उफनते नाले में बही श्रद्धालुओं से भरी कार, 8 लोगों की मौत, मृतकों में 3 बच्चे शामिल

Accident in Agar Malwa: मध्य प्रदेश के आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा में शनिवार तड़के हुए हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। मां बगलामुखी मंदिर दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं से भरी कार तेज बारिश के बाद उफन रहे बरसाती नाले के बहाव में बह गई। हादसे में 3 बच्चों समेत कुल 8 लोगों की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक मृतकों में 7 लोग ओडिशा के रहने वाले थे, जबकि कार चालक अरुण गोयल आगर-मालवा जिले के बड़ौद का निवासी था। श्रद्धालुओं ने उज्जैन से कार किराए पर ली थी। पुलिस के मुताबिक हादसा रात करीब 1:30 से 3 बजे के बीच हुआ। उस समय क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी और नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया था। शुरुआती जांच में डूबने से मौत की वजह सामने आई है। पुलिस मंदिर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
यह भी पढ़ें:- कैंसर के खिलाफ लड़ाई में मरीज को यह भरोसा दिलाना जरूरी कि वह अकेला नहीं : मुख्यमंत्री साय
हादसे की जगह मां बगलामुखी मंदिर के मुख्य द्वार से करीब 50 से 60 फीट की दूरी पर बताई जा रही है। मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को बरसाती नाले पर बनी पुलिया पार करनी पड़ती है। हादसे के समय पुलिया पर पानी का तेज बहाव था। जानकारी के मुताबिक कार बहने के बाद करीब 100 मीटर तक नाले में चली गई। यही वजह रही कि रात में तत्काल हादसे का पता नहीं चल सका। सुबह पानी कम होने पर नाले में कार की छत दिखाई दी, जिसके बाद स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस और तहसीलदार को सूचना दी। पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कार को बाहर निकाला गया तो उसके अंदर से 8 शव बरामद हुए। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

बारिश से बढ़ गया था नाले का बहाव
नलखेड़ा में पिछले 24 घंटे के दौरान करीब 3.7 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। रात में बारिश का जोर बढ़ने के बाद मंदिर के सामने से गुजरने वाले बरसाती नाले में पानी का बहाव तेज हो गया था। स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे के समय पुलिया पर करीब 3 से 4 फीट तक पानी था। पुलिया के एक तरफ की रैलिंग टूटी हुई होने की बात भी सामने आई है। हालांकि कार के रैलिंग से टकराने और इसी वजह से नाले में गिरने की बात की अभी पुष्टि नहीं हुई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिया और मंदिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान आमतौर पर पुलिया के मुहाने पर बैरिकेड्स लगाए जाते हैं, लेकिन हादसे वाली रात वहां बैरिकेडिंग या लोगों को रोकने-टोकने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। (Accident in Agar Malwa)
हादसे के बाद लोगों में आक्रोश
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिया पर पानी का तेज बहाव होने के बावजूद वहां कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। उनका कहना है कि अगर समय रहते लोगों को पुलिया पार करने से रोका जाता तो संभवत: हादसा टल सकता था। हालांकि कलेक्टर शेर सिंह मीणा के मुताबिक ब्रिज के दोनों ओर स्थायी लोहे की बैरिकेडिंग लगी हुई है। कार ब्रिज से बहकर घटनास्थल तक पहुंची या किसी दूसरे रास्ते से नाले में गिरी, इसकी जांच की जा रही है। 8 लोगों की मौत के बाद नलखेड़ा में स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। अंबेडकर चौराहे पर लोगों ने चक्काजाम कर दिया। हादसे के विरोध में कई दुकानदारों ने स्वेच्छा से दुकानें बंद कर दी। इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बना रहा। स्थिति को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। कलेक्टर, एसपी दिलीप कुमार सोनी, एएसपी रवींद्र कुमार बोयट समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
स्थानीय महिलाओं ने शवों को लेकर लगाए गंभीर आरोप
हादसे के बाद मौके पर पहुंची स्थानीय महिलाओं ने प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। महिलाओं का आरोप है कि शवों को नगर परिषद के कचरा वाहन से ले जाया गया और प्रशासन एंबुलेंस तक उपलब्ध नहीं करा सका। महिलाओं ने कहा कि हादसे में बच्चों की भी मौत हुई है और मृतकों के शवों को सम्मानजनक तरीके से ले जाने की व्यवस्था होनी चाहिए थी। स्थानीय महिलाओं के मुताबिक, शवों को ढकने के लिए कपड़ा तक उपलब्ध नहीं था, जिसके बाद उन्होंने अपनी दुकानों से चुनरी और अन्य सामान की व्यवस्था की। महिलाओं ने बताया कि बच्चों के शवों को देखकर वे दहल गईं और हादसे का मंजर अब भी उनके जेहन में है। इन आरोपों की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। (Accident in Agar Malwa)
जिला प्रशासन ने शुरू की जांच
एसपी दिलीप कुमार सोनी के मुताबिक घटना के समय तेज बारिश हो रही थी और नाले में पानी का बहाव बढ़ गया था। पुलिस कार के यहां पहुंचने और हादसे से पहले की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। मंदिर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कार किस रास्ते से पुलिया तक पहुंची और हादसा किस परिस्थितियों में हुआ। प्रशासन ने हादसे के बाद क्षेत्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा की बात भी कही है। एसपी के मुताबिक भविष्य में यहां सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की जरूरतों को देखा जा रहा है। पुलिस और प्रशासन के मुताबिक मृतकों में ड्राइवर अरुण गोयल के अलावा राधा रानी बहेरा, ज्ञानेंद्र कुमार बहेरा, रितारानी पत्नी ज्ञानेंद्र बहेरा, कृष्णा राजवीर पुत्र शिवप्रसाद बहेरा और शिवप्रसाद बहेरा की पहचान की गई है। अन्य मृतकों में शाहिरा और वी. साई बेहरा के नाम भी सामने आए हैं। (Accident in Agar Malwa)
PM मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान
मृतकों में 3 बच्चे, 2 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल बताए गए हैं। मृतकों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क की प्रक्रिया प्रशासन की ओर से की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नलखेड़ा हादसे में 8 लोगों की मौत पर शोक जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया है। घायलों के लिए 50-50 हजार रुपए की सहायता की घोषणा की गई है। नलखेड़ा का यह हादसा तेज बारिश के दौरान पुलिया, नालों और जलभराव वाले रास्तों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। एक तरफ प्रशासन प्राकृतिक आपदा और तेज बहाव को हादसे की वजह बता रहा है, वहीं स्थानीय लोग बैरिकेडिंग, पुलिस की मौजूदगी और पुलिया की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कार नाले के तेज बहाव में किस तरह पहुंची और हादसे के लिए किन परिस्थितियों की भूमिका रही। 



