RAIPUR NEWS : पुलिस जवान ड्यूटी में व्यस्त, चोर पेट्रोलिंग गाड़ी से मोबाइल-नकदी ले उड़े

RAIPUR NEWS : राजधानी रायपुर में चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका एक मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र में सामने आया है। यहां ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस जवानों के वाहन से नीचे उतरते ही चोरों ने पेट्रोलिंग गाड़ी को ही निशाना बना लिया। आरोपी वाहन के अंदर से मोबाइल फोन, करीब 2 से 3 हजार रुपये नकद और गमछा चोरी कर ले गए। पूरी वारदात मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
ट्रैफिक व्यवस्था संभालने उतरे थे जवान
जानकारी के मुताबिक, घटना 10 सितंबर की रात आजाद चौक साई मंदिर के सामने की है। इलाके में ट्रैफिक का दबाव अधिक होने के कारण आजाद चौक थाना की पेट्रोलिंग टीम ने रात करीब 11 बजे अपना वाहन सड़क पर खड़ा किया था।
इसके बाद पुलिस जवान ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए वाहन से नीचे उतर गए। इसी दौरान चोरों ने मौका देखकर पेट्रोलिंग वाहन के अंदर रखा सामान पार कर दिया। (RAIPUR NEWS)
मोबाइल और नकदी के साथ गमछा भी चोरी
बताया जा रहा है कि चोरों ने पेट्रोलिंग वाहन से मोबाइल फोन, करीब 2 से 3 हजार रुपये नकद और एक गमछा चोरी किया। ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के बाद जब पुलिस जवान वापस वाहन के पास पहुंचे तो सामान गायब मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।
CCTV में कैद हुई चोरी की वारदात
चोरी की पूरी घटना सामने स्थित साई मंदिर में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस आसपास के इलाकों में भी संदिग्धों की तलाश कर रही है और अन्य सुराग जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस की गाड़ी ही बनी चोरों का निशाना
पेट्रोलिंग के लिए तैनात पुलिस वाहन से ही चोरी की घटना सामने आने के बाद राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जिस स्थान पर पुलिस जवान मौजूद थे, वहीं उनके वाहन से सामान चोरी होना पुलिस के लिए भी चुनौती माना जा रहा है।
फिलहाल आजाद चौक थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने और उनकी पहचान के प्रयास जारी हैं। (RAIPUR NEWS)
यह भी पढ़े :- छात्राओं से दुर्व्यवहार की शिकायत पर CM साय का बड़ा एक्शन, कलेक्टर-एसपी को दिए निर्देश



