अमेरिका-इजराइल से जंग के बाद ईरान को रूस का सहारा ! कैस्पियन सागर के रास्ते मिसाइल-ड्रोन पार्ट्स की सप्लाई

Russia Support Iran: रूस और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य सहयोग को लेकर एक अहम रिपोर्ट सामने आई है। जानकारी के मुताबिक रूस एक गुप्त समुद्री रास्ते के जरिए ईरान को सैन्य सामान की सप्लाई कर रहा है। इस खेप में TNT विस्फोटक, ड्रोन के पार्ट्स और गोला-बारूद के अलावा बैलिस्टिक मिसाइलों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कुछ जरूरी हिस्से भी शामिल हो सकते हैं। रिपोर्ट में एक यूरोपीय सरकार के दस्तावेज का हवाला दिया गया है। दस्तावेज और सैटेलाइट तस्वीरों के आधार पर आशंका जताई गई है कि रूस से ईरान भेजे जा रहे सामान में मिसाइल निर्माण से जुड़े पार्ट्स भी हो सकते हैं। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब अमेरिका और इजराइल के साथ हालिया संघर्ष के दौरान ईरान के सैन्य भंडार को काफी नुकसान पहुंचने की बात कही गई थी।
यह भी पढे़ं:- सूरत में रेस्टोरेंट का खाना खाने के बाद 5 साल की बच्ची की मौत, परिवार के 4 सदस्य अस्पताल में भर्ती
रिपोर्ट के मुताबिक रूस इस सैन्य सामान को कैस्पियन सागर के रास्ते ईरान तक पहुंचा रहा है। कैस्पियन सागर से रूस, ईरान, कजाकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान और अजरबैजान की सीमाएं लगती हैं। इस समुद्री रास्ते का इस्तेमाल कथित तौर पर पश्चिमी देशों की निगरानी से बचने के लिए किया जा रहा है। कैस्पियन सागर से गुजरने वाले जहाज अपना ऑटोमैटिक आइडेंटिफिकेशन सिस्टम (AIS) बंद कर सकते हैं। AIS बंद होने पर जहाज की लोकेशन और आवाजाही को ट्रैक करना काफी मुश्किल हो जाता है। इसी वजह से कैस्पियन सागर को रूस और ईरान के बीच एक तरह के रणनीतिक ‘बैकडोर रूट’ के तौर पर देखा जा रहा है। इसके जरिए दोनों देशों के बीच सैन्य और अन्य संवेदनशील सामान की आवाजाही पर पश्चिमी निगरानी से बचने की संभावना बढ़ जाती है। (Russia Support Iran)
कैस्पियन सागर की कानूनी स्थिति क्या है ?
कैस्पियन सागर की कानूनी स्थिति को लेकर लंबे समय तक रूस, ईरान, कजाकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान और अजरबैजान के बीच विवाद रहा। साल 2018 में इन पांच देशों ने ‘कैस्पियन सागर की कानूनी स्थिति पर कन्वेंशन’ पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते में समुद्री सीमाओं, संसाधनों और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर व्यवस्था तय की गई। समझौते के तहत कैस्पियन सागर के तटीय देशों को यहां के संसाधनों और सुरक्षा से जुड़े मामलों में विशेष अधिकार मिलते हैं। साथ ही किसी बाहरी देश की सेना को इस क्षेत्र में तैनात करने पर रोक है। ऐसे में कैस्पियन सागर इन पांच देशों के रणनीतिक प्रभाव वाला क्षेत्र बना हुआ है। रूस और ईरान के सैन्य संबंध यूक्रेन युद्ध के दौरान भी चर्चा में रहे हैं। युद्ध के दौरान ईरान पर रूस को शाहेद ड्रोन उपलब्ध कराने के आरोप लगे थे। अब सामने आई रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि परिस्थितियां कुछ हद तक उलट गई हैं और रूस ईरान के घटे सैन्य भंडार को दोबारा मजबूत करने में मदद कर रहा है। (Russia Support Iran)

