Google Analytics —— Meta Pixel

मोदी सरकार घबराहट में फैसले ले रही है, पुलिस वालों ने मेरे कान में कहा इस सरकार को हटाइये: सांसद राहुल गांधी

Congress MP Rahul Gandhi: लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को नई दिल्ली के इंदिरा भवन में 40 मिनट प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान सबसे पहले प्रेजेंटेशन में 20 जुलाई को कॉकरोच जनता पार्टी के संसद चलो मार्च में शामिल छात्रों के वीडियो चलाए गए। राहुल ने कहा कि हमारे छात्रों के साथ ऐसा क्यों हो रहा है? आखिर हमारे छात्रों ने ऐसा क्या किया है कि सुरक्षाबल उन पर हथियार तान रहे हैं ? वे शांतिपूर्ण ढंग से विरोध कर रहे हैं। वे अपनी मांगें रख रहे हैं और देश से अपना हक मांग रहे हैं। वे कोई अपराध नहीं कर रहे हैं। वे बस एक ऐसी शिक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं, जो निष्पक्ष रूप से काम करे और अभी उनके पास ऐसी व्यवस्था नहीं है। छात्रों ने आत्महत्या की है। हमारे छात्र भारी तनाव से गुजरते हैं और आखिर में उन्हें पता चलता है कि पेपर लीक हो गया है। यह एक वास्तविक समस्या है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में आफत की बारिश: IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, जानें आज का मौसम

सांसद राहुल गांधी ने कहा कि हमारे देश की शिक्षा व्यवस्था को तबाह कर दिया गया है। 10 साल में देश में 152 पेपर लीक हुए हैं, जिससे 7.5 करोड़ छात्र प्रभावित हुए, लेकिन इनमें से किसी भी मामले में किसी को भी सजा नहीं मिली। बात सिर्फ इतनी नहीं है कि सिस्टम में गड़बड़ी है, बल्कि बात यह है कि यह सिस्टम आम लोगों की पहुंच से बाहर है। NEET पर हर साल 1.32 लाख करोड़ खर्च होते हैं। यह भारत सरकार के 1.4 लाख करोड़ के शिक्षा बजट के लगभग बराबर है। परिवार एक परीक्षा पर उतना पैसा खर्च करते हैं, जितना भारत सरकार पूरे शिक्षा बजट पर खर्च करती है। यह सरासर लूट है। यही वजह है कि लाखों युवा सड़कों पर उतरकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। पढ़ाई-लिखाई करने के बाद भी अचानक आपको बताया जाता है कि जो दरवाजे आपके लिए खुले होने चाहिए थे, वे बंद हैं। (Congress MP Rahul Gandhi)

कुछ दिन पहले जो हुआ, उसके नतीजे तो भुगतने ही होंगे: राहुल

राहुल ने कहा कि मैन्युफैक्चरिंग बंद हो रही है। एंटरप्रेन्योरशिप यानी अपना कारोबार शुरू करना बंद हो रहा है। AI की वजह से कॉर्पोरेट नौकरियां खत्म हो रही हैं। पब्लिक सेक्टर का प्राइवेटाइजेशन हो रहा है। बहुत से युवाओं के पास सिर्फ सरकारी नौकरी का ही विकल्प बचा है। आप उन्हें एक दरवाजा देते हैं, बाकी सारे बंद कर देते हैं, फिर उस सिस्टम में गड़बड़ी करते हैं और उसे इतना महंगा बना देते हैं कि कोई सोच भी नहीं सकता। फिर आप उम्मीद करते हैं कि वे सड़कों पर न उतरें। हर एक स्टूडेंट जो महसूस कर रहा है, हम उससे 100% सहमत हैं। कुछ दिन पहले जो हुआ, उसके नतीजे तो भुगतने ही होंगे। हमारा एजुकेशन सिस्टम गरीबों और मिडिल क्लास लोगों के लिए पहुंच से बाहर है। हिंदुस्तान की सरकार जितना पैसा शिक्षा बजट में डालती है, उतना ही पैसा एक NEET एग्जाम के लिए छात्र और उनके परिवार सरकार को देते हैं। ये देश के हर एक छात्र और उनके परिवार का अपमान है।

छात्रों की मांगें जायज: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी

उन्होंने कहा कि छात्रों की कुछ जायज मांगें हैं, जैसे शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए। छात्रों के साथ मारपीट करने वाले हर व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी को छात्रों से माफी मांगनी चाहिए। हम इन मांगों का पूरा समर्थन करते हैं और हर छात्र के साथ खड़े हैं। देश का कमिटमेंट होना चाहिए कि वह एजुकेशन के बाद युवाओं को नौकरी देगा, एम्प्लॉयमेंट देगा और अच्छा भविष्य देगा। शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक, छात्रों के साथ हुई हिंसा देश के छात्र चाहते हैं कि इन मुद्दों पर बात हो। मैं और पूरा विपक्ष भी यही चाहता है कि फोकस यहां रहे और इसके बारे में कुछ किया जाए, लेकिन जानबूझकर देश को इन मुद्दों से भटकाया जा रहा है। छात्रों को अपने भविष्य के लिए आवाज उठाने का अधिकार है।

सांसद ने कहा कि हमें लगा कि अगर देश के छात्र सड़क पर हैं तो विपक्ष को भी सड़क पर होना चाहिए, लेकिन PM आवास जाने से पहले विपक्ष स्पीकर के पास गया। हमने उनसे सदन में छात्रों के मुद्दों पर चर्चा करवाने की मांग की। स्पीकर ने कहा कि वे सरकार से बात करेंगे, लेकिन उसके बाद कुछ नहीं हुआ और मुद्दे को नजरअंदाज कर दिया गया। इसीलिए हम चाहते हैं कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें, जिन लोगों ने छात्रों के साथ मारपीट की और उनका अपमान किया, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। एक समय ऐसा आता है, जब कोई सरकार मानसिक रूप से टूट जाती है। अभी यही हुआ है। मोदी सरकार घबराहट की स्थिति में है। सरकार छात्रों के साथ जो कर रही है, वह घबराहट में लिया गया फैसला है। (Congress MP Rahul Gandhi)

पुलिस वालों ने मेरे कान में कहा इस सरकार को हटाइये: राहुल गांधी

सांसद राहुल गांधी ने कहा कि मेरा काम भारत के लोगों की इच्छा को जाहिर करना है। चाहे वह छात्र हों, युवा हों या किसान विपक्ष के नेता के तौर पर मुझे यही काम करना है। मुझे भारत के लोगों की आवाज बनना है, जहां भी लोगों को तकलीफ हो रही है, मुझे उस ओर ध्यान दिलाना है। अपने लोगों की इच्छाओं के साथ खड़ा होना मेरे लिए बहुत बड़े सम्मान की बात है। हम छात्रों की मांगों का पूरी तरह से समर्थन करते हैं। पूरा विपक्ष इन मांगों का 100 प्रतिशत समर्थन करता है। हर छात्र की आवाज सुनी जानी चाहिए। आज हर छात्र कह रहा है, पुलिसवाले कह रहे हैं, पूरा देश कह रहा है – मोदी सरकार को जाना पड़ेगा। विपक्ष के नेता के रूप में मेरी जिम्मेदारी हर भारतीय की आवाज बनना है और उसके लिए हर कीमत छोटी है। जो पुलिस वाले मुझे घसीट कर ले जा रहे थे, वो मेरे कान में कह रहे थे इस सरकार को हटाइये। मोदी सरकार ने भारत के युवाओं के भरोसे को तोड़ा है।

Back to top button
error: Content is protected !!