दुनिया मंदी से जूझ रही, भारत 7.2% की रफ्तार से बढ़ रहा: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

Rajnath Praises India Growth: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 20 अक्टूबर 2026 को ताजिकिस्तान के दुशान्बे में भारतीय प्रवासियों और ‘फ्रेंड्स ऑफ इंडिया’ की ओर से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था अभूतपूर्व गति से प्रगति कर रही हैं। हम आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती औद्योगिक अर्थव्यवस्थाओं में हैं। आज भारत दुनिया की ग्रोथ में 16 परसेंट से ज्यादा का योगदान दे रहा है। भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। जब दुनिया के कई बड़े देश आर्थिक मंदी का सामना कर रहे हैं, भारत की अर्थव्यवस्था लगभग 7.2 परसेंट की विकास दर से आगे बढ़ रही है। आज भारत की तस्वीर बदल रही है। पहले नीतिगत गतिरोध की बात होती थी, वहीं आज तेजी से दौड़ती रिफॉर्म एक्सप्रेस की चर्चा होती है।
यह भी पढे़ं:- CJP नेताओं ने वापस ली याचिका, सौरव और आशुतोष की उम्र पूछकर जज बोले- ये Gen Z नहीं हैं
सिंह ने आगे कहा कि 12-13 साल पहले भारत का करंट अकाउंट डेफिसिट GDP के 4 प्रतिशत से भी ज्यादा था। पिछले साल यह घटकर लगभग आधा प्रतिशत यानी 0.61% रह गया है। आज हमारे विदेशी मुद्रा भंडार, सात सौ अरब डॉलर से ज्यादा हैं। हमारा बैंकिंग सिस्टम आज सबसे मजबूत स्थिति में है। आज भारत का आत्मविश्वास अभूतपूर्व ऊंचाई पर है। हम एक क्लियर पॉलिसी डिक्लेरेशन के साथ रिफॉर्म कर रहे हैं। हमारे लिए रिफॉर्म्स कोई कंपल्शन नहीं हैं। रिफॉर्म्स हमारा कन्विक्शन है। 2014 के बाद जब भारत में NDA सरकार बनी, हमें सेवा करने का अवसर मिला तो भारत ने मोबाइल डेटा को अफोर्डेबल बनाने पर जोर दिया। यानी भारत में कनेक्टिविटी ने सिर्फ लोगों को कनेक्ट नहीं किया, उसने अपॉर्चुनिटीज को भी कनेक्ट किया है। (Rajnath Praises India Growth)

रक्षा मंत्री ने कहा कि साल 2014 से पहले भारत में कुछ सौ स्टार्टअप्स ही हुआ करते थे, अब देश में इनकी संख्या ढाई लाख से ज्यादा हो गई है। 45 परसेंट से ज्यादा स्टार्टअप्स में कम-से-कम एक महिला डायरेक्टर या पार्टनर है। यानी इनोवेशन के अवसर ज्यादा लोगों तक पहुंच रहे हैं, नई प्रतिभाएं सामने आ रही हैं। भारत ने बीते एक दशक में दुनिया के कई देशों की आबादी से भी ज्यादा 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है। इसकी प्रशंसा IMF जैसी इंटरनेशनल एजेंसीज ने भी की है। 2014 में भारत की रिन्यूएबल एनर्जी कैपेसिटी करीब 75 गीगावॉट थी। आज ये करीब 300 गीगावॉट हो चुकी है। यानी हमने लगभग फोर टाइम ज्यादा कैपेसिट ऐड की है। अब हमारे देश ने करीब 38 देशों साथ FTA पर साइन किए हैं, जो भारत के ट्रेड इतिहास में एक अनोखा मील का पत्थर है। इन FTAs ने बड़ी इकोनॉमी के मार्केट को इंडिया के मैन्युफैक्चर्ड प्रोडक्ट्स के लिए खोल दिया है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत सेमीकंडक्टर निर्माण के पथ पर भी बहुत तेज गति से आगे बढ़ रहा है। सेमीकॉन इंडिया कार्यक्रम और इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के जरिए सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को मजबूत किया जा रहा है। यह भारत के लिए गर्व की बात है कि जल्द ही स्वदेशी सेमीकंडक्टर चिप इलेक्ट्रॉनिक्स में प्रयोग होने लगेगा। आज भारत रियल टाइम डिजिटल ट्रांजैक्शन का ग्लोबल हब माना जाता है। हमारे डिजिटल पेमेंट्स हैं, हमारे प्रोसेस भी डिजिटल हैं। भारत लेस पेपर, लेस कैश, लेकिन सीमलेस इकोनॉमी की तरफ बढ़ रहा है। आप सभी UPI से परिचित हैं। आपको आश्चर्य होगा कि केवल अगस्त महीने में रिकार्ड 23.66 बिलियन UPI ट्रांजैक्शंस हुए हैं और इनकी वैल्यू है 29.88 लाख करोड़ रुपए। यह भी एक नया रिकार्ड है। आज UPI की सुविधा कई देशों में भी पहुंच गई है।

