जहां दशकों तक नहीं पहुंचे भारतीय प्रधानमंत्री, वहां PM मोदी ने रचा इतिहास, सालों की कूटनीतिक दूरी की खत्म

PM Modi Historic Foreign Tour: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की अपनी तीन देशों की यात्रा पूरी कर भारत के लिए रवाना हो गए। ऑकलैंड एयरपोर्ट पर न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने खुद पहुंचकर PM मोदी को विदाई दी। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच गर्मजोशी देखने को मिली, जिसे भारत-न्यूजीलैंड संबंधों के नए दौर का प्रतीक माना जा रहा है। इस यात्रा की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 40 सालों के अंतराल के बाद न्यूजीलैंड का दौरा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने। इससे पहले किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने 1986 के बाद न्यूजीलैंड की यात्रा नहीं की थी। प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा को भारत की सक्रिय कूटनीति और वैश्विक स्तर पर बढ़ते प्रभाव का महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है। पिछले एक दशक में उन्होंने कई ऐसे देशों का दौरा किया, जहां दशकों से किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यात्रा नहीं हुई थी। इन दौरों ने भारत के पुराने साझेदारों के साथ रिश्तों को नई ऊर्जा देने के साथ-साथ नए सहयोग के रास्ते भी खोले हैं।
यह भी पढ़ें:- भारतीय समुदाय के बीच छाए PM नरेंद्र मोदी, बोले- आप ही भारत-न्यूजीलैंड रिश्तों के सबसे बड़े राजदूत हैं
न्यूजीलैंड में भारतीय समुदाय ने प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत किया। ऑकलैंड में आयोजित सामुदायिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय शामिल हुए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने कहा कि न्यूज़ीलैंड ने इतिहास रचा है, क्योंकि चार दशक बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का देश में आगमन हुआ है। उन्होंने भारत और न्यूज़ीलैंड के संबंधों को भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया। प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा का उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग को मजबूत करना, व्यापार, निवेश बढ़ाना, रक्षा सहयोग को गति देना और भारतीय समुदाय से संवाद स्थापित करना रहा। यात्रा के दौरान कई द्विपक्षीय बैठकों और समझौतों के जरिए दोनों देशों के संबंधों को नई दिशा देने पर सहमति बनी। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने कार्यकाल में कई ऐसे देशों का दौरा किया, जहां दशकों से किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यात्रा नहीं हुई थी। (PM Modi Historic Foreign Tour)

पिछले एक दशक में टूटे कई कूटनीतिक अंतराल
- न्यूजीलैंड (10-11 जुलाई 2026): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 40 साल बाद न्यूजीलैंड की यात्रा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने।
- स्लोवाकिया (9 जुलाई 2026): 33 साल के लंबे अंतराल के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने स्लोवाकिया का दौरा किया।
- नॉर्वे (8 जुलाई 2026): 43 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की नॉर्वे यात्रा हुई।
- क्रोएशिया (18 जून 2025): पहली बार किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने क्रोएशिया का दौरा किया।
- साइप्रस (15 जून 2025): 23 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने साइप्रस का दौरा किया।
- गयाना (20 नवंबर 2024): 56 साल बाद भारतीय प्रधानमंत्री गयाना पहुंचे और द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा दी।
- नाइजीरिया (17 नवंबर 2024): 17 साल के अंतराल के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने नाइजीरिया का दौरा किया।
- पोलैंड (21 अगस्त 2024): 45 साल बाद भारतीय प्रधानमंत्री पोलैंड पहुंचे।
- ऑस्ट्रिया (10 जुलाई 2024): 41 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने ऑस्ट्रिया की यात्रा की।
- ग्रीस (25 अगस्त 2023): 40 साल बाद भारतीय प्रधानमंत्री ने ग्रीस का दौरा किया।
- मिस्र (24 जून 2023): 26 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की मिस्र यात्रा हुई।
- पापुआ न्यू गिनी (21 मई 2023): पहली बार किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने पापुआ न्यू गिनी का दौरा किया।
- डेनमार्क (3 मई 2022): 20 साल बाद भारतीय प्रधानमंत्री डेनमार्क पहुंचे।
- युगांडा (24 जुलाई 2018): 21 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने युगांडा की यात्रा की।
- जॉर्डन (10 फरवरी 2018): 30 साल बाद भारतीय प्रधानमंत्री जॉर्डन पहुंचे।
- स्वीडन (16 अप्रैल 2018): 30 साल के लंबे अंतराल के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने स्वीडन का दौरा किया।
- इजराइल (4 जुलाई 2017): इतिहास में पहली बार किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने इजराइल का आधिकारिक दौरा किया।
- फिलीपींस (12 नवंबर 2017): 36 साल बाद भारतीय प्रधानमंत्री फिलीपींस पहुंचे।
- मोजाम्बिक (7 जुलाई 2016): 34 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने मोजाम्बिक की यात्रा की।
- केन्या (10 जुलाई 2016): 35 साल बाद भारतीय प्रधानमंत्री केन्या पहुंचे।
- आयरलैंड (23 सितंबर 2015): 60 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने आयरलैंड का दौरा किया।
- सेशेल्स (10 मार्च 2015): 33 साल बाद भारतीय प्रधानमंत्री सेशेल्स पहुंचे।
- कनाडा (14 अप्रैल 2015): 42 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने कनाडा का दौरा किया।
- UAE (16 अगस्त 2015): 34 साल बाद भारतीय प्रधानमंत्री संयुक्त अरब अमीरात (UAE) पहुंचे।
- ऑस्ट्रेलिया (14 नवंबर 2014): 28 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया।

भारत की वैश्विक भूमिका हुई मजबूत
सरकार का कहना है कि पिछले दस सालों में भारत ने सिर्फ वैश्विक मंचों पर अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कराई, बल्कि वैश्विक नीतियों और निर्णयों में भी प्रभावशाली भूमिका निभाई है। G-20 की अध्यक्षता, ग्लोबल साउथ की आवाज को मजबूती, इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग, नई व्यापारिक साझेदारियां और रणनीतिक संबंधों का विस्तार इसी नीति का हिस्सा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी की हालिया तीन देशों की यात्रा को भी इसी व्यापक कूटनीतिक रणनीति की कड़ी माना जा रहा है। विशेष रूप से न्यूजीलैंड की 40 साल बाद हुई यात्रा ने दोनों देशों के संबंधों में नया अध्याय जोड़ने का संकेत दिया है, जबकि इंडोनेशिया और ऑस्ट्रेलिया के साथ भी सहयोग को और व्यापक बनाने पर जोर दिया गया। भारतीय जनता पार्टी का दावा है कि सक्रिय कूटनीति के जरिए भारत आज वैश्विक मंच पर एक भरोसेमंद साझेदार, प्रभावशाली आवाज और उभरती हुई वैश्विक शक्ति के रूप में अपनी पहचान लगातार मजबूत कर रहा है। (PM Modi Historic Foreign Tour)




