Google Analytics —— Meta Pixel

देश के 51 हजार युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र, PM मोदी बोले- विकास यात्रा में जुड़ें युवा

PM Gave Job Card: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आयोजित 19वें रोजगार मेले में देशभर के 51 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी के लिए नियुक्ति पत्र सौंपे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित इस रोजगार मेले में देश के 47 शहरों के चयनित अभ्यर्थी शामिल हुए। नियुक्तियां रेलवे, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य विभाग, वित्तीय सेवा, उच्च शिक्षा समेत कई केंद्रीय विभागों और संस्थानों में दी गईं। इस दौरान प्रधानमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब वे देश की विकास यात्रा का हिस्सा बन चुके हैं और सरकार युवाओं को अवसर देने के लिए लगातार काम कर रही है। 

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर खींचतान, बैज बोले- सिंहदेव दिल्ली जाएं, टीएस बोले- मैं अभी भी सक्रिय, BJP ने कसा तंज 

PM मोदी ने युवाओं से संवाद भी किया और उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दी। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी पोस्ट कर कहा कि सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि रोजगार मेला युवाओं को पारदर्शी और तेज प्रक्रिया के जरिए सरकारी नौकरी देने का बड़ा माध्यम बन चुका है। सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं ताकि देश की विकास गति और मजबूत हो सके। रोजगार मेले की शुरुआत 22 अक्टूबर 2022 को की गई थी। उस समय प्रधानमंत्री ने देशभर में मिशन मोड में भर्ती अभियान चलाकर युवाओं को बड़े पैमाने पर सरकारी नौकरियां देने का लक्ष्य रखा था। (PM Gave Job Card)

पहले रोजगार मेले में 75 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए थे। इसके बाद लगातार अलग-अलग चरणों में रोजगार मेलों का आयोजन किया गया। 12 फरवरी 2024 को आयोजित 12वें रोजगार मेले में रिकॉर्ड 1 लाख से ज्यादा युवाओं को जॉइनिंग लेटर दिए गए थे। अब तक आयोजित 19 रोजगार मेलों के जरिए 12 लाख 50 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी मिल चुकी है। इससे पहले 24 जनवरी 2026 को आयोजित 18वें रोजगार मेले में प्रधानमंत्री मोदी ने 61 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे थे। उस दौरान उन्होंने कहा था कि सरकार युवाओं को नए अवसर देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। PM ने महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का जिक्र करते हुए कहा था कि आज देश के स्टार्टअप सेक्टर में बड़ी संख्या में महिलाएं डायरेक्टर की भूमिका निभा रही हैं और गांवों में भी महिलाएं रोजगार के नए मॉडल तैयार कर रही हैं। 

उन्होंने बताया था कि महिला स्वरोजगार दर में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है और हजारों बेटियों को रोजगार के अवसर मिले हैं। अक्टूबर 2022 से शुरू हुए रोजगार मेले के तहत पहले चरण में 75 हजार से ज्यादा, दूसरे में 71 हजार, तीसरे में 71 हजार, चौथे में 71 हजार, पांचवें में 70 हजार, छठे में 70 हजार, सातवें में 70 हजार, आठवें में 51 हजार, नौवें में 51 हजार, दसवें में 51 हजार, ग्यारहवें में 51 हजार, बारहवें में 1 लाख से ज्यादा, तेरहवें में 51 हजार, चौदहवें में 71 हजार, पंद्रहवें में 51 हजार, सोलहवें में 51 हजार, सत्रहवें में 51 हजार और अठारहवें रोजगार मेले में 61 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए थे। (PM Gave Job Card)

Back to top button
error: Content is protected !!