Google Analytics —— Meta Pixel

फिलीपींस में 7.8 तीव्रता के भूकंप से 32 लोगों की मौत, सुनामी की लहरों ने बढ़ाई तबाही, 138 आफ्टरशॉक से दहला देश

Death in Philippines Earthquake: फिलीपींस में सोमवार सुबह आए 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। मिंडानाओ द्वीप के पास समुद्र में आए इस भूकंप के कारण कई इमारतें ढह गईं, सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं और सुनामी की लहरों ने तटीय क्षेत्रों में दहशत फैला दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस प्राकृतिक आपदा में 32 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 200 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक भूकंप भारतीय समयानुसार सुबह 5:07 बजे दर्ज किया गया। इसका केंद्र मिंडानाओ द्वीप के पास समुद्र में सारंगानी प्रांत के मासीम कस्बे से लगभग 32 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में और 33 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। विशेषज्ञों ने इसे साल 2026 में फिलीपींस का सबसे शक्तिशाली भूकंप बताया है।

यह भी पढ़ें:- PoK में हिंसा भड़की, प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प में 11 की मौत, 70 से ज्यादा घायल, 27 जुलाई को होने हैं विधानसभा चुनाव

भूकंप के झटके इतने तेज थे कि कई बहुमंजिला इमारतें कुछ ही सेकंड में धराशायी हो गईं। जनरल सैंटोस, दावाओ और आसपास के क्षेत्रों में दुकानों, व्यावसायिक परिसरों, स्कूलों और सरकारी भवनों को भारी नुकसान पहुंचा है। सोशल मीडिया और स्थानीय मीडिया में सामने आए वीडियो में देखा गया कि कई मॉल और व्यावसायिक इमारतों की दीवारें भरभराकर गिर गईं। बिजली के खंभे हिलते दिखाई दिए और सड़कों पर खड़े वाहन कंपन के कारण डगमगाने लगे। कई जगहों पर वाटर टैंक से पानी बाहर छलकता नजर आया। दावाओ शहर में अस्पतालों को भी नुकसान पहुंचा, जिसके बाद मरीजों को एहतियातन अस्पताल भवनों से बाहर निकालकर खुले स्थानों पर इलाज दिया गया। (Death in Philippines Earthquake)

भूकंप के तुरंत बाद फिलीपींस, इंडोनेशिया और अन्य प्रशांत देशों की एजेंसियों ने सुनामी चेतावनी जारी कर दी। समुद्र में 1.4 मीटर (करीब 4.6 फीट) ऊंची लहरें दर्ज की गईं। तटीय क्षेत्रों में रहने वाले हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। इंडोनेशिया की मौसम और भूभौतिकी एजेंसी (BMKG) ने उत्तर-पूर्वी तट के लिए चेतावनी जारी की, जबकि मलेशिया और जापान ने भी अपने तटीय इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी। बाद में खतरा कम होने पर अधिकांश चेतावनियां वापस ले ली गईं। करीब सात लाख आबादी वाले बंदरगाह शहर जनरल सैंटोस में सबसे ज्यादा तबाही दर्ज की गई। यहां कई इमारतों में दरारें आ गईं और कुछ भवन आंशिक रूप से ढह गए। एक पुल भी क्षतिग्रस्त हो गया। (Death in Philippines Earthquake)

अधिकारियों के मुताबिक शहर में सात लोगों की मौत हुई है। जबकि 130 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। राहत और बचाव दल लगातार मलबा हटाने का काम कर रहे हैं। एक दो मंजिला स्कूल भवन गिरने के बाद कई छात्रों के फंसे होने की आशंका को लेकर बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। गर्मी की छुट्टियों के बाद सोमवार को ही देशभर के सरकारी स्कूल खुले थे। कई स्कूलों में ध्वजारोहण समारोह चल रहा था, तभी भूकंप के तेज झटके महसूस हुए। दक्षिणी क्षेत्रों के अधिकारियों के मुताबिक 100 से ज्यादा छात्रों को हल्की चोटें आईं, जबकि कई बच्चे घबराहट के कारण बेहोश हो गए। कुछ स्कूलों की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है। फिलीपींस के ज्वालामुखी और भूकंप विज्ञान संस्थान (PHIVOLCS) ने बताया कि मुख्य भूकंप के बाद स्थानीय समयानुसार सुबह 11 बजे तक 138 आफ्टरशॉक दर्ज किए गए। इनकी तीव्रता 1.3 से 6.7 के बीच रही।

रिंग ऑफ फायर में स्थित है फिलीपींस

विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि आफ्टरशॉक कई दिनों या हफ्तों तक जारी रह सकते हैं और पहले से कमजोर हो चुकी इमारतों के लिए अतिरिक्त खतरा बन सकते हैं। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने सभी सरकारी एजेंसियों को तत्काल राहत और बचाव अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रभावित लोगों से सुनामी चेतावनियों को गंभीरता से लेने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की। राष्ट्रपति ने कहा कि नागरिक अपनी जान को प्राथमिकता दें और किसी भी खतरे की स्थिति में तुरंत ऊंचे क्षेत्रों की ओर चले जाएं। फिलीपींस प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में स्थित है, जिसे दुनिया का सबसे सक्रिय भूकंपीय क्षेत्र माना जाता है। यहां कई टेक्टोनिक प्लेटें आपस में टकराती हैं, जिसके कारण अक्सर बड़े भूकंप और ज्वालामुखीय गतिविधियां होती रहती हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यही कारण है कि फिलीपींस दुनिया के सबसे ज्यादा आपदा-प्रभावित देशों में गिना जाता है। साल 1990 में आए 7.7 तीव्रता के भूकंप में 1,600 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी, जबकि 1976 के 8.0 तीव्रता वाले भूकंप और उससे आई सुनामी में हजारों लोग मारे गए थे।

Back to top button
error: Content is protected !!