रायगढ़ में लव जिहाद की कोशिश, पति पर जबरन धर्म परिवर्तन, मारपीट और बच्चों से पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगवाने का आरोप

Attempted to Love Jihad: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक महिला ने अपने पति मोहम्मद वसीम उर्फ वसीम रंगरेज पर गंभीर आरोप लगाते हुए महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि पति ने खुद को तलाकशुदा बताकर प्रेम संबंध बनाया और बाद में शादी कर ली, लेकिन शादी के बाद उस पर लगातार मुस्लिम रीति-रिवाज अपनाने, नमाज पढ़ने और कलमा पढ़ने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की जाती थी। कोरबा जिले की रहने वाली 35 साल की महिला के मुताबिक जोगीडीपा रे 43 साल के वसीम मोहम्मद से उसकी मुलाकात हुई थी। बातचीत के दौरान वसीम ने खुद को तलाकशुदा बताया, जिसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और साल 2021 में मुस्लिम रीति-रिवाज से शादी कर ली।
यह भी पढ़ें:- भारत में घटी घरेलू हिंसा, महिलाओं में मोटापा बढ़ा, इंटरनेट और बैंकिंग में भी बढ़ी भागीदारी
महिला का आरोप है कि शादी के समय वसीम ने अपनी पहली पत्नी और बच्चों की जानकारी छिपाई थी। बाद में उसे पता चला कि वसीम पहले से शादीशुदा है और उसने अपनी पहली पत्नी को तलाक भी नहीं दिया है। उसके पहले से पांच बच्चे हैं, जबकि महिला से उसके दो बच्चे हैं। पीड़िता ने बताया कि शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन बच्चों के जन्म के बाद पति का व्यवहार बदल गया। वह लगातार नमाज, रोजा और कलमा पढ़ने के लिए दबाव बनाने लगा। महिला का आरोप है कि वह रोजा भी रखती थी, इसके बावजूद पति उससे मारपीट करता था और कई बार घर से निकाल देता था। उसने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष की ओर से भी उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। (Attempted to Love Jihad)

मामले में सबसे गंभीर आरोप बच्चों को लेकर लगाया गया है। महिला का दावा है कि वसीम उसके और बच्चों से जबरन ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगवाता था। साथ ही हिंदुस्तान और भारतीय सेना के खिलाफ अपमानजनक बातें कहलवाता था। महिला का आरोप है कि बच्चों का ब्रेनवॉश किया जा रहा था और उन्हें यह बताया जा रहा था कि उनका मुल्क पाकिस्तान है। महिला ने पुलिस को कुछ वीडियो भी सौंपे हैं, जिनमें कथित तौर पर आरोपी बच्चों को ऐसे नारे सिखाते हुए दिखाई दे रहा है। पीड़िता का कहना है कि उसे डर था कि बच्चों की सोच और भविष्य पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि वसीम उसकी मजबूरी का फायदा उठाता रहा। मुस्लिम समाज में शादी के बाद उसके लिए अपने पुराने सामाजिक दायरे में लौटना आसान नहीं था, जिसका लाभ उठाकर पति लगातार उस पर दबाव और अत्याचार करता रहा।
अप्राकृतिक संबंध और प्रताड़ना के आरोप
पीड़िता ने अपने पति पर अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने और लगातार मानसिक उत्पीड़न करने के भी आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि वह सालों तक परिवार बचाने की कोशिश करती रही, लेकिन जब स्थिति असहनीय हो गई और बच्चों पर भी असर पड़ने लगा, तब उसने महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। जानकारी के मुताबिक वसीम मोहम्मद वर्तमान में एक आपराधिक मामले में जेल में बंद है। दरअसल, कुछ दिन पहले साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने बीड़पारा क्षेत्र में कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया था। इस मामले में इरशाद खान के साथ वसीम खान का नाम भी सामने आया था और उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। (Attempted to Love Jihad)
बजरंग दल ने की सख्त कार्रवाई की मांग
महिला का आरोप है कि वह अवैध शराब और गांजा कारोबार से भी जुड़ा हुआ है। पति के जेल जाने के बाद ही उसने हिम्मत जुटाकर महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने पुलिस से अपने और अपने दोनों बच्चों की सुरक्षा की मांग करते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इधर, मामले की जानकारी मिलने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने भी रायगढ़ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठन का कहना है कि अगर जांच में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो यह बेहद गंभीर मामला है और कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। फिलहाल महिला पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि महिला के लगाए गए सभी आरोपों, प्रस्तुत वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।



