Google Analytics —— Meta Pixel

यूरेनियम से यूनिटी तक मेलबर्न में भारत-ऑस्ट्रेलिया साझेदारी हुई और मजबूत, PM एंथनी बोले- इंडिया के साथ हर क्षेत्र में साझेदारी होगी और मजबूत

Australian PM Anthony on India: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज से मुलाकात की। साथ ही साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत की। इसके बाद दोनों प्रधानमंत्रियों ने संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कहा कि आज हम 2015 के ऑस्ट्रेलिया-भारत परमाणु सहयोग समझौते के तहत शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए भारत को यूरेनियम निर्यात करने की व्यवस्था पर हस्ताक्षर की पुष्टि कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी के छह साल बाद भारत के साथ ऑस्ट्रेलिया के संबंध आज जितने महत्वपूर्ण हैं, उतने पहले कभी नहीं थे। हमारी साझेदारी पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हुई है। हम दोनों देशों के बीच संबंधों को गहरा और विविध बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं, ताकि हम लगातार मजबूत होते रहें। आज हमने अपने संबंधों के हर पहलू में ठीक यही किया है। नए अहम समझौतों के साथ, हम रक्षा और सुरक्षा, शिक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, और ऊर्जा सुरक्षा समेत महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्रों में अपने संबंधों का विस्तार कर रहे हैं। 

यह भी पढ़ें:- पूर्व ऑस्ट्रेलियाई PM स्कॉट मॉरिसन ने PM मोदी की जमकर की तारीफ, बोले- भारत के साथ टेक्नोलॉजी और रक्षा सहयोग होगा और मजबूत

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मैंने अपनी व्यावहारिक साझेदारी को गहरा करने के लिए रक्षा और सुरक्षा सहयोग पर एक संयुक्त घोषणा पत्र जारी किया है। ऑस्ट्रेलिया भारत को एक शीर्ष-स्तरीय सुरक्षा भागीदार मानता है, और यह घोषणापत्र शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। हम रणनीतिक समन्वय को बढ़ावा देंगे, अपने रक्षा अभ्यासों की जटिलता बढ़ाएंगे और अपनी रक्षा सेनाओं के बीच इंटरऑपरेबिलिटी यानी आपसी तालमेल और काम करने की क्षमता को और बढ़ाएंगे। हम हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रक्षा-संबंधी उन घटनाक्रमों पर परामर्श करने का संकल्प लेते हैं, जो हमारे साझा हितों को प्रभावित करते हैं। इसके अलावा, हमने समुद्री सुरक्षा सहयोग के लिए एक संयुक्त रोडमैप का समर्थन किया है और साइबर, महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों और आपूर्ति श्रृंखलाओं पर एक नई ऑस्ट्रेलिया-भारत साझेदारी पर सहमति व्यक्त की है। (Australian PM Anthony on India)

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी ने आगे कहा कि आज हमने ऑस्ट्रेलिया-कनाडा-भारत प्रौद्योगिकी और नवाचार साझेदारी के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर का स्वागत किया है, जो महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों पर हमारे साझा भागीदार कनाडा के साथ त्रिपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाएगा। जैसे-जैसे हम विज्ञान और प्रौद्योगिकी में अपने सहयोग का विस्तार कर रहे हैं, हमने कोकोस द्वीप समूह पर एक अस्थायी अंतरिक्ष ट्रैकिंग टर्मिनल स्थापित करने पर सहमति व्यक्त की है, जो भारत के ऐतिहासिक गगनयान मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम का समर्थन करेगा। बेशक कोई भी देश मध्य पूर्व में संघर्ष के आर्थिक प्रभावों से अछूता नहीं रहा है। प्रधानमंत्री मोदी और मैंने ऊर्जा सुरक्षा पर एक संयुक्त बयान का स्वागत किया है। यह बयान आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती और ऊर्जा परिवर्तन में तेजी लाने के महत्व को स्वीकार करता है, जिसमें नवीकरणीय ऊर्जा संसाधनों के उपयोग को बढ़ावा देना और हमारी ऊर्जा प्रणालियों का विद्युतीकरण शामिल है। बहुत लंबे समय से हमने जुड़ी हुई आपूर्ति श्रृंखलाओं के साथ काम किया है, लेकिन हमारे दृष्टिकोण अलग-अलग रहे हैं। यह कदम उस अंतर को पाटने की दिशा में एक प्रयास है। 

