्वे दोनों नियम-आधारित व्यवस्था, संवाद और कूटनीति में विश्वास रखते हैं। हम एकमत हैं कि केवल सैन्य संघर्ष से किसी भी मुद्दे का समाधान नहीं निकल सकता। यूक्रेन हो या पश्चिमी एशिया, हम संघर्ष की जल्द समाप्ति और शांति के हर प्रयास का समर्थन करते रहेंगे। हम इस बात पर भी एकमत हैं कि बढ़ते हुए वैश्विक चुनौतियां के समाधान के लिए वैश्विक संस्थाएँ का सुधार अनिवार्य है और आतंक के हर रूप को जड़ से समाप्त करना हमारी साझी प्रतिबद्धता है।
हमने कई MOU पर हस्ताक्षर किया: गहर
नॉर्वे के PM जोनास गहर स्टोर ने कहा कि दुनिया में अनिश्चितता और तेजी से हो रहे बदलावों, ध्रुवीकरण और संघर्षों के इस दौर में उन देशों के साथ संपर्क मजबूत करना और बनाना जरूरी है, जिनके साथ हम बुनियादी मूल्य साझा करते हैं। साझेदारियां मायने रखती हैं, खासकर उन लोकतंत्रों के बीच जो साझा हित रखते हैं और वैश्विक समुदाय में साझा नियमों का पालन करते हैं। इसी भावना के साथ, आपकी ओस्लो यात्रा महत्वपूर्ण है। यह भारत और नॉर्वे के बीच बढ़ती साझेदारी और कई क्षेत्रों में हमारे सहयोग को वास्तव में मजबूत करने की साझा महत्वाकांक्षा को दर्शाता है। हमने उच्च-तकनीकी गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाओं को विकसित करने, डिजिटल स्वास्थ्य, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अनुसंधान और स्वास्थ्य प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में घनिष्ठ सहयोग पर एक समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किया। (PM Modi in Oslo)
कल भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल
PM जोनास गहर स्टोर ने कहा कि मेरा मानना है कि एकतरफापन और अलगाव की तुलना में सहयोग से बेहतर परिणाम मिलते हैं, खासकर जब बात वैश्विक चुनौतियों की हो। हमें उन लोगों के खिलाफ खड़ा होना होगा, जो कूटनीति, व्यापार और प्रौद्योगिकी को हथियार के तौर पर इस्तेमाल करते हैं। आज हम अपने सामने मौजूद कुछ प्रमुख मुद्दों पर चर्चा कर पाए, जैसे कि यूक्रेन युद्ध और मध्य पूर्व युद्ध पर चर्चा किए। बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी 19 मई को ओस्लो में तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। इससे पहले उन्होंने नॉर्वे के ओस्लो में एक होटल पहुंचने पर एक सांस्कृतिक प्रस्तुति देखी। साथ ही भारतीय प्रवासियों और उनके स्वागत के लिए जमा हुए लोगों का अभिवादन किया। भारतीय समुदाय के एक सदस्य ने कहा कि PM मोदी के सामने प्रस्तुति देना हमारे लिए सम्मान की बात थी। यहां का माहौल अद्भुत था।



