Google Analytics —— Meta Pixel

राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री ने शिक्षकों को दी शुभकामनाएं, बोले- स्टूडेंट्स में जगाएं जिज्ञासा और स्वतंत्र सोच

Teachers Day 2026: देशभर में आज शिक्षक दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के शिक्षकों को शुभकामनाएं दी और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को रेखांकित किया। वहीं केंद्रीय स्तर पर युवाओं और शिक्षा से जुड़े कई अहम कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इसी कड़ी में कॉरपोरेट मित्र पाठ्यक्रम के पहले बैच की शुरुआत हुई, जिसमें 2,879 शिक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है। दूसरी ओर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नई दिल्ली में आयोजित नॉर्थईस्ट स्टूडेंट्स फेस्ट में पूर्वोत्तर के युवाओं को विकसित भारत का प्रमुख आधार बताया। शिक्षक दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस भारत के पूर्व राष्ट्रपति और महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। राष्ट्रपति ने डॉ. राधाकृष्णन को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके शिक्षक और दार्शनिक के रूप में योगदान को याद किया।

यह भी पढ़ें:- PM नरेंद्र मोदी ने शिक्षकों से कहा- बच्चों की जिज्ञासा को दबाएं नहीं, सही दिशा दें, उनके बदलते व्यवहार पर नजर रखें

राष्ट्रपति ने कहा कि शिक्षक अपने मार्गदर्शन और सहयोग से विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारते हैं और उन्हें चरित्रवान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक का दायित्व केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें एक बेहतर इंसान के रूप में विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि एक समर्पित और संवेदनशील शिक्षक विद्यार्थियों की विशिष्ट क्षमताओं को पहचानता है, उनके लिए प्रेरणा का स्रोत बनता है और उन्हें अपने कार्यों में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए सक्षम बनाता है। राष्ट्रपति ने शिक्षकों से प्रौद्योगिकी को अपनाने और लगातार अपने ज्ञान को बढ़ाते रहने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को शिक्षण की नवीन पद्धतियों को अपनाने के साथ-साथ विद्यार्थियों में स्वतंत्र सोच और जिज्ञासा की भावना विकसित करनी चाहिए। राष्ट्रपति ने देश के सभी समर्पित शिक्षकों के योगदान के प्रति आभार जताते हुए कामना की कि शिक्षक ऐसी प्रबुद्ध पीढ़ियों का निर्माण करें, जो देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सक्षम हों। (Teachers Day 2026)

प्रधानमंत्री मोदी ने डॉ. राधाकृष्णन को किया याद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शिक्षक दिवस पर देश के शिक्षकों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस समाज में शिक्षकों के महत्वपूर्ण योगदान को सम्मान देने और उसकी सराहना करने का अवसर है। साथ ही यह दिन डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि अर्पित करने का भी अवसर है। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार विजेताओं के साथ हुई मुलाकात की झलकियां भी साझा की। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार विजेताओं को नई दिल्ली स्थित 7, लोक कल्याण मार्ग पर आमंत्रित किया गया था, जहां उनके साथ संवाद हुआ। शिक्षा और कौशल विकास से जुड़े प्रयासों के बीच केंद्र सरकार ने एमएसएमई क्षेत्र के लिए कॉरपोरेट मित्र पहल की शुरुआत की है। कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय के मार्गदर्शन में भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (ICAI), भारतीय कंपनी सचिव संस्थान (ICSI) और भारतीय लागत लेखाकार संस्थान (ICMAI) ने मिलकर कॉरपोरेट मित्र पाठ्यक्रम शुरू किया है।

कॉरपोरेट मित्र लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम का शुभारंभ

इस पाठ्यक्रम के पहले बैच में 2,879 शिक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है। नई दिल्ली स्थित ICAI मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कॉरपोरेट मित्र लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम के संरचित शिक्षण और क्षमता विकास चरण की शुरुआत हुई। केंद्र सरकार ने केंद्रीय बजट 2026-27 में कॉरपोरेट मित्र पहल की घोषणा की थी। इसका उद्देश्य प्रशिक्षित और प्रमाणित पैरा-प्रोफेशनल्स का एक ऐसा समूह तैयार करना है, जो सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों यानी MSMEs को व्यावसायिक और नियामकीय अनुपालनों को पूरा करने में मदद कर सके। इस पहल में ICAI, ICSI और ICMAI की विशेषज्ञता को IIT मद्रास, IIT मद्रास प्रवर्तक और स्वयं प्लस के तकनीकी एवं शैक्षणिक सहयोग के साथ जोड़ा गया है। (Teachers Day 2026)

