ज्वेलरी फैक्ट्री में बड़ा हादसा: जहरीली गैस की चपेट में आने से 4 मजदूरों की मौत
सूरत। गुजरात के सूरत शहर में आज रविवार सुबह एक ज्वेलरी निर्माण इकाई में दर्दनाक हादसा हो गया। अश्विनी कुमार क्षेत्र स्थित फैक्ट्री में टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से चार मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों में एक सुपरवाइजर और तीन श्रमिक शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, जिस टैंक की सफाई की जा रही थी, उसमें आभूषणों की सफाई प्रक्रिया से निकलने वाले रासायनिक अवशेष और कचरा जमा था। नियमित रखरखाव के तहत इसकी सफाई की जा रही थी। इसी दौरान टैंक के अंदर मौजूद जहरीली गैस के कारण चारों लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जोन-1 के पुलिस उपायुक्त आलोक कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मजदूरों के पास आवश्यक सुरक्षा उपकरण नहीं थे। जानकारी के अनुसार, सुपरवाइजर ने टैंक में उतरने से पहले फायर ब्रिगेड को सूचना दी थी, लेकिन सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन नहीं किया गया।
पुलिस ने मामले में आकस्मिक मृत्यु का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी। फिलहाल दम घुटने और जहरीली गैस के प्रभाव को मौत की मुख्य वजह माना जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि फैक्ट्री प्रबंधन की भूमिका, सुरक्षा नियमों के पालन और संभावित लापरवाही की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



