Google Analytics —— Meta Pixel

पाकिस्तान के लिए ‘भस्मासुर’ बने लश्कर और जैश, रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के कबूलनामे ने खोली पोल

Pakistan Defence Minister Khawaja: इतिहास गवाह है कि जो दूसरों के लिए गड्ढा खोदता है, वह एक दिन खुद उसी में गिरता है और जो दूसरों के लिए सांप पालता है, एक दिन वही सांप उसे ही डसता है। जिन्ना के मुल्क पाकिस्तान के साथ आज बिल्कुल ऐसा ही हो रहा है, जिस आतंकवाद को पाकिस्तान की सेना और हुकूमत ने भारत के खिलाफ इस्तेमाल करने के लिए सालों-साल पाला-पोसा, आज वही आतंकवाद पाकिस्तान के लिए खुद ‘भस्मासुर’ बन चुका है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने दुनिया के सामने खुद यह बड़ा कबूलनामा किया है कि लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे खूंखार आतंकी संगठन अब उनके नियंत्रण से पूरी तरह बाहर हो चुके हैं। उन्होंने इन संगठनों को अनगाइडेड मिसाइल करार दिया है, जिनका रिमोट कंट्रोल अब न तो इस्लामाबाद के पास है और न ही रावलपिंडी के पास।

यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh Weather: छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, बस्तर में भारी बारिश के आसार; रायपुर में भी बरसेंगे बादल

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने एक इंटरव्यू में जो खुलासे किए हैं, उन्होंने पाकिस्तान के उस झूठे नैरेटिव की धज्जियां उड़ा दी हैं, जिसे वह दशकों से अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बेचता आ रहा था। आसिफ ने बेझिझक माना कि लश्कर और जैश जैसी प्रतिबंधित मिलिशिया अब पाकिस्तान के काबू से बाहर हैं और ये किसी भी दिशा में तबाही मचा सकती हैं। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि सीरिया और इराक का जो हश्र हुआ, वही हश्र आने वाले समय में पाकिस्तान का भी हो सकता है। रक्षा मंत्री ने यह भी माना कि ये आतंकी संगठन अंतरराष्ट्रीय दबाव से बचने के लिए सिर्फ अपना नाम बदल लेते हैं, लेकिन इनकी नीतियां और इनका खूनी एजेंडा कभी नहीं बदलता। ख्वाजा आसिफ ने अपने ही मुल्क के पिछले 40 से 50 साल के खूनी इतिहास पर मुहर लगाते हुए माना कि इस दौरान जितने भी आतंकी गुट खड़े किए गए, वे अंत में घूम-फिरकर पाकिस्तान के ही सबसे बड़े दुश्मन बन गए। (Pakistan Defence Minister Khawaja)

शहबाज शरीफ और असीम मुनीर की साख पर सवाल

पाकिस्तान के मौजूदा राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर के लिए यह स्थिति बेहद शर्मनाक और गंभीर बन चुकी है। भारत लगातार दुनिया को सबूत देता रहा है कि लश्कर और जैश पाकिस्तान की सरकारी सरपरस्ती में फल-फूल रहे हैं, लेकिन पाकिस्तान हमेशा इससे मुकरता रहा। आज जब यही नाग खुद उन्हें ही डसने लगे हैं तो उनके मंत्री खुद अपनी विफलता रो रहे हैं। ख्वाजा आसिफ ने पाकिस्तान के आंतरिक हालातों की जो तस्वीर खींची है, वह बेहद खौफनाक है। उन्होंने बिना नाम लिए देश के मौजूदा हालातों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि आप पाकिस्तान में देखिए, यहां बड़े-बड़े नेता नजर आएंगे, जिनके आगे-पीछे दोनों तरफ बंदूकें लिए लोग चलते हैं। पूरा लश्कर बंदूकें उठाकर साथ चल रहा है। यह बयान साफ दिखाता है कि पाकिस्तान आज किसी सामान्य लोकतांत्रिक देश की तरह नहीं, बल्कि एक ऐसे बारूद के ढेर पर चल रहा है जहां प्रधानमंत्री, मंत्रियों और नेताओं को खुद अपने ही पाले हुए आतंकियों से अपनी जान का खतरा सता रहा है।

आतंकवाद के मोर्चे पर घुटने टेक चुका है पाकिस्तान

रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि ख्वाजा आसिफ का यह बयान सिर्फ एक सामान्य बयान नहीं है, बल्कि इस बात की पुख्ता तस्दीक है कि पाकिस्तान अब आतंकवाद के मोर्चे पर पूरी तरह घुटने टेक चुका है। TTP, लश्कर और जैश जैसे खूंखार संगठन आज पाकिस्तान की सेना पर भारी पड़ रहे हैं। एक तरफ जहां देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह आईसीयू में है, वहीं दूसरी तरफ कानून-व्यवस्था और सुरक्षा का पूरी तरह जनाजा निकल चुका है। भारत की वह बात आज अक्षरशः सच साबित हो रही है कि आतंकवाद किसी का सगा नहीं हो सकता। पाकिस्तान ने भारत को जख्म देने के लिए जो आतंक की फैक्ट्री खोली थी, आज उसी फैक्ट्री के प्रोडक्ट पाकिस्तान के अपने ही शहरों को श्मशान बनाने पर तुले हुए हैं। यह कबूलनामा पूरी दुनिया के लिए एक बड़ी चेतावनी है और भारत की उस वैचारिक जीत का प्रमाण है, जो हमेशा कहती आई है कि आतंकवाद का समूल नाश किए बिना क्षेत्रीय अमन और चैन मुमकिन नहीं है। अब देखना यह होगा कि इस खुलासे के बाद भी क्या पाकिस्तानी हुकूमत और सेना अपनी हरकतों से बाज आती है या फिर अपने ही पाले हुए इस भस्मासुर के हाथों पूरी तरह खुद को विनाश के हवाले कर देती है।

Back to top button
error: Content is protected !!