धर्मेंद्र प्रधान एक क्रिमिनल एजुकेशन मिनिस्टर हैं, उन्हें हटाना होगा: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी

Rahul on Dharmendra Pradhan: NEET पेपर लीक और छात्रों के आंदोलन को लेकर सियासत अब अपने चरम पर पहुंच गई है। संसद से लेकर सड़क तक विपक्ष सरकार पर लगातार हमलावर है। इस बीच नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने की मांग करते हुए उन्हें क्रिमिनल एजुकेशन मिनिस्टर तक कह दिया। दरअसल, राहुल ने अपने आवास 10 जनपथ पर छात्रों के प्रदर्शन में घायल एक स्टूडेंट के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की और कहा कि जब ये युवा हाथों में हिंदुस्तान का तिरंगा लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहा था, तब इसे पैलेट गन से मारा गया। सरकार कहती है कि प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन का इस्तेमाल नहीं हुआ, लेकिन सच्चाई आपके सामने है। इनके ऊपर पैलेट गन से हमला किया गया, जिससे इनकी आंख खराब हो गई है, दिखना बंद हो गया है।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि ऐसे हजारों युवाओं पर पैलेट गन चलाई गई है, इन्हें लाठियों से मारा-पीटा गया है। वो भी इसलिए, क्योंकि इन युवाओं का पेपर लीक हुआ है, जिसके खिलाफ ये प्रदर्शन कर रहे थे। धर्मेंद्र प्रधान एक क्रिमिनल एजुकेशन मिनिस्टर हैं। उन्हें हटाना होगा। वह हमारे एजुकेशन सिस्टम के खत्म होने की निशानी हैं। उन्हें जाना होगा। वह ही वजह हैं कि हजारों लोग बाहर हैं। उन्हें जाना होगा। मोदी सरकार ने देश के भविष्य पर हमला किया है, जो सिर्फ तीन मांगें रख रहे हैं। छात्रों की मांग है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें। छात्रों से बर्बरता करने वालों पर सख्त एक्शन हो। नरेंद्र मोदी छात्रों और देश से माफी मांगें। (Rahul on Dharmendra Pradhan)

राहुल ने कहा कि कई युवाओं को गंभीर चोटें आईं हैं। मैं पक्के तौर पर यह भी नहीं कह सकता कि इस युवा की आंखों की रोशनी बच पाएगी या नहीं। सरकार हमारे छात्रों को डराना-धमकाना और मारना बंद करे, साथ ही इनकी मांगों को पूरा किया जाए। दरअसल, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने साहिल से मुलाकात की, जो 20 जुलाई को हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस की पैलेट फायरिंग में घायल हो गया था। इसे लेकर उन्होंने कहा कि यह बात स्वीकार्य नहीं है कि जायज चिंताएं उठाने और सरकार को जवाबदेह ठहराने के लिए छात्रों पर हमले किए जाएं। हम अपने छात्रों के साथ खड़े हैं। हम उनकी मांगों के साथ खड़े हैं। (Rahul on Dharmendra Pradhan)
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा- 20 जुलाई को दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे 19 साल के साहिल के चेहरे पर दिल्ली पुलिस ने पेलेट गन से हमला किया। साहिल दिल्ली विश्वविद्यालय का छात्र है, लेकिन परिवार को सहारा देने के लिए वो पार्ट-टाइम कार भी चलाता है। वो खुद 2025 के SSC दिल्ली कॉन्स्टेबल पेपर लीक का शिकार है। अब उसे डर है कि SSC ने फिर से उसी एजेंसी को ठेका दिया है और फिर से पेपर लीक हो जाएगा। इंसाफ और बेहतर भविष्य की मांग के साथ वह प्रदर्शन में शामिल हुआ था। आज हालत ये है कि उसकी एक आंख की रोशनी हमेशा के लिए जाने का खतरा है। ये सजा मिलती है हमारे छात्रों को सवाल पूछने और जवाबदेही मांगने की। हम साहिल के साथ हैं। हम जवाबदेही मांग रहे हर छात्र के साथ हैं। मोदी जी, देश के बच्चों से अपने इस गुनाह की माफी मांगिए, इसके दोषियों पर कड़ी कार्रवाई कीजिए और धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत बर्खास्त कीजिए।



