भारत के दुश्मनों को हथियार देता है यूरोप, रूस से तेल खरीद पर जयशंकर का करारा जवाब

S Jaishankar On Russian Oil : विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रूस से तेल खरीदने को लेकर पश्चिमी देशों के दोहरे रवैये पर सवाल उठाए हैं। फिनलैंड दौरे के दौरान एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में Russian invasion of Ukraine शुरू होने के बाद अमेरिका ने खुद भारत से रूसी तेल खरीदने का आग्रह किया था, ताकि वैश्विक तेल बाजार स्थिर रहे और कीमतों में भारी उछाल न आए।
फिनलैंड के कुल्टारांता में आयोजित कार्यक्रम में जयशंकर ने कहा कि उस समय वैश्विक बाजार में उपलब्ध तेल का बड़ा हिस्सा रूस से आ रहा था, ऐसे में परिस्थितियों ने भारत को उस दिशा में आगे बढ़ने के लिए मजबूर किया। (S Jaishankar On Russian Oil)
कीमत और उपलब्धता के आधार पर खरीदता है भारत
रूसी तेल खरीद को लेकर पूछे गए सवाल पर जयशंकर ने कहा कि भारत तेल की खरीद केवल कीमत और उपलब्धता के आधार पर करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक हितों को ध्यान में रखकर फैसले लेता है।
यूरोप खरीद रहा था मध्य-पूर्व का तेल
विदेश मंत्री ने कहा कि उस समय यूरोपीय देश बड़ी मात्रा में मध्य-पूर्व का तेल खरीद रहे थे, जबकि वही क्षेत्र भारत का पारंपरिक आपूर्तिकर्ता रहा है। ऐसे में भारत के सामने विकल्प सीमित हो गए थे और रूसी तेल एक व्यवहारिक विकल्प बन गया।
रूस रहा भरोसेमंद आपूर्तिकर्ता
जयशंकर ने रूस को एक स्थिर और भरोसेमंद आपूर्तिकर्ता बताया। उन्होंने कहा कि भारत ने हमेशा अपने राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता देते हुए फैसले लिए हैं। साथ ही उन्होंने रूसी तेल पर अमेरिकी प्रतिबंधों को लेकर भी सवाल उठाए।
अमेरिका की बदलती ‘रेड लाइन’
भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों में उस समय तनाव बढ़ा था जब Donald Trump प्रशासन ने भारतीय वस्तुओं पर 50 प्रतिशत तक टैरिफ लगाया था। इसमें 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क भारत द्वारा रूसी तेल खरीदने से जोड़ा गया था। बाद में अंतरिम व्यापार समझौते के बाद इसे घटाकर 18 प्रतिशत और फिर 10 प्रतिशत कर दिया गया।
ईरान युद्ध के बाद मिली छूट
Iran में युद्ध शुरू होने के बाद अमेरिका ने रूसी समुद्री तेल खरीद पर लगाए गए कुछ प्रतिबंधों में राहत दी। इसका उद्देश्य ऊर्जा संकट से जूझ रहे देशों को राहत देना और वैश्विक तेल कीमतों को नियंत्रित रखना था।
भारत का साफ रुख
भारत ने लगातार स्पष्ट किया है कि वह किसी अमेरिकी छूट की वजह से नहीं, बल्कि अपनी ऊर्जा जरूरतों और व्यावसायिक व्यवहार्यता के आधार पर रूस से तेल खरीदता है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने भी साफ किया है कि भारत पहले भी रूस से तेल खरीद रहा था, वर्तमान में भी खरीद रहा है और आगे भी जारी रखेगा।
यूरोप की ‘नैतिक अस्पष्टता’ पर सवाल
जयशंकर ने यूरोपीय देशों के रवैये पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसी यूरोपीय देश पर भारतीय हथियारों से हमला नहीं हुआ, लेकिन भारत के खिलाफ इस्तेमाल होने वाले कई हथियार यूरोप से आते हैं।
विदेश मंत्री ने कहा कि भारत अपनी विदेश नीति, ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक हितों को ध्यान में रखकर फैसले लेता है। साथ ही वैश्विक राजनीति में नैतिकता की बातें करने वाले देशों को अपने फैसलों पर भी समान मानदंड लागू करने चाहिए। (S Jaishankar On Russian Oil)
यह भी पढ़े :- TMC में बगावत पर सियासत तेज, 19 सांसदों की सूची आई सामने, विपक्ष ने भाजपा पर लगाए दल-बदल कराने के आरोप



