छत्तीसगढ़ में भारी बारिश से बाढ़ का कहर, कई जिलों में हालात खराब, राहत शिविरों में पहुंचाए गए प्रभावित

Rain Havoc in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार भारी बारिश के चलते कई जिलों में बाढ़ और जलभराव की स्थिति गंभीर बनी हुई है। बस्तर, दुर्ग, धमतरी, नारायणपुर, बलौदाबाजार-भाटापारा और अन्य प्रभावित क्षेत्रों में नदी-नाले उफान पर हैं। कई निचले इलाकों में पानी भरने से जनजीवन प्रभावित हुआ है, जबकि प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय बचाव दल लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रहे हैं। बस्तर संभाग में चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से हुई भारी बारिश के बाद ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों से पानी की लगातार आवक बनी हुई है। बारिश का दौर कुछ स्थानों पर थमने के बावजूद बांधों से छोड़े जा रहे पानी के कारण नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।
यह भी पढ़ें:- SIR पर चुनाव आयोग के बड़े फैसले, नोटिस पाने वालों के घर जाएंगे BLO, रैन बसेरों और मजदूरों के लिए विशेष हेल्प डेस्क
शनिवार को ही बाढ़ आपदा प्रबंधन दल ने 130 प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालकर राहत शिविरों तक पहुंचाया, जबकि इससे एक दिन पहले 88 लोगों का रेस्क्यू किया गया था। प्रशासन ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 43 राहत शिविर बनाए हैं, जहां साढ़े चार हजार से अधिक प्रभावितों को ठहराया गया है। बस्तर में इंद्रावती नदी का जलस्तर शनिवार रात 8 बजे तक 12.56 मीटर तक पहुंचने का अनुमान जताया गया है, जो खतरे के निशान से करीब 4.26 मीटर ज्यादा हो सकता है। इसे देखते हुए तटीय और निचले इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने लगातार दूसरे दिन बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। डोंगाघाट, आसना और अन्य संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण करने के बाद दोनों अधिकारी पनारापारा स्थित राहत शिविर भी पहुंचे और वहां भोजन, पेयजल, चिकित्सा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। (Rain Havoc in Chhattisgarh)

जलभराव से विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए जगदलपुर के कई क्षेत्रों में एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद की गई है। हाउसिंग बोर्ड, 440 फ्लैट्स, खपराभट्टी, आमागुड़ा चौक से एनएमडीसी चौक, गणपति रिसॉर्ट, चिमनी भट्टी, गिलबाड़ा, लालबाग, बैंक कॉलोनी और वीआईपी कॉलोनी समेत कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित है। नारायणपुर जिले में माड़ीन नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से तारागांव में 55 साल का गोपी राम पटेल बाढ़ के पानी में फंस गए। खेत में बंधे बैल को खोलने गए गोपी राम चारों तरफ से पानी से घिर गए और जान बचाने के लिए आम के पेड़ पर चढ़ गए। सूचना मिलने के बाद प्रशासन, पुलिस और नगर सेना की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में उन्हें धौड़ाई स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां स्वास्थ्य जांच और भोजन की व्यवस्था की गई। वहीं ओरछा विकासखंड के ग्राम कलमानार में नदी किनारे बसे नौ परिवारों को संभावित खतरे को देखते हुए समय रहते सुरक्षित स्थानों और रिश्तेदारों के घर शिफ्ट किया गया।

दुर्ग में 764 लोगों का रेस्क्यू, 16 राहत शिविर बनाए
दुर्ग जिले में 24 और 25 सितंबर की लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। नगर निगम दुर्ग, भिलाई और ग्रामीण क्षेत्रों में पानी भरने के कारण 200 घर प्रभावित हुए। एसडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन और अन्य टीमों की मदद से 764 लोगों को सुरक्षित निकालकर 16 अस्थायी राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। पुलगांव, भिलाई, पाटन, भरदा, जामराव, केसरा, कुम्हारी और अन्य इलाकों में बड़ी संख्या में प्रभावित परिवारों को सामुदायिक भवनों, पंचायत भवनों, स्कूलों और अन्य सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया है। ग्राम भरदा के ईंट भट्ठा क्षेत्र से 210 लोगों को भी सुरक्षित निकालकर राहत शिविर में रखा गया है। शनिवार को महमरा ऐनीकट के ऊपर पानी लगभग 8 फीट तक बह रहा था। कुछ ही घंटे बाद पानी का बहाव साढ़े 12 फीट से अधिक हो गया। प्रशासन ने लोगों से आवश्यक कार्य के बिना ऐनीकट और नदी किनारे नहीं जाने की अपील की है। (Rain Havoc in Chhattisgarh)

धमतरी में भी रेस्क्यू अभियान जारी
धमतरी जिले में लगातार बारिश और जलभराव के बीच प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने कई स्थानों पर रेस्क्यू अभियान चलाया। कुरुद क्षेत्र के लोमश ऋषि आश्रम में फंसे नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। ग्राम नारी स्थित शराब दुकान परिसर में जलभराव के कारण फंसे लोगों को भी एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित निकाला। वहीं सिरसिदा गांव के मारुति धाम में शुक्रवार शाम से पानी के तेज बहाव के बीच फंसे मंदिर के पुजारी को शनिवार सुबह एसडीआरएफ ने बोट के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला।बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में भी तेज बारिश के बाद नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया। विभिन्न गांवों में फंसे 120 लोगों को जिला प्रशासन और आपदा राहत टीम ने सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। इनमें कसडोल के बल्दाकछार के 38, पलारी के अमेठी के 44, मोहान के 23 और सिमगा के गणेशपुर के 15 लोग शामिल हैं। जिला प्रशासन ने बाढ़ संबंधी सहायता के लिए कंट्रोल रूम नंबर 07727222454 जारी किया है।
महानदी के तटीय इलाकों में अलर्ट
गंगरेल बांध के सभी 14 गेट खोले जाने और जांजगीर-चांपा में लगातार बारिश को देखते हुए महानदी के तटीय इलाकों में प्रशासन अलर्ट है। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने शिवरीनारायण बैराज, घाट, पुल और बसंतपुर बैराज समेत संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। शिवरीनारायण में मोटर बोट और बचाव उपकरणों के साथ एक आपदा प्रतिक्रिया दल तैनात किया गया है, जबकि दूसरी टीम को जिला मुख्यालय में रिजर्व रखा गया है। घाटों और पुलों पर बैरिकेडिंग के साथ पुलिस बल तैनात किया गया है। तटीय गांवों में मुनादी कर लोगों को संभावित जलभराव के प्रति सचेत करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से उफनते नदी-नालों, जलमग्न पुल-पुलियों, ऐनीकट और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की है। तेज बहाव वाले पानी के पास सेल्फी या वीडियो बनाने से बचने तथा बिजली के खंभों, तारों और ट्रांसफार्मरों के पास नहीं जाने की सलाह दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि संवेदनशील क्षेत्रों में राहत और बचाव दल लगातार सक्रिय हैं और स्थिति पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है।



