दक्षिण कोरिया में रहस्यमय ढंग से गायब हुए 4 लाख कुत्ते, सरकार को शक- बैन से पहले ही लोग खा गए मांस ?

Dogs Missing in South Korea: पूरी दुनिया में पालतू जानवरों की लिस्ट में कुत्ते हमेशा से सबसे टॉप पर रहे हैं। इंसान और कुत्ते की दोस्ती की मिसालें दी जाती हैं, लेकिन दुनिया के कई देश ऐसे भी हैं, जहां कुत्तों को वफादार साथी नहीं, बल्कि थाली का भोजन माना जाता है। इन्हीं देशों में से एक है दक्षिण कोरिया, जहां से आई एक रिपोर्ट ने पूरी दुनिया को चौंका दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक दक्षिण कोरिया में पिछले एक साल के भीतर करीब 4 लाख कुत्ते रहस्यमय ढंग से गायब हो गए हैं। इस खुलासे के बाद सरकार को शक है कि डॉग मीट पर आगामी प्रतिबंध और सख्ती के डर से लोग इन लाखों कुत्तों को खा गए।
कल तक दक्षिण कोरिया के जिन होटलों और रेस्तराओं में लोग बड़े चाव से बैठकर कुत्ते का मांस खा रहे थे, आज वहां प्रतिबंध की तलवार लटक रही है। सरकार इस पूरी इंडस्ट्री को हमेशा के लिए ताला लगाने की तैयारी कर चुकी है, लेकिन इस बीच सरकार के सामने सबसे बड़ी मुसीबत यह खड़ी हो गई है कि उसे अचानक गायब हुए 4 लाख कुत्तों का कोई हिसाब-किताब नहीं मिल रहा है। दक्षिण कोरिया में प्राचीन परंपराओं और सांस्कृतिक मान्यताओं के चलते सदियों से कुत्ते का मांस खाया जाता रहा है। इसके लिए या तो सड़कों से आवारा कुत्तों को अवैध रूप से पकड़ा जाता था या फिर मुर्गे-मुर्गियों की तरह बड़े-बड़े फार्मों में कुत्तों को सिर्फ मांस के लिए पाला जाता था। यह स्थानीय किसानों के लिए एक मुनाफे का धंधा बन चुका था। सरकार इन फार्मों और कुत्तों की गिनती रखती थी, लेकिन नई गिनती के जो आंकड़े सामने आए हैं, उसने अधिकारियों के होश उड़ा दिए हैं।
क्या कहते हैं सरकारी आंकड़े ?
सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक देश में डॉग मीट उद्योग की स्थिति बदली है। 2024 तक देश के अलग-अलग फार्मों में करीब 4 से 4.5 लाख कुत्ते मांस के लिए पाले जा रहे थे, लेकिन मौजूदा समय में यह संख्या अब घटकर सिर्फ 20 हजार के आसपास रह गई है। सरकार के पास इस बात का कोई लिखित रिकॉर्ड या सबूत नहीं है कि बाकी के 4 लाख से ज्यादा कुत्ते आखिर कहां चले गए। जनवरी 2024 में दक्षिण कोरियाई संसद ने एक ऐतिहासिक कानून पारित किया था। इसके तहत फरवरी 2027 से देश में डॉग मीट उद्योग यानी कुत्तों को पालना, काटना और बेचना पूरी तरह प्रतिबंधित हो जाएगा। इस कानून का उल्लंघन करने वाले को 3 साल तक की जेल या भारी जुर्माने की सजा हो सकती है। (Dogs Missing in South Korea)
मुआवजे की घोषणा और किसानों का विरोध
इस उद्योग को खत्म करने के लिए दक्षिण कोरियाई सरकार ने फार्म मालिकों के लिए एक पुनर्वास योजना भी शुरू की है। सरकार ने कारोबार बंद करने की एवज में फार्म मालिकों को प्रति कुत्ता 6 लाख वॉन तक का मुआवजा देने की घोषणा की है। अधिकारियों के मुताबिक देश के करीब 82 प्रतिशत यानी 1,265 डॉग फार्मों ने बंद होने के लिए आवेदन भी कर दिया है। हालांकि कई फार्म मालिकों का यह भी आरोप है कि सरकार इस पारंपरिक उद्योग को जबरन बंद कराकर उनकी रोजी-रोटी छीन रही है। दुनियाभर में डॉग मीट के चलन को बेहद घृणा और क्रूरता की नजर से देखा जाता है। दक्षिण कोरिया आने वाले विदेशी सैलानी भी इसे पसंद नहीं करते, जिससे देश के पर्यटन और वैश्विक छवि पर बुरा असर पड़ रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार अब डॉग मीट पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाकर देश में पालतू जानवरों को गोद लेने और उनके अधिकारों को बढ़ावा देने की नीति पर काम कर रही है।
दुनिया के इन देशों में खाया जाता है डॉग मीट
कुत्ते का मांस खाने का चलन सिर्फ दक्षिण कोरिया तक सीमित नहीं है। एशिया के कई अन्य देशों में भी इसका बड़ा बाजार है। दुनिया का सबसे बड़ा डॉग मीट मार्केट चीन में है, जहां का यूलिन डॉग मीट फेस्टिवल दुनियाभर में बदनाम है, हालांकि नई पीढ़ी अब इससे दूरी बना रही है। वियतनाम के उत्तरी इलाकों में इसका अत्यधिक चलन है। यहां कुत्ते के मांस को सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। इंडोनेशिया के सुलावेसी और बाली जैसे चुनिंदा द्वीपों और क्षेत्रों में इसे खाने की परंपरा है। कंबोडिया और लाओस के कुछ विशेष और ग्रामीण इलाकों में आज भी यह चलन में है। उत्तर कोरिया से आने वाली सीक्रेट रिपोर्ट्स के मुताबिक भुखमरी और कड़े नियमों के बीच बड़े पैमाने पर कुत्ते पाले और खाए जाते हैं। (Dogs Missing in South Korea)
ज़ुबान का स्वाद बेजुबानों की जिंदगी पर भारी !
पशु अधिकार संगठनों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने दक्षिण कोरिया सरकार के इस कड़े कदम की सराहना की है। जानकारों का मानना है कि दक्षिण कोरिया का यह फैसला उन तमाम देशों के लिए एक कड़ा और सीधा संदेश है, जहां आज भी बेजुबान कुत्तों को बेरहमी से काटकर खाया जाता है। यह पहल दुनिया को यह याद दिलाने के लिए काफी है कि कुत्ते घर की रखवाली और वफादारी के लिए होते हैं, किसी की डाइनिंग टेबल का हिस्सा बनने के लिए नहीं। दक्षिण कोरिया सरकार की यह सख्ती इस बात का गवाह है कि बदलते वक्त के साथ दुनिया अब बेजुबानों के अधिकारों को लेकर जागरूक हो रही है, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या सिर्फ कागजी कानूनों और जुर्माने के डर से सदियों पुरानी खान-पान की आदतों और स्वाद की भूख को रातों-रात बदला जा सकता है? फार्मों से गायब हुए ये 4 लाख कुत्ते इसी कड़वी हकीकत की तरफ इशारा कर रहे हैं कि कानून अपनी जगह है, लेकिन इंसान की ज़ुबान का स्वाद आज भी बेजुबानों की जिंदगी पर भारी पड़ रहा है।



