बिलासपुर में लव मैरिज की सजा, 8 जोड़ों का सामाजिक बहिष्कार, जीते जी करा दिया गया ‘मृत्युभोज’, रिश्तों पर समाज का अमानवीय फरमान
Social Boycott in Bilaspur: बिलासपुर जिले में समाज के अमानवीय फरमान ने भेदभाव और रूढ़िवादी सोच को फिर उजागर कर दिया है, जहां लव मैरिज करने वाले 8 दंपतियों और उनके परिवारों को समाज से पूरी तरह बहिष्कृत कर दिया गया। अलग-अलग ग्रामीण इलाकों में हुई इन घटनाओं ने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। मस्तूरी, तखतपुर, कोनी, रतनपुर और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग जातियों के युवकों और युवतियों ने अपनी मर्जी से अंतरजातीय प्रेम विवाह किया और कानूनन शादी भी की, लेकिन इसके बाद समाज के कुछ कथित ठेकेदारों और पदाधिकारियों ने इन विवाहों को परंपराओं के खिलाफ बताते हुए कई गांवों में बैठकें बुलाईं और अपने स्तर पर सजा तय कर दी।
यह भी पढ़ें:- CBSE 12वीं री-इवैल्यूएशन का पोर्टल हुआ लाइव, 6 जून तक कर सकेंगे आवेदन
इन परिवारों पर जो कार्रवाई की गई, वह बेहद चौंकाने वाली है। सामाजिक बहिष्कार घोषित किया गया। हुक्का-पानी बंद कर दिया गया। सार्वजनिक कुओं और संसाधनों से दूरी बना दी गई। मजदूरी और रोजगार तक पर रोक लगाने के आरोप लगे हैं। साथ ही सामाजिक कार्यक्रमों में पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। पीड़ितों का कहना है कि उन्हें गांव में अछूत की तरह जीवन जीने को मजबूर किया गया। इस पूरे मामले में सबसे भयावह और अमानवीय पहलू वह है, जहां कई मामलों में दंपतियों को जीवित रहते हुए ही समाज से मृत घोषित कर दिया गया। कुछ गांवों में प्रतीकात्मक रूप से 13वीं और मृत्युभोज का आयोजन कर यह संदेश दिया गया कि ये लोग अब समाज के लिए मर चुके हैं।
दबाव, धमकी और जुर्माना वसूली के आरोप
यह कदम न सिर्फ सामाजिक बहिष्कार था, बल्कि पीड़ित परिवारों के अनुसार यह मानसिक प्रताड़ना की चरम सीमा थी। पीड़ित परिवारों का आरोप है कि सामाजिक बैठकों में उन्हें बार-बार बुलाकर अपमानित किया गया। समाज में वापसी के नाम पर भारी जुर्माने की मांग की गई। कई मामलों में आर्थिक दंड वसूला गया। पैसे लेने के बाद भी बहिष्कार जारी रखा गया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकियां दी गईं। कुछ मामलों में यह भी सामने आया कि पहले परिवारों से रकम वसूलकर उन्हें समाज में वापस लिया गया, लेकिन शादी करने वाले जोड़ों को फिर भी अलग-थलग रखा गया। मस्तूरी क्षेत्र में कुछ जोड़ों का विवाह के बाद जीते जी मृत्युभोज कराया गया और सामाजिक कार्यक्रमों से पूरी तरह बाहर कर दिया गया। (Social Boycott in Bilaspur)
मृत घोषित कर प्रतीकात्मक गमी भोज
कोनी और घुटकू में एक दंपत्ति को कागजों में मृत घोषित कर प्रतीकात्मक गमी भोज कराया गया। तखतपुर और कवर्धा लिंक में विवाह करने पर परिवार को डराकर सामाजिक दंड वसूला गया और जोड़े का बहिष्कार जारी रखा गया। रतनपुर क्षेत्र में कई युवकों के परिवार को वापस समाज में शामिल कर लिया गया, लेकिन दंपतियों का हुक्का-पानी आज भी बंद है। पीड़ित परिवारों का कहना है कि वे अब सामान्य जीवन नहीं जी पा रहे हैं। गांव में सामाजिक पहचान पूरी तरह खत्म कर दी गई है। रिश्तेदारों और समाज ने दूरी बना ली है, जिससे परिवार सामाजिक रूप से अलग-थलग पड़ गया है। इस बहिष्कार का सीधा असर बच्चों और पूरे परिवार के जीवन पर भी देखने को मिल रहा है, जहां उनका सामान्य सामाजिक जुड़ाव लगभग समाप्त हो गया है। लगातार डर, तनाव और मानसिक दबाव के बीच ये परिवार हर दिन असुरक्षा में जीने को मजबूर हैं। (Social Boycott in Bilaspur)
प्रशासन तक पहुंचा मामला
लगातार बढ़ते उत्पीड़न के बाद सभी पीड़ित परिवार कलेक्टर कार्यालय और पुलिस प्रशासन के पास पहुंचे हैं। उन्होंने मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच हो। सामाजिक बहिष्कार और अवैध दंड पर रोक लगे। दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई हो। पीड़ित परिवारों को सुरक्षा प्रदान की जाए। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कार्रवाई का आश्वासन दिया है। यह पूरा मामला समाज के उस चेहरे को उजागर करता है, जहां आज भी प्रेम विवाह, जातिगत सीमाओं से बाहर रिश्ते और व्यक्तिगत स्वतंत्रता को अपराध की तरह देखा जाता है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या 21वीं सदी में अपनी पसंद से शादी करना इतना बड़ा अपराध है कि इंसान को जीते जी समाज से खत्म कर दिया जाए ? यह घटना न सिर्फ सामाजिक कुरीतियों पर सवाल खड़ा करती है, बल्कि समानांतर सामाजिक पंचायतों और उनके फैसलों की वैधता पर भी गंभीर बहस को जन्म देती है।



