Google Analytics —— Meta Pixel

टीवी की तुलसी से BJP संगठन की कमान तक, जानिए कौन हैं छत्तीसगढ़ की नई प्रभारी स्मृति ईरानी, राहुल गांधी को हराकर आई थी सुर्खियों में

Chhattisgarh BJP In Charge Smriti Irani: भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रदेश प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की है। इसी कड़ी में पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। उन्हें छत्तीसगढ़ के साथ हरियाणा का भी प्रभार सौंपा गया है। वहीं सिद्धार्थ शंभू को छत्तीसगढ़ का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। भाजपा की नई सूची के सामने आने के साथ ही छत्तीसगढ़ संगठन में लंबे समय से चल रही नए प्रभारी को लेकर चर्चाओं पर भी विराम लग गया है। प्रदेश प्रभारी की दौड़ में स्मृति ईरानी के अलावा राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल, गजेंद्र पटेल और हरीश द्विवेदी के नामों की भी चर्चा थी। अंतिम सूची में स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी मिली है, जबकि सुनील बंसल को पश्चिम बंगाल और तेलंगाना, हरीश द्विवेदी को बिहार की जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा ने अलग-अलग राज्यों के लिए प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ बीजेपी को मिला नया प्रदेश प्रभारी, स्मृति ईरानी को जिम्मा, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नई नियुक्तियां

स्मृति ईरानी की छत्तीसगढ़ प्रभारी के तौर पर नियुक्ति उनकी भाजपा संगठन में वापसी के बाद हुई है। अगस्त 2026 में भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया था, जिसमें स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया। 2024 के लोकसभा चुनाव में अमेठी से कांग्रेस के केएल शर्मा के खिलाफ चुनाव हारने के बाद स्मृति ईरानी केंद्रीय मंत्रिमंडल का हिस्सा नहीं रहीं। इसके बाद अगस्त 2026 में उन्हें भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में अहम जिम्मेदारी मिली और अब करीब एक महीने के भीतर उन्हें दो राज्यों यानी छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रभारी बनाया गया है। स्मृति ईरानी का सार्वजनिक जीवन मनोरंजन की दुनिया से शुरू हुआ। साल 1998 में उन्होंने फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इसके बाद मॉडलिंग और टेलीविजन की दुनिया में सक्रिय रहीं। (Chhattisgarh BJP In Charge Smriti Irani)

साल 2000 में टीवी धारावाहिक ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ से उन्हें देशभर में पहचान मिली। इसके बाद 2003 में उन्होंने भाजपा की सदस्यता लेकर सक्रिय राजनीति में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा और संगठन में अलग-अलग जिम्मेदारियां संभाली। साल 2010 में वे भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनीं और 2011 में गुजरात से राज्यसभा पहुंचीं। साल 2014 में उन्होंने अमेठी लोकसभा सीट से राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ा। चुनाव में हार के बावजूद राष्ट्रीय राजनीति में उनकी भूमिका लगातार बढ़ती गई। इसी साल उन्हें नरेंद्र मोदी सरकार में मानव संसाधन विकास मंत्री बनाया गया। इसके बाद उन्होंने कपड़ा मंत्रालय, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने अमेठी से राहुल गांधी को हराया और मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में महिला एवं बाल विकास मंत्री बनीं। 

छत्तीसगढ़ से स्मृति ईरानी का पुराना जुड़ाव

2022 में उन्हें अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार भी मिला। 2024 के लोकसभा चुनाव में वे अमेठी से कांग्रेस उम्मीदवार केएल शर्मा से चुनाव हार गईं। इसके बाद वे केंद्रीय मंत्रिमंडल का हिस्सा नहीं रहीं। अगस्त 2026 में भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में उन्हें राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया। छत्तीसगढ़ के साथ स्मृति ईरानी का राजनीतिक और प्रशासनिक जुड़ाव नया नहीं है। केंद्रीय मंत्री रहते हुए वे कई बार प्रदेश के दौरे पर आ चुकी हैं। मार्च 2015 में केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री के तौर पर उन्होंने रायपुर और दंतेवाड़ा का दौरा किया था। दंतेवाड़ा में उन्होंने एजुकेशन सिटी और अलग-अलग शैक्षणिक संस्थानों का दौरा किया। उस दौरान उन्होंने बच्चों और शिक्षा से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। 2015 में ही रायपुर में उन्होंने Digital Gender Atlas लॉन्च किया था। 18 अप्रैल 2016 को वे IIM रायपुर के पांचवें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुई थीं।

