Google Analytics —— Meta Pixel

जिनपिंग-किम जोंग की उड़ी नींद, अमेरिका का नया हाइपरसोनिक NXGB लाएगा तबाही, जानें क्यों कांप रहे चीन और उत्तर कोरिया

America Hypersonic NXGB Weapon: इंडो-पैसिफिक यानी हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अपनी मिसाइल ताकत और सैन्य परीक्षणों के दम पर दादागिरी दिखाने वाले चीन और उत्तर कोरिया को घेरने के लिए अमेरिका ने चक्रव्यूह तैयार कर लिया है। परमाणु बम और बारूद के ढेर पर बैठकर दुनिया को धमकाने वाले इन दोनों कम्युनिस्ट मुल्कों की हेकड़ी को हवा करने के लिए पेंटागन ने अपना सबसे बड़ा ट्रंप कार्ड खेल दिया है। वॉशिंगटन से आई एक खुफिया रिपोर्ट ने बीजिंग से लेकर प्योंगयांग तक हड़कंप मचा दिया है। अमेरिका ने समंदर और आसमान का वो घातक हाइपरसोनिक हथियार तैयार कर लिया है, जो पलक झपकते ही दुश्मनों को नेस्तनाबूद करने की ताकत रखता है। अमेरिकी रक्षा कंपनी लॉकहीड मार्टिन की ओर से विकसित किया जा रहा NXGB सिर्फ एक मिसाइल नहीं है, बल्कि यह तकनीक और मारक क्षमता का वो घातक कॉम्बिनेशन है, जिसे दुनिया का कोई भी रडार छू तक नहीं सकता।

यह भी पढ़ें:- बस्तर में धर्मांतरण को लेकर सियासत तेज, मंत्री कश्यप बोले- संस्कृति से छेड़छाड़ करने वालों पर होगी कार्रवाई, कांग्रेस ने कहा- भाजपा का राजनीतिक हथियार है धर्मांतरण

यह वेपन मैक 5 यानी ध्वनि की रफ्तार से भी पांच गुना ज्यादा गति से उड़ान भर सकता है। इसकी अनुमानित स्पीड करीब 6,125 किलोमीटर प्रति घंटा है। पारंपरिक बैलिस्टिक मिसाइलें एक तय पैराबोलिक रास्ते पर चलती हैं, जिन्हें आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम आसानी से ट्रैक करके मार गिराते हैं, लेकिन NXGB आसमान में सांप की तरह तेजी से रास्ता बदलता है और बहुत कम ऊंचाई पर उड़ता है। जब तक दुश्मन का रडार इसे डिटेक्ट करेगा, तब तक तबाही मच चुकी होगी। सैन्य विशेषज्ञों के मुताबिक अमेरिका का NXGB तकनीक के मामले में चीन और उत्तर कोरिया दोनों के घातक हथियारों को बौना साबित कर देता है। अगर तकनीक और मारक क्षमता की बात करें तो अमेरिका का NXGB हाइपरसोनिक हथियार चीन और उत्तर कोरिया दोनों के सबसे एडवांस मिसाइल सिस्टम को काफी पीछे छोड़ देता है

मिसाइल तकनीक में क्यों सबसे घातक है NXGB ?

चीन की हाइपरसोनिक मिसाइल DF-17 सिर्फ जमीन से संचालित होती है और एक तय दायरे में रहने के कारण इसका रास्ता प्रेडिक्ट करना और ट्रैक करना आसान है, वहीं उत्तर कोरिया का ह्वासोंग-16B छिपकर वार करने के लिए सॉलिड-फ्यूल तकनीक का इस्तेमाल तो करता है, लेकिन इसकी ट्रैकिंग स्थिति और मारक क्षमता का दायरा बेहद सीमित है। इसके अलावा चीन और उत्तर कोरिया की रणनीति अब तक बेहद खर्चीली और सिर्फ सीमित परीक्षणों तक ही सिमटी हुई है। इन दोनों के मुकाबले अमेरिका का NXGB एक मुकम्मल और अजेय हथियार बनकर उभरता है। यह किसी एक जगह से बंधा नहीं है, बल्कि यह एक मल्टी-प्लेटफॉर्म वेपन है, जिसे खतरनाक फाइटर जेट्स, समंदर में तैरते आधुनिक युद्धपोतों या फिर जमीनी लॉन्चर्स कहीं से भी दागा जा सकता है।

अमेरिका ने बदली रणनीति

सबसे बड़ी बात यह है कि यह आसमान में पल-पल अपना रास्ता बदलने में माहिर है, जिसके चलते दुनिया के किसी भी डिफेंस सिस्टम के लिए इसे ट्रैक करना नामुमकिन हो जाता है। पेंटागन अब इसे सिर्फ टेस्ट तक सीमित न रखकर, कम लागत में फैक्ट्रियों के भीतर बड़े पैमाने पर तैयार करने की रणनीति पर काम कर रहा है, जो इसे इस पूरी रेस में सबसे आगे खड़ा करता है। अब तक अमेरिका सिर्फ महंगे और सीमित टेस्ट कर रहा था, लेकिन अब पेंटागन ने अपनी चाल बदल दी है। अमेरिका अब इस हाइपरसोनिक हथियार को बहुत कम लागत में, फैक्ट्रियों में धड़ाधड़ बड़े पैमाने पर बनाने जा रहा है। (America Hypersonic NXGB Weapon)

किम का बारूद का खेल और चीन की गीदड़भभकी

खतरा कितना गंभीर है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हाल ही में उत्तर कोरिया ने जब अपनी नई घातक मिसाइल का परीक्षण किया तो खुद तानाशाह किम जोंग उन अपनी बेटी का हाथ थामे वहां मौजूद थे। किम जोंग अपनी अगली पीढ़ी को बचपन से ही बारूद का यह खतरनाक खेल सिखा रहे हैं। दूसरी तरफ चीन भी ताइवान और अमेरिका को डराने के लिए अपनी सैन्य शक्ति का भोंडा प्रदर्शन करने से बाज नहीं आ रहा है। समंदर से लेकर आसमान तक, चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी आए दिन ऐसे खौफनाक युद्धाभ्यास करती है, जिससे पूरे इंडो-पैसिफिक रीजन में तीसरे विश्व युद्ध का खतरा मंडराने लगता है। (America Hypersonic NXGB Weapon)

फिर से ग्लोबल बॉस बनेगा अमेरिका !

हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन ने अमेरिका को रोकने के लिए जो एंटी-एक्सेस/एरिया डिनायल (A2/AD) का चक्रव्यूह रचा था, उसे ढहाने के लिए NXGB वाइट हाउस का सबसे अचूक बाण है। अमेरिका ने साफ संदेश दे दिया है कि अगर चीन या उत्तर कोरिया ने उसके या उसके सहयोगियों जैसे ताइवान, जापान, दक्षिण कोरिया की तरफ आंख उठाने की हिमाकत की तो अंजाम बेहद खौफनाक होगा। पेंटागन के सूत्रों के मुताबिक इस हथियार का शुरुआती डिजाइन आधिकारिक तौर पर पास हो चुका है। अब साल 2027 में आसमान में इसका फाइनल लाइव टेस्ट होने जा रहा है। अगर यह टेस्ट उम्मीद के मुताबिक कामयाब रहा तो हाइपरसोनिक हथियारों की इस वैश्विक होड़ में अमेरिका एक बार फिर पूरी दुनिया का एकमात्र बॉस बनकर उभरेगा और ड्रैगन की दादागिरी का हमेशा के लिए अंत हो जाएगा।

Back to top button
error: Content is protected !!