G20 बैठक में भारत का टेक्नोलॉजी पर बड़ा दांव, AI सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर पर अमेरिका समेत इन देशों से बढ़ाया सहयोग

G20 Innovation Meeting 2026: केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने 1 और 2 सितंबर 2026 को अमेरिका के उत्तरी कैरोलिना स्थित चैपल हिल में आयोजित G20 नवाचार मंत्री बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। बैठक में G20 देशों ने नवाचार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI, डिजिटल तकनीक, अनुसंधान, तकनीकी कौशल और औद्योगिक आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करने पर चर्चा की। बैठक के अंत में सभी देशों ने नवाचार मंत्रिस्तरीय वक्तव्य पर सहमति जताई। बैठक की मेजबानी अमेरिकी वाणिज्य विभाग और व्हाइट हाउस के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी नीति कार्यालय (OSTP) ने की। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के संयुक्त सचिव अजीत कुमार समेत मंत्रालय, विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग, उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग और अमेरिका में भारतीय दूतावास के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।
यह भी पढ़ें:- महिलाओं के सशक्तिकरण के बिना भारत एक विकसित राष्ट्र के रूप में आगे नहीं बढ़ सकता: स्पीकर ओम बिरला
G20 नवाचार मंत्रिस्तरीय वक्तव्य में उभरती तकनीकों को आर्थिक विकास और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया गया। देशों ने छह प्रमुख क्षेत्रों को लेकर व्यापक सहमति जताई। इनमें नवाचार को बढ़ावा देने वाली नीतियां, तकनीक के जरिए अवसर और आर्थिक समृद्धि, तकनीकी रूप से कुशल कार्यबल तैयार करना, AI के लिए बौद्धिक संपदा से जुड़ी नीतियां, AI और तकनीकी मानक समेत औद्योगिक नवाचार और आपूर्ति श्रृंखलाओं में निवेश शामिल हैं। G20 देशों ने यह भी माना कि नई और उभरती तकनीकें उत्पादकता बढ़ाने, आर्थिक विकास को गति देने और आम लोगों के लिए नए अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
उभरती तकनीकों के लिए कैरोलिना सिद्धांत पर सहमति
बैठक में उभरती तकनीकों को लेकर कैरोलिना सिद्धांतों पर भी सहमति बनी। इसके तहत देशों से मूलभूत अनुसंधान में निवेश बढ़ाने, नई तकनीकों को बाजार तक पहुंचाने के रास्ते मजबूत करने और भरोसेमंद तकनीकों को अपनाने की दिशा में काम करने का आह्वान किया गया। इसके अलावा बैठक में AI समृद्धि उद्देश्य और AI समृद्धि समझौते से जुड़े परिणाम भी सामने आए। इनका मकसद G20 देशों में तकनीकी रूप से कुशल कार्यबल तैयार करना और इस क्षेत्र में निजी कंपनियों की भागीदारी के अवसर बढ़ाना है। G20 बैठक के दौरान भारत ने अमेरिका के साथ भी कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लटनिक के साथ द्विपक्षीय बैठक की।

बैठक में सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा सेंटर जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग मजबूत करने पर चर्चा हुई। जितिन प्रसाद ने भारत के India Semiconductor Mission 2.0 (ISM 2.0) में अमेरिकी निवेश की संभावनाओं को बढ़ाने पर जोर दिया। दोनों पक्षों ने AI तकनीक में साझेदारी को मजबूत करने और AI की सुरक्षा के लिए साझा तंत्र विकसित करने की संभावना पर भी विचार किया। यूरोपीय आयोग की कार्यकारी उपाध्यक्ष हेन्ना विर्ककुनेन के साथ हुई बैठक में भारत और यूरोपीय संघ के बीच नवाचार सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने ऐसे भरोसेमंद डिजिटल इकोसिस्टम विकसित करने की जरूरत पर जोर दिया, जिससे तकनीक आधारित विकास और साझा आर्थिक समृद्धि को बढ़ावा मिल सके। (G20 Innovation Meeting 2026)

