Google Analytics —— Meta Pixel

BJP प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव का कांग्रेस पर बड़ा हमला, कहा- अराजकता फैलाना चाहती है कांग्रेस, नेपाल-बांग्लादेश जैसे हालात नहीं बनने देंगे

BJP President Kiran Singhdeo: राजधानी रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कांग्रेस पर छात्रों के आंदोलन का राजनीतिकरण करने और देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और पेपर लीक जैसे मामलों में तत्काल कार्रवाई कर दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए हैं। छात्रों को किसी भी तरह का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा और अगर किसी प्रकार की क्षति हुई है तो उसकी भरपाई भी की जाएगी। किरण सिंह देव ने कहा कि छात्रों का आंदोलन मूल रूप से उनकी समस्याओं और पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर था, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने उसमें घुसपैठ कर उसका स्वरूप बदल दिया। कांग्रेस ने छात्रों के हितों की बजाय आंदोलन को अपने राजनीतिक एजेंडे का माध्यम बनाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने छात्रों के पक्ष में कोई ठोस बात नहीं की, बल्कि आंदोलन को राजनीतिक मंच में बदलने का प्रयास किया।

यह भी पढ़ें:- कांग्रेस ने किया खम्हारडीह थाने का घेराव, बीजेपी नेताओं पर काउंटर FIR की मांग, बैज ने कहा- कांग्रेस चूड़ी पहनकर नहीं बैठी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं को सरकार ने बेहद गंभीरता से लिया। जैसे ही मामला सामने आया, तत्काल जांच शुरू कराई गई और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि जहां आवश्यक हुआ, वहां दोबारा परीक्षाएं आयोजित कराई गईं और जो छात्र सफल हुए, वे आज खुशी मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता छात्रों का भविष्य सुरक्षित रखना है। किरण देव ने कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में 18 बार पेपर लीक की घटनाएं हुई थी। उन्होंने कहा कि उस समय कांग्रेस ने इस तरह की संवेदनशील घटनाओं पर गंभीरता नहीं दिखाई, जबकि वर्तमान सरकार ने त्वरित कार्रवाई की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पूरे देश में अराजकता का माहौल पैदा करना चाहती है। (BJP President Kiran Singhdeo)

संसद में चर्चा से भाग रही कांग्रेस: किरण देव

उन्होंने कहा कि हाल के समय में नेपाल और बांग्लादेश जैसे देशों में जिस तरह की राजनीतिक अस्थिरता देखने को मिली, कांग्रेस उसी तरह का वातावरण भारत में बनाने की कोशिश कर रही है। हालांकि उन्होंने कहा कि भारत ऋषि-मुनियों की परंपरा, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक समरसता वाला देश है और यहां ऐसे प्रयास कभी सफल नहीं होंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने आगे कहा कि केंद्र सरकार छात्रों के मुद्दे समेत हर विषय पर संसद में चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन कांग्रेस चर्चा से बच रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद इस विषय पर सदन में चर्चा चाहते हैं, ताकि सभी पक्ष अपनी बात रख सकें, लेकिन विपक्ष बार-बार संसद की कार्यवाही बाधित कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू समेत सरकार की ओर से विपक्ष को कई बार चर्चा के लिए आमंत्रित किया गया, लेकिन कांग्रेस ने सकारात्मक जवाब नहीं दिया। किरण सिंह देव ने कहा कि विपक्ष के भीतर भी इस मुद्दे पर मतभेद हैं और समाजवादी पार्टी जैसे सहयोगी दल भी संसद में चर्चा के पक्ष में हैं।

राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना

प्रेस कॉन्फ्रेंस में किरण सिंह देव ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हाथ में संविधान की छोटी-सी प्रति लेकर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश करते हैं और यह संदेश देते हैं कि संविधान खतरे में है, जबकि संविधान को सबसे ज्यादा नुकसान कांग्रेस ने अपने शासनकाल में पहुंचाया। उन्होंने कहा कि आपातकाल लोकतंत्र और संविधान पर सबसे बड़ा हमला था और इसे कांग्रेस ने ही लागू किया था। इसलिए कांग्रेस को संविधान बचाने की बात करने से पहले अपने इतिहास पर नजर डालनी चाहिए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिर्फ भाजपा के नेता नहीं, बल्कि पूरे देश का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनके खिलाफ अपमानजनक और अमर्यादित भाषा का प्रयोग भारतीय संस्कृति और लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता लगातार प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते रहे हैं और सोशल मीडिया पर भी भाजपा नेताओं समेत प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां की जा रही हैं। (BJP President Kiran Singhdeo)

राजनीति में मर्यादा जरूरी: किरण सिंह देव

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास के बाहर बिना अनुमति धरना देना भी सुरक्षा मानकों के विपरीत और गैर-जिम्मेदाराना कदम है। कांग्रेस को संसद के भीतर चर्चा करनी चाहिए थी, लेकिन उसने राजनीतिक लाभ के लिए संवेदनशील स्थानों पर प्रदर्शन का रास्ता चुना।

किरण सिंह देव ने कांग्रेस पर राजनीतिक शिष्टाचार की मर्यादा तोड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने ‘बिलो द बेल्ट’ राजनीति की है। उन्होंने कहा कि भगवान राम की मर्यादा का उल्लेख करने वाली कांग्रेस खुद राजनीतिक मर्यादाओं का पालन नहीं कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करना भारतीय सभ्यता और संस्कृति का हिस्सा नहीं है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दोहराया कि सरकार छात्रों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं का समाधान लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह छात्रों के मुद्दे को समाधान की दिशा में ले जाने के बजाय उसे राजनीतिक हथियार बनाकर सरकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था को बदनाम करने का प्रयास कर रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!