रूस की सप्लाई ऐसे समय सामने आई है, जब इजराइल ने ईरान के सैन्य और सप्लाई नेटवर्क को निशाना बनाया था। द टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के मुताबिक इजराइली हमलों में ईरान के बंदर अंजली पोर्ट की कुछ सुविधाओं और ईरानी नौसेना से जुड़े ठिकानों को नुकसान पहुंचा था। बंदर अंजली कैस्पियन सागर से जुड़े ईरान के अहम बंदरगाहों में शामिल है और सैन्य सामान की समुद्री आवाजाही में इसकी रणनीतिक भूमिका मानी जाती है। ईरान सिर्फ रूस पर निर्भर नहीं है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान अपने बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम के लिए रूस और चीन में बने कुछ पार्ट्स का इस्तेमाल भी बढ़ा रहा है। ईरान के रक्षा मंत्रालय और सशस्त्र बलों की लॉजिस्टिक्स संस्था की ओर से इन विदेशी पार्ट्स का इस्तेमाल घरेलू स्तर पर बनने वाली बैलिस्टिक मिसाइलों में किए जाने की बात सामने आई है। इनका इस्तेमाल खास तौर पर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की एयरोस्पेस फोर्स से जुड़े कार्यक्रमों में होने का दावा है।
रूस से सैटेलाइट तस्वीरें मिलने का भी दावा
यह ईरान की कथित ‘लुक ईस्ट’ रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। इसके तहत ईरान पश्चिमी देशों पर अपनी निर्भरता कम करने और रूस तथा चीन के साथ सैन्य, तकनीकी और रणनीतिक सहयोग बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि रूस ईरान को सैटेलाइट तस्वीरें उपलब्ध करा रहा है। इन तस्वीरों का इस्तेमाल ईरानी सेना सैन्य ठिकानों की निगरानी और संभावित लक्ष्यों की पहचान के लिए कर सकती है। वहीं चीन से ईरान को बेईदोऊ नेविगेशन सिस्टम, रडार और निगरानी तकनीक जैसी क्षमताओं में सहयोग मिलने की बात कही गई है। इसके अलावा ठोस ईंधन वाली मिसाइलों के उत्पादन से जुड़ी तकनीकी और औद्योगिक सहायता की भी चर्चा है।
रूस ने सैन्य मदद के आरोपों से किया है इनकार
बता दें कि रूस और ईरान ने इन कथित सैन्य सप्लाई को लेकर सार्वजनिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं की है। रूस पहले भी ईरान को सैन्य सामग्री की आपूर्ति से जुड़ी खबरों को खारिज करता रहा है। मॉस्को का कहना रहा है कि दोनों देशों के बीच घोषित सैन्य सहयोग के अलावा किसी तरह की सैन्य सामग्री की आपूर्ति के आरोपों को स्वीकार नहीं किया गया है। वहीं पश्चिमी खुफिया एजेंसियों ने सार्वजनिक रूप से यह स्पष्ट नहीं किया है कि हालिया संघर्षों के बाद ईरान अपने सैन्य भंडार को कितनी तेजी से दोबारा तैयार कर रहा है। हालांकि सामने आई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इजराइली खुफिया एजेंसियां ईरान की मिसाइल क्षमता के अपेक्षाकृत तेजी से दोबारा तैयार होने को लेकर हैरान थीं। (Russia Support Iran)
रूस-ईरान सैन्य गठजोड़ पर बढ़ी नजर
अगर रूस की ओर से ईरान को सैन्य सामान भेजे जाने के दावे सही साबित होते हैं, तो यह दोनों देशों के बीच बढ़ते रणनीतिक और सैन्य सहयोग का एक और संकेत होगा। कैस्पियन सागर का इस्तेमाल कथित तौर पर सप्लाई रूट के तौर पर किया जाना इस पूरे मामले को और संवेदनशील बनाता है। एक तरफ ईरान रूस और चीन के साथ अपने सैन्य और तकनीकी संबंध मजबूत कर रहा है, तो दूसरी तरफ पश्चिमी देश ईरान के मिसाइल और ड्रोन कार्यक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। ऐसे में रूस के कथित सीक्रेट सप्लाई रूट की खबर आने के बाद कैस्पियन सागर की रणनीतिक अहमियत और ईरान की सैन्य क्षमता को लेकर निगरानी और बढ़ सकती है। यानी ईरान के कमजोर पड़े सैन्य भंडार को दोबारा मजबूत करने के लिए रूस और चीन का साथ कितना कारगर साबित हो रहा है, इस पर दुनिया की नजर है। अगर रूस के इस कथित सीक्रेट सप्लाई रूट की पुष्टि होती है तो यह सिर्फ ईरान की सैन्य ताकत बढ़ने का संकेत नहीं होगा, बल्कि पश्चिमी देशों के लिए एक नई रणनीतिक चुनौती भी बन सकते हैं।



