Google Analytics —— Meta Pixel

भीषण गर्मी का कहर, छत्तीसगढ़ में मोर, पाम सिवेट और सैकड़ों चमगादड़ों की मौत

Wildlife Deaths to Heat: छत्तीसगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी अब इंसानों के साथ-साथ वन्यजीवों पर भी भारी पड़ने लगी है। प्रदेश में लगातार चल रही हीटवेव और 45 डिग्री के पार पहुंचे तापमान के कारण कई जिलों में वन्यजीवों की मौत के मामले सामने आए हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक लू चलने की चेतावनी जारी की है, जबकि 29 मई से आंधी-बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। खैरागढ़ जिले के दल्लीखोली-लछना जंगल में मोर, पाम सिवेट समेत कई वन्यजीव मृत पाए गए हैं। वन विभाग के अधिकारियों ने आशंका जताई है कि भीषण गर्मी और हीट स्ट्रोक के कारण इन जानवरों की मौत हुई है। डीएफओ पंकज राजपूत के मुताबिक जंगलों में पानी की कमी और लगातार बढ़ते तापमान का असर वन्यजीवों पर साफ दिखाई दे रहा है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का टॉर्चर जारी, अगले दो दिन लू का अलर्ट, दुर्ग सबसे गर्म जिला

वहीं कांकेर जिले के सरोना गांव में हीटवेव के कारण करीब 500 चमगादड़ों की मौत हो गई। बालोद में भी गर्मी के चलते रोज 500 से ज्यादा चमगादड़ों की मौत हो रही है। इससे पहले कोरबा जिले के पाली क्षेत्र में भी लगभग 200 चमगादड़ मृत मिले थे। वन विभाग की टीम लगातार प्रभावित इलाकों की निगरानी कर रही है। प्रदेश में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ली। रायपुर समेत कई जिलों में तेज आंधी-तूफान और हल्की बारिश हुई। राजधानी रायपुर के देवपुरी इलाके में तेज हवा के कारण बिजली का पोल गिर गया, जबकि कई जगह पेड़ और बिजली के तार भी क्षतिग्रस्त हुए। (Wildlife Deaths to Heat)

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ में हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। हालांकि 29 मई से प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात, तेज हवा और बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। इस दौरान तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश में तीन अलग-अलग मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। उत्तर-पश्चिम ओडिशा के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश से ओडिशा तक ट्रफ लाइन और बिहार से तेलंगाना तक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका सक्रिय है।

Pre Monsoon Rains Arrive

इन सिस्टमों की वजह से बंगाल की खाड़ी से नमी पहुंच रही है, जिससे दोपहर की तेज गर्मी के बाद शाम में आंधी-तूफान और बारिश की स्थिति बन रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि कई दिनों से लगातार 44 से 45 डिग्री तापमान रहने के कारण जमीन अत्यधिक गर्म हो चुकी है। ऐसे में जब नमी वाली हवाएं पहुंचती हैं तो वे तेजी से ऊपर उठती हैं और आंधी-तूफान वाले बादल बनते हैं। इसके चलते 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलती हैं और अचानक बारिश या बिजली गिरने जैसी घटनाएं होती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।

Back to top button
error: Content is protected !!