Google Analytics —— Meta Pixel

रात में नाबालिग को घर से बुलाया, सुनसान मकान में ले जाकर दुष्कर्म का आरोप; युवक जेल गया

Raigarh News : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र में नाबालिग को बदनाम करने की धमकी देकर सुनसान मकान में ले जाने और दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने गांव के ही 20 वर्षीय युवक छोटू राठिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

रात में घर से निकली नाबालिग, सुबह सुनसान मकान में मिली

पुलिस के मुताबिक, 18 सितंबर की रात परिवार के सोने के बाद नाबालिग घर से बाहर चली गई थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन सुबह वह खेत के पास स्थित एक सुनसान मकान में मिली। (Raigarh News)

पूछताछ में नाबालिग ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे रात करीब 9 बजे वहां ले गया था। आरोप है कि उसके साथ जाने से इनकार करने पर युवक ने उसे बदनाम करने की धमकी दी।

नाबालिग के बयान पर दर्ज हुआ मामला

पुलिस के अनुसार, नाबालिग ने आरोप लगाया कि सुनसान मकान में युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में उसे वहीं छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने छाल थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने नाबालिग के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 127(2), 64 और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत मामला दर्ज किया। महिला पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में पीड़िता का बयान दर्ज किया गया।

गांव से हिरासत में लेकर किया गिरफ्तार

शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गांव से हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है। (Raigarh News)

यह भी पढ़े :- Home Loan Rules: लोन चुकाने के 30 दिन में नहीं मिले प्रॉपर्टी के कागज तो बैंक देगा ₹5,000 रोजाना

Back to top button
error: Content is protected !!