Google Analytics —— Meta Pixel

दिल्ली में 3 साल में 1133 बार गिरी इमारतें, 98 लोगों की मौत, प्रधानमंत्री ने सत्य निकेतन हादसे पर जताया दुख

Delhi Building Collapse Accidents: दिल्ली में इमारतों के गिरने की घटनाएं राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। आंकड़े बताते हैं कि पिछले तीन साल में दिल्ली में इमारत गिरने की 1,133 घटनाएं सामने आई हैं। इन हादसों में 98 लोगों की मौत हुई, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल भी हुए हैं। दिल्ली फायर सर्विस के आंकड़ों के मुताबिक साल 2022-23 में इमारत गिरने की 349 घटनाएं हुईं। इन हादसों में 23 लोगों की मौत हुई और 171 लोग घायल हुए। इसके बाद 2023-24 में घटनाओं की संख्या बढ़कर 371 हो गई। इस दौरान इमारत गिरने से 32 लोगों की जान गई, जबकि 187 लोग घायल हुए।

यह भी पढ़ें:- दिल्ली के सत्य निकेतन में ढही पांच मंजिला इमारत, 7 लोगों की मौत, मालिक राजस्थान से गिरफ्तार 

वहीं 2024-25 में अप्रैल 2024 से जनवरी 2025 तक ही 413 मामले सामने आए। इस अवधि में 43 लोगों की मौत हुई और 315 लोग घायल हुए। यानी उपलब्ध आंकड़ों में तीसरे साल इमारत गिरने की घटनाओं और मौतों दोनों में बढ़ोतरी दिखाई देती है। ताजा मामला दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके का है, जहां पांच मंजिला इमारत गिरने से 7 लोगों की मौत हो चुकी है। हादसे के बाद मलबे में दबे लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। सत्य निकेतन हादसे में स्थानीय लोगों ने दावा किया था कि इमारत के बेसमेंट में कई दिनों से तोड़फोड़ का काम चल रहा था। इसी दौरान एक पिलर खिसकने के बाद पूरी इमारत ढह गई। हादसे के बाद इमारत के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और दिल्ली सरकार ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं।

बढ़ती चिंता की ओर इशारा कर रहे आंकड़े

दिल्ली फायर सर्विस के आंकड़ों में सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि 2024-25 के आंकड़े पूरे वित्त वर्ष के नहीं हैं। अप्रैल 2024 से जनवरी 2025 यानी सिर्फ 10 महीने में ही 413 इमारत गिरने की घटनाएं दर्ज की गईं। इस दौरान मौतों का आंकड़ा भी 43 तक पहुंच गया। यानी राजधानी में जर्जर और कमजोर इमारतों की समस्या सिर्फ किसी एक इलाके तक सीमित नहीं है। लगातार सामने आ रहे हादसे यह सवाल खड़ा कर रहे हैं कि पुरानी इमारतों की नियमित जांच, अवैध निर्माण और निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों की निगरानी कितनी प्रभावी है। (Delhi Building Collapse Accidents)

PM ने सत्य निकेतन हादसे पर जताया दुख

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्य निकेतन में इमारत गिरने से हुई मौतों पर दुख जताया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि अधिकारी घटनास्थल पर सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं और हादसे से प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जा रही है, लेकिन दिल्ली में पिछले तीन साल के ये आंकड़े यह सवाल जरूर खड़ा करते हैं कि 1133 इमारत गिरने की घटनाओं के बाद भी राजधानी में इमारतों की सुरक्षा को लेकर स्थायी और प्रभावी व्यवस्था कितनी मजबूत हुई है। (Delhi Building Collapse Accidents)

Back to top button
error: Content is protected !!