36 हजार किमी ऊपर से दुश्मन की हर चाल पर नजर, भारत को मिला नया ‘स्पेस वॉचटावर’

Indias EOS 05 Launch: भारत ने अंतरिक्ष निगरानी के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन यानी ISRO ने गुरुवार देर रात 2 बजकर 55 मिनट पर EOS-05 अर्थ ऑब्जर्वेशन सैटेलाइट को सफलतापूर्वक लॉन्च किया। इसे आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के सेकेंड लॉन्च पैड से GSLV-F17 रॉकेट के जरिए अंतरिक्ष में भेजा गया। EOS-05 की सबसे बड़ी खासियत इसकी कक्षा है। यह सैटेलाइट पृथ्वी से करीब 36 हजार किलोमीटर की ऊंचाई पर जियोसिंक्रोनस ऑर्बिट में रहकर धरती की लगातार तस्वीरें लेगा।
यह भी पढ़ें:- देशभर में जन्माष्टमी की धूम, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री साय तक ने दी शुभकामनाएं
भारत के लिए यह इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे पहले भारतीय इमेजिंग सैटेलाइट मुख्य रूप से निचली कक्षाओं में काम करते रहे हैं। EOS-05 पहली ऐसी भारतीय इमेजिंग क्षमता है, जिसे इतनी ऊंची जियोसिंक्रोनस कक्षा से बड़े इलाके की बार-बार निगरानी के लिए डिजाइन किया गया है। इस सैटेलाइट की मदद से भारत और उसके आसपास के बड़े भूभाग पर लगातार नजर रखी जा सकेगी। खासतौर पर पाकिस्तान और चीन से लगी संवेदनशील सीमाओं और रणनीतिक इलाकों की निगरानी में इसका इस्तेमाल अहम हो सकता है। ऊंची कक्षा में होने के कारण EOS-05 किसी छोटे इलाके की बेहद बारीक तस्वीर लेने के बजाय बड़े क्षेत्र की नियमित तस्वीरें और डेटा उपलब्ध कराएगा।
जियोसिंक्रोनस ऑर्बिट क्यों है खास ?
EOS-05 लॉन्च के करीब 18 मिनट बाद सब-जियोसिंक्रोनस ट्रांसफर ऑर्बिट में पहुंच गया। अब सैटेलाइट को आगे की प्रक्रिया के जरिए करीब 36 हजार किलोमीटर की अपनी अंतिम कक्षा में स्थापित किया जाएगा। जियोसिंक्रोनस ऑर्बिट पृथ्वी से करीब 35,786 किलोमीटर ऊपर स्थित होती है। इस कक्षा में सैटेलाइट पृथ्वी का चक्कर लगभग 24 घंटे में पूरा करता है। इसका मतलब यह है कि उसकी गति पृथ्वी के घूमने के साथ तालमेल बनाए रखती है और वह एक बड़े क्षेत्र की लगातार निगरानी के लिए उपयोगी होता है। इसके मुकाबले लो अर्थ ऑर्बिट यानी LEO पृथ्वी के काफी करीब होती है। यहां मौजूद सैटेलाइट बहुत तेजी से पृथ्वी का चक्कर लगाते हैं और किसी खास इलाके के ऊपर सीमित समय के लिए ही रहते हैं। EOS-05 की ऊंची कक्षा का फायदा यह होगा कि भारत और आसपास के बड़े इलाकों की बार-बार तस्वीरें और डेटा हासिल किए जा सकेंगे।

रणनीतिक निगरानी के साथ इसका इस्तेमाल प्राकृतिक आपदाओं की निगरानी में भी किया जाएगा। बाढ़, चक्रवात, भारी बारिश, भूस्खलन और जंगलों की आग जैसी घटनाओं पर नजर रखने में सैटेलाइट से मिलने वाला डेटा मददगार होगा। इससे संभावित खतरे का जल्दी पता लगाने, नुकसान का आकलन करने और राहत-बचाव की तैयारियों को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है। EOS-05 में दो मल्टीस्पेक्ट्रल इमेजर लगाए गए हैं। ये कैमरे अलग-अलग प्रकाश तरंगों में धरती की तस्वीरें लेते हैं। इससे जमीन, पानी, वनस्पति और पर्यावरण में होने वाले बदलावों की जानकारी हासिल की जा सकती है। ISRO के प्रमुख वी. नारायणन ने बताया है कि संगठन इस साल छह और मिशन लॉन्च करने के लक्ष्य पर काम कर रहा है। EOS-05 का सफल प्रक्षेपण ऐसे समय हुआ है, जब ISRO के पिछले दो लॉन्च मिशन असफल रहे थे। (Indias EOS 05 Launch)

इससे पहले PSLV-C62 मिशन 12 जनवरी 2026 को और PSLV-C61 मिशन 18 मई 2025 को सफल नहीं हो पाए थे। EOS-05 की सफलता इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि यह भारत की अर्थ ऑब्जर्वेशन और अंतरिक्ष आधारित निगरानी क्षमता को एक नई ऊंचाई देने वाला मिशन है। 36 हजार किलोमीटर की ऊंचाई से अब भारत की नजर सिर्फ अपनी जमीन पर नहीं, बल्कि उन इलाकों पर भी होगी जो सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम हैं। EOS-05 की लगातार मिलती तस्वीरें सीमा पर निगरानी को मजबूत करने के साथ-साथ किसी भी प्राकृतिक आपदा के वक्त तुरंत जानकारी देने में मदद करेंगी। यानी अंतरिक्ष में भारत की एक ऐसी नई आंख तैनात हो गई है, जो दूर रहकर भी जमीन पर होने वाले हर बड़े बदलाव पर नजर रखेगी। (Indias EOS 05 Launch)



