Google Analytics —— Meta Pixel

दिल्ली होटल आग पर वर्ल्ड मीडिया की तीखी प्रतिक्रिया, अल जजीरा ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल, BBC ने कहा- इलाज के लिए आए विदेशी भी बने शिकार

World Media on Delhi Fire: दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे होटल में बुधवार सुबह लगी भीषण आग अब सिर्फ एक घरेलू हादसा नहीं रह गई है, बल्कि इसने अंतरराष्ट्रीय मीडिया में भी व्यापक चर्चा छेड़ दी है। इस हादसे में 21 लोगों की मौत हुई है, जिनमें 11 विदेशी नागरिक शामिल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। घटना की गंभीरता और बड़ी संख्या में विदेशी नागरिकों की मौत के चलते अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, स्पेन और एशिया के प्रमुख मीडिया संस्थानों ने इस पर रिपोर्ट प्रकाशित की है।

यह भी पढ़ें:- डिजिटल दुनिया में बढ़ता साइबर खतरा, एक क्लिक की चूक और खाली हो सकता है बैंक खाता, जानिए कैसे रहें सुरक्षित ?

कतर के प्रमुख मीडिया संस्थान अल जजीरा ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि भारत में इस तरह की आग की घटनाएं अक्सर सामने आती हैं और कई इमारतों में बुनियादी सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाता। रिपोर्ट के मुताबिक आग लगने के बाद इमारत के अंदर घना धुआं फैल गया, जिससे लोग बाहर नहीं निकल सके। कई लोगों ने जान बचाने के लिए खिड़कियों तक का सहारा लिया। स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों ने मिलकर बचाव कार्य चलाया और दर्जनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। अल जजीरा ने यह भी उल्लेख किया कि भारत में शहरी क्षेत्रों में कई बार सुरक्षा नियमों की अनदेखी बड़े हादसों का कारण बनती है। BBC(ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन) ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि मृतकों में कई विदेशी नागरिक शामिल हैं, जो भारत में इलाज के लिए आए थे और पास के अस्पतालों में इलाज ले रहे थे।

गेस्ट हाउस के रूप में इस्तेमाल की जा रही थी इमारत: BBC 

रिपोर्ट के मुताबिक यह इमारत एक गेस्ट हाउस के रूप में इस्तेमाल की जा रही थी, जहां मरीज और उनके परिजन ठहरते थे। आग लगने के बाद स्थिति इतनी भयावह हो गई कि कई लोग ऊपरी मंजिलों में फंस गए। दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद ने कहा है कि यह जांच की जा रही है कि इमारत को गेस्ट हाउस के रूप में उपयोग की अनुमति थी या नहीं। यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्पेन के प्रमुख अखबार एल पैस ने रिपोर्ट किया कि दमकल विभाग को आग की सूचना देर से मिली, जिससे बचाव कार्य में देरी हुई। प्रशासन के मुताबिक आग की शुरुआत निचली मंजिल पर स्थित रेस्तरां से होने की आशंका है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्ट में कहा गया कि दिल्ली जैसे घनी आबादी वाले शहरों में ऐसी घटनाएं ज्यादा खतरनाक हो जाती हैं। (World Media on Delhi Fire)

जर्मन मीडिया DW ने कहा- रेस्तरां से आग की आशंका

जर्मनी के डॉयचे वेले (DW) ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि शुरुआती जांच में आग की शुरुआत बेसमेंट या निचली मंजिल पर स्थित रेस्तरां से होने की आशंका जताई जा रही है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि घने धुएं के कारण लोग इमारत के अंदर ही फंस गए और स्थिति तेजी से नियंत्रण से बाहर हो गई। ब्रिटिश अखबार द सन ने घटना को भयावह बताते हुए लिखा कि कई लोगों को अपनी जान बचाने के लिए खिड़कियों और बालकनियों से कूदना पड़ा। स्थानीय लोगों ने सड़क पर गद्दे और कपड़े बिछाकर लोगों को बचाने की कोशिश की। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में इमारत से उठती आग की ऊंची लपटें और घना धुआं स्पष्ट दिखाई दे रहा है। बांग्लादेश के प्रमुख अखबार द डेली स्टार ने लिखा कि बचाव दल ने कई घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और 40 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। रिपोर्ट में कहा गया कि मृतकों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं और सभी की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा 

दिल्ली की यह आग अब सिर्फ एक स्थानीय हादसा नहीं रह गई है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गई है। अलग-अलग देशों के मीडिया ने जहां एक ओर राहत और बचाव कार्य की सराहना की है, वहीं भारत की शहरी इमारतों में सुरक्षा मानकों और नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल भी उठाए हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घटना सिर्फ एक इमारत में लगी आग नहीं, बल्कि सिस्टम की उन खामियों की ओर इशारा करती है जहां सुरक्षा नियमों की अनदेखी कई जिंदगियों पर भारी पड़ जाती है। अब देखना होगा कि जांच रिपोर्ट में क्या सच सामने आता है और क्या भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए कोई ठोस कदम उठाए जाते हैं या नहीं। (World Media on Delhi Fire)

Back to top button
error: Content is protected !!