2017 में अभनपुर क्षेत्र में तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के साथ स्वच्छता से जुड़े कार्यक्रम में शामिल हुईं। सितंबर 2018 में केंद्रीय कपड़ा मंत्री के तौर पर रायपुर में राष्ट्रीय हस्तशिल्प पुरस्कार समारोह में शामिल हुईं। इसी वर्ष विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने राजनांदगांव, डोंगरगांव, अकलतरा और जांजगीर-चांपा समेत कई क्षेत्रों में चुनावी सभाएं भी की थीं। जून और नवंबर 2022 में भी उनका छत्तीसगढ़ दौरा हुआ। जून 2022 में रायपुर में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय से जुड़े कार्यक्रम में शामिल हुईं। नवंबर 2022 में बिलासपुर में भाजपा महिला मोर्चा की महतारी हुंकार रैली में शामिल हुईं। सितंबर 2023 में वे भाजपा की परिवर्तन यात्रा से जुड़े कार्यक्रमों के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचीं। इसके बाद नवंबर 2023 में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान कोंडागांव, केशकाल, फरसगांव, लोरमी, जैजैपुर समेत कई क्षेत्रों में भाजपा के पक्ष में जनसभाएं और चुनावी कार्यक्रम किए। इस तरह प्रदेश प्रभारी बनने से पहले भी स्मृति ईरानी का छत्तीसगढ़ भाजपा के राजनीतिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों से लगातार जुड़ाव रहा है।

सिद्धार्थ शंभू बने सह-प्रभारी

स्मृति ईरानी के साथ भाजपा ने सिद्धार्थ शंभू को छत्तीसगढ़ का सह-प्रभारी बनाया है। अगस्त 2026 में उन्हें भाजपा की राष्ट्रीय टीम में जिम्मेदारी मिली थी। सिद्धार्थ शंभू बिहार भाजपा संगठन में भी अलग-अलग पदों पर काम कर चुके हैं। वे बिहार भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति से भी उनका जुड़ाव रहा है। वे मूल रूप से बिहार के पूर्वी चंपारण यानी मोतिहारी क्षेत्र से हैं और संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। छत्तीसगढ़ में अब वे स्मृति ईरानी के साथ प्रदेश संगठन की गतिविधियों और केंद्रीय नेतृत्व के साथ समन्वय में भूमिका निभाएंगे। छत्तीसगढ़ में फिलहाल भाजपा की सरकार है। ऐसे में प्रदेश प्रभारी की भूमिका सिर्फ संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहती, बल्कि सरकार और संगठन के बीच समन्वय, कार्यकर्ताओं से संवाद और केंद्रीय नेतृत्व की रणनीति को प्रदेश में लागू करने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जाती है। (Chhattisgarh BJP In Charge Smriti Irani)

नितिन नबीन के बाद स्मृति ईरानी को जिम्मेदारी

स्मृति ईरानी को ऐसे समय छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी मिली है, जब भाजपा को सरकार के साथ संगठन को भी लगातार सक्रिय बनाए रखने की जरूरत है। नई जिम्मेदारी में उनके सामने प्रदेश संगठन की गतिविधियों को गति देने, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बढ़ाने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए संगठन को तैयार रखने की भूमिका होगी। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी के तौर पर स्मृति ईरानी से पहले नितिन नबीन जिम्मेदारी संभाल रहे थे। नितिन नबीन के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद राज्यों के नए प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। भाजपा ने 23 सितंबर को 36 ईकाइयों के लिए प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए हैं। छत्तीसगढ़ में इससे पहले अलग-अलग समय पर धर्मेंद्र प्रधान, जेपी नड्डा, रामशंकर कठेरिया, अनिल जैन, डी. पुरंदेश्वरी, ओम प्रकाश माथुर और नितिन नबीन जैसे नेताओं ने प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी संभाली है। डी. पुरंदेश्वरी के बाद स्मृति ईरानी छत्तीसगढ़ भाजपा की दूसरी महिला प्रदेश प्रभारी होंगी। अब भाजपा के नए संगठनात्मक ढांचे में स्मृति ईरानी प्रदेश प्रभारी और सिद्धार्थ शंभू सह-प्रभारी के तौर पर छत्तीसगढ़ भाजपा की संगठनात्मक जिम्मेदारी संभालेंगे।

Back to top button
error: Content is protected !!