Google Analytics —— Meta Pixel

पत्नी ने डंडे से पीट-पीटकर की पति की हत्या, फिर खुद थाने पहुंचकर किया आत्मसमर्पण

पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी

छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर शहर की शिवनगर कॉलोनी में पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी ने घरेलू विवाद के दौरान पति पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद महिला स्वयं थाने पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

मृतक की पहचान दीनदयाल कुशवाहा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गुलगंज क्षेत्र का निवासी था। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई, जिसके बाद कथित रूप से पत्नी ने डंडे से हमला कर दिया।

तलाक का मामला भी था लंबित

पुलिस के अनुसार दंपत्ति के बीच काफी समय से घरेलू कलह की स्थिति बनी हुई थी। विवाद इतना बढ़ चुका था कि दोनों ने न्यायालय में तलाक के लिए आवेदन भी किया था। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक तनाव को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।

घटना के बाद खुद पहुंची थाने

घटना के बाद आरोपी महिला सिविल लाइन थाने पहुंची और पुलिस अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

सिविल लाइन थाना प्रभारी आशुतोष क्षत्रिय ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

जुर्म स्वीकार करने का दावा

पुलिस के मुताबिक, महिला ने प्रारंभिक पूछताछ में घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की है। हालांकि, मामले से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच की जा रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

यह भी पढ़े :- बकरीद पोस्टर विवाद में नया मोड़: अमित जोगी की शिकायत पर FIR दर्ज, साइबर सेल ने शुरू की जांच

Back to top button
error: Content is protected !!