बता दें कि तीसरे भारत-ऑस्ट्रेलिया शिखर सम्मेलन के संयुक्त बयान में प्रधानमंत्री मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने आतंकवाद और आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले हिंसक चरमपंथ की सभी तरह से और हर रूप में कड़ी निंदा की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सभी देशों को आतंकवाद के खतरे से व्यापक और लगातार तरीके से निपटना चाहिए। साथ ही उन्होंने वैश्विक स्तर पर प्रतिबंधित आतंकवादियों और आतंकी संगठनों, जिनमें संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की 1267 प्रतिबंध समिति की ओर से सूचीबद्ध लोग और उनके सहयोगी, प्रॉक्सी, प्रायोजक और फंडिंग करने वाले शामिल हैं के खिलाफ कार्रवाई करने का आह्वान किया। दोनों प्रधानमंत्रियों ने आतंकवाद से निपटने की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने के लिए सहयोग बढ़ाने की जरूरत को माना। उन्होंने हमारे क्षेत्र में आतंकवादी खतरों के बारे में जानकारी साझा करने और सहयोग बढ़ाने के मौकों को तलाशने का संकल्प लिया। इसमें कट्टरपंथ, आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले हिंसक चरमपंथ, आतंकवादी उद्देश्यों के लिए नई और उभरती टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल, आतंकवाद के लिए फंडिंग, और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे व समुद्री क्षेत्र के लिए खतरों का मुकाबला करना शामिल है। 

उन्होंने आतंकवादी हमलों की निंदा दोहराई, जिसमें पहलगाम और बॉन्डी बीच पर हुए भयानक हमले भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने इस बात को दोहराया कि लगातार जटिल होते रणनीतिक माहौल में रक्षा और सुरक्षा सहयोग उनकी साझेदारी का मुख्य आधार है। उन्होंने रक्षा और सुरक्षा सहयोग पर संयुक्त घोषणा की घोषणा की, जो दोनों देशों के बीच रक्षा और सुरक्षा संबंधों की गहराई और महत्वाकांक्षा में एक बड़ा बदलाव और क्षेत्रीय मजबूती-सुरक्षा में योगदान को दर्शाता है। दोनों प्रधानमंत्रियों ने शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध इंडो-पैसिफिक के लिए अपनी साझा सोच में समुद्री सहयोग के महत्व पर जोर दिया। नेता ‘भारत-ऑस्ट्रेलिया समुद्री सुरक्षा सहयोग रोडमैप’ के जरिए समुद्री सहयोग को बढ़ाने पर सहमत हुए। इसके माध्यम से, भारत और ऑस्ट्रेलिया एक शांतिपूर्ण और समृद्ध इंडो-पैसिफिक के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता को दोहराते हैं और मानते हैं कि क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए प्रभावी समुद्री सहयोग जरूरी है। (Australian PM Anthony on India)

दोनों नेताओं ने एक खुले और नियमों पर आधारित इंडो-पैसिफिक के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कानून, खासकर ‘समुद्र के कानून पर संयुक्त राष्ट्र कन्वेंशन’ (UNCLOS) के अनुरूप अधिकारों और आजादी का इस्तेमाल करने के महत्व पर जोर दिया, जिसमें नेविगेशन (समुद्री यात्रा) और ओवरफ्लाइट (हवाई उड़ान) की आजादी शामिल है। साथ ही, उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि विवादों को अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाया जाना चाहिए। उन्होंने यथास्थिति को बदलने और क्षेत्रीय शांति व स्थिरता को कमजोर करने वाली किसी भी अस्थिर करने वाली या एकतरफा कार्रवाई का कड़ा विरोध किया। वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मेलबर्न में मेरा और मेरे प्रतिनिधिमंडल का शानदार स्वागत करने के लिए मैं अपने मित्र प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज का दिल से आभार व्यक्त करता हूं। उनकी व्यक्तिगत कोशिशों और प्रतिबद्धता ने भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को नई ऊंचाइयां और विस्तार दिया है। मैं उनके इस अमूल्य योगदान की सराहना करता हूं।

Back to top button
error: Content is protected !!