12 महीने का होगा कॉरपोरेट मित्र पाठ्यक्रम

 कॉरपोरेट मित्र पाठ्यक्रम की कुल अवधि 12 महीने रखी गई है। इसे दो चरणों में बांटा गया है। पहले छह महीनों में करीब 150 घंटे का संरचित शैक्षणिक प्रशिक्षण रिकॉर्ड किए गए वीडियो व्याख्यानों के माध्यम से दिया जाएगा। इसके बाद अगले छह महीनों में ICAI, ICSI और ICMAI के सदस्यों की प्रोफेशनल फर्मों में कार्यस्थल पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे शिक्षार्थियों को वास्तविक कार्यस्थल का व्यावहारिक अनुभव मिल सकेगा। डिजिटल लर्निंग सिस्टम के जरिए शिक्षार्थियों को विशेषज्ञों के रिकॉर्डेड व्याख्यान, अध्ययन सामग्री, मूल्यांकन, घोषणाएं, FAQ और चर्चा मंच जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय की संयुक्त सचिव अनीता शाह अकेला ने कहा कि कॉरपोरेट मित्र का उद्देश्य अनुपालन की प्रक्रिया को कम जटिल बनाना और उद्यमियों के लिए जरूरी जानकारी को अधिक सुलभ बनाना है। उन्होंने कहा कि पहल का मकसद अनुपालन को बोझ के बजाय विश्वास, पारदर्शिता, जवाबदेही और व्यवस्थित विकास का माध्यम बनाना है।

नॉर्थईस्ट स्टूडेंट्स फेस्ट में पहुंचे सिंधिया

इधर, केंद्रीय संचार और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित 9वें नॉर्थईस्ट स्टूडेंट्स फेस्ट में शामिल हुए। उन्होंने पूर्वोत्तर राज्यों से आए छात्रों और युवाओं से बातचीत की और क्षेत्र की युवा प्रतिभाओं की उपलब्धियों को रेखांकित किया। कार्यक्रम के दौरान नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के पीड़ितों के प्रति भी एकजुटता व्यक्त की गई। सिंधिया ने सभा में बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों की याद में दो मिनट का मौन रखने का आग्रह किया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। सिंधिया ने कहा कि नॉर्थईस्ट स्टूडेंट्स फेस्ट पूर्वोत्तर की जीवंत संस्कृति, रचनात्मकता और युवाओं की ऊर्जा का उत्सव है। उन्होंने पिछले 21 सालों में माई होम इंडिया की भूमिका का भी उल्लेख किया और कहा कि इस पहल ने राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और युवा सशक्तिकरण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। (Teachers Day 2026)

उन्होंने कहा कि यह पहल कभी पूर्वोत्तर के छात्रों के लिए ‘घर से दूर एक घर’ के तौर पर शुरू हुई थी, लेकिन आज यह एक राष्ट्रीय मंच बन चुकी है, जहां देश के युवा अपनी विविधता के साथ-साथ साझा राष्ट्रीय बंधनों का भी उत्सव मनाते हैं। भारत की नदियों का उदाहरण देते हुए सिंधिया ने कहा कि गंगा, यमुना, सरस्वती और ब्रह्मपुत्र अलग-अलग क्षेत्रों से निकलती हैं और अलग-अलग भू-दृश्यों से होकर गुजरती हैं, लेकिन अंततः एक शक्तिशाली प्रवाह का हिस्सा बनती हैं। उन्होंने इसे भारत की विविधता में एकता का प्रतीक बताया। सिंधिया ने पूर्वोत्तर के युवाओं को क्षेत्र का असली विकास इंजन बताते हुए कहा कि यही युवा ‘विकसित भारत 2047’ की नींव रखने और भारत के भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने खेल, संगीत, शिक्षा, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में पूर्वोत्तर की युवा प्रतिभाओं की उपलब्धियों का उल्लेख किया। इस दौरान उन्होंने मीराबाई चानू और लवलीना बोरगोहेन जैसी खिलाड़ियों की उपलब्धियों को पूर्वोत्तर से निकल रही प्रतिभा का उदाहरण बताया। कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय मंत्री ने डांस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले छात्रों और प्रतिभागियों को सम्मानित किया। साथ ही सभी विजेताओं को बधाई दी।

Back to top button
error: Content is protected !!