फ्रांस के साथ AI और डिजिटल तकनीक में साझेदारी
फ्रांस की AI और डिजिटल कार्य मंत्री ऐनी ले हेनानफ के साथ बैठक में भारत और फ्रांस ने AI और डिजिटल तकनीकों में सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा की। दोनों देशों ने तकनीक आधारित नवाचार को मजबूत करने और भरोसेमंद डिजिटल भविष्य के लिए साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। जर्मनी के संसदीय राज्य सचिव थॉमस जारज़ोम्बेक और डॉ. सिल्के लॉनर्ट के साथ बैठक में भारत-जर्मनी तकनीकी साझेदारी को आगे बढ़ाने के मुद्दे पर चर्चा हुई। बैठक में तकनीक, नवाचार और अनुसंधान के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग को और गहरा करने तथा भविष्य की जरूरतों के अनुरूप साझेदारी विकसित करने के अवसर तलाशे गए। अफ्रीकी संघ के शिक्षा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार आयुक्त प्रोफेसर गैस्पर्ड बन्यानकिम्बोना के साथ भी जितिन प्रसाद ने बातचीत की।
एंथ्रोपिक के सह-संस्थापक से AI पर चर्चा
इस दौरान अफ्रीकी देशों के साथ भारत की तकनीकी साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर दिया गया। भारत की ओर से अफ्रीकी देशों को Digital Public Infrastructure (DPI) सहित India Stack से जुड़े डिजिटल समाधान उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इसका उद्देश्य डिजिटल तकनीक के जरिए साझा विकास और नए आर्थिक अवसर पैदा करना है। जितिन प्रसाद ने AI क्षेत्र की कंपनी एंथ्रोपिक के सह-संस्थापक टॉम ब्राउन से भी मुलाकात की। इस दौरान AI के तेजी से बदलते क्षेत्र और इससे पैदा हो रहे नए अवसरों पर चर्चा हुई। बातचीत में भारतीय परिस्थितियों के अनुरूप AI के लिए मानदंड और मानक विकसित करने में सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।
ड्यूक विश्वविद्यालय पहुंचे जितिन प्रसाद
G20 बैठक के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री ने अमेरिका के प्रतिष्ठित ड्यूक विश्वविद्यालय का दौरा किया। यहां उन्होंने विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों, शिक्षकों और शोधकर्ताओं के साथ तकनीक, अनुसंधान, इंजीनियरिंग, AI, कंप्यूटर साइंस और स्वास्थ्य सेवा जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। दौरे के दौरान उन्होंने प्रैट स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग की रोबोटिक्स प्रयोगशाला का भी दौरा किया। यहां उन्होंने रोबोटिक्स, बायोमेडिकल सिमुलेशन, AI आधारित सेंसिंग, बायोमेडिकल डेटा और मशीन लर्निंग पर काम कर रहे शोधकर्ताओं और विशेषज्ञों से बातचीत की। इस दौरान भारत और अमेरिका के बीच शैक्षणिक और अनुसंधान सहयोग को और मजबूत करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। (G20 Innovation Meeting 2026)
AI से सेमीकंडक्टर तक भारत की रणनीति
जितिन प्रसाद की अमेरिका यात्रा के दौरान हुई बैठकों में एक बात प्रमुख रूप से सामने आई कि भारत अब AI और डिजिटल तकनीक को सिर्फ तकनीकी क्षेत्र तक सीमित नहीं रखना चाहता, बल्कि इसे आर्थिक विकास, रोजगार, अनुसंधान और औद्योगिक विकास से जोड़ने पर जोर दे रहा है। G20 मंच पर AI, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, तकनीकी कौशल और औद्योगिक नवाचार पर चर्चा के साथ ही अमेरिका के साथ सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर, यूरोपीय संघ के साथ डिजिटल इकोसिस्टम, फ्रांस के साथ AI, जर्मनी के साथ रिसर्च और अफ्रीकी संघ के साथ डिजिटल समाधान जैसे मुद्दों पर बातचीत हुई। इन बैठकों से यह संकेत मिलता है कि भारत AI, सेमीकंडक्टर, रोबोटिक्स, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और अन्य उभरती तकनीकों में अंतरराष्ट्रीय साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार का जोर इन तकनीकों में हुई प्रगति को नवाचार, आर्थिक विकास और आम लोगों के लिए बेहतर अवसरों में बदलने पर है।