राजनाथ ने कहा कि आज हमारे देश के वैज्ञानिक चंद्रयान और आदित्ययान की सफलता देख चुके हैं और मिशन गगनयान की तैयारी चल रही है। आज भारत अभूतपूर्व आत्मविश्वास साथ प्रगति के पथ पर अग्रसर है। GST जैसे व्यापक आर्थिक और संरचनात्मक सुधार हमारी कम्पल्शन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के प्रति हमारी ‘कम्पल्शन’ का प्रतीक हैं। 12-13 साल पहले जिस देश में मोबाइल और इंटरनेट तक पहुंच भी बड़ी उपलब्धि मानी जाती थी, आज उसी भारत में टेक्नोलॉजी और रिफॉर्म्स जन-जन के सशक्तिकरण का माध्यम बन रहे हैं। विदेशों में रहने वाले भारतीय न केवल वहां की प्रगति में योगदान देते हैं, बल्कि अपनी संस्कृति और परंपराओं के माध्यम से भारत की पहचान को भी मजबूत करते हैं। हमारे डायस्पोरा भारत के कल्चरल एंबेसडर्स और हमारी एक्सटेंडेड फैमिली हैं। उन्होंने कहा कि जब आप भारत छोड़कर यहां आए हैं, आप पढ़ने आए हैं, काम करन आए हो, बहुत सारी चीजे क्या करनी चाहिए, क्या नहीं करनी चाहिए इसके बारे में आप अच्छी तरह जानते हैं, लेकिन हर भारतीय को मैं ये कहता हूं कि हमारी विश्वसनीयता, भरोसेमंदता पर किसी भी तरह का प्रश्न चिन्ह नहीं लगना चाहिए। हम जिस देश में रहकर रोजी-रोटी कमा रहे हैं उस देश को भी हम धोखा नहीं दे सकते हैं यह हर भारतीय का चरित्र है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वसुधैव कुटुंबकम की विचारधारा से प्रेरित होकर भारत एक ऐसा राष्ट्र बनने की आकांक्षा रखता है, जो समृद्धि, ज्ञान और शक्ति के साथ-साथ वैश्विक शांति समेत मानवता के कल्याण के लिए अपनी प्रतिबद्धता को भी समान महत्व देता है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत का आर्थिक कायाकल्प, सुधारोन्मुखी शासन, तकनीकी प्रगति और वैश्विक स्तर पर बढ़ता कद इस दृष्टिकोण को साकार करने का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं। भारत ने 38 देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं, जिससे भारतीय निर्माताओं और उत्पादकों के लिए नए बाजार खुले हैं। भारत-ब्रिटेन और भारत-यूरोपीय संघ के बीच हुए व्यापार समझौतों से इन बाजारों में भारतीय निर्यात पर लगने वाले शुल्क में 99 प्रतिशत तक की कमी आने की उम्मीद है। इससे भारत की व्यापारिक संभावनाओं का विस्तार होगा। साथ ही वैश्विक आर्थिक साझेदारियों को और मजबूती मिलेगी। भारत नीतिगत निष्क्रियता के दौर से निकलकर स्पष्ट नीतिगत दिशा के साथ सुधारों की तेज रफ्तार की ओर बढ़ा है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए सुधार कोई मजबूरी नहीं, बल्कि एक दृढ़ विश्वास है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि देश का रक्षा निर्यात रिकॉर्ड 38,424 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है, जबकि रक्षा उत्पादन बढ़कर 1.80 लाख करोड़ रुपए हो गया है। उन्होंने बताया कि 2014 से पहले स्टार्टअप की संख्या कुछ सौ तक ही सीमित थी और अब ये बढ़कर 2.5 लाख से ज्यादा हो गई है। इनमें से लगभग आधे स्टार्टअप छोटे शहरों और कस्बों से हैं, जबकि 45 प्रतिशत से ज्यादा स्टार्टअप में कम से कम एक महिला निदेशक या साझेदार है। रक्षा मंत्री ने कहा कि किफायती मोबाइल डेटा और बेहतर संपर्क व्यवस्था ने ज्यादा भारतीयों के लिए अवसरों तक पहुंच आसान बनाई है। इससे नवाचार को बढ़ावा मिला है, नई प्रतिभाओं को निखरने का अवसर मिला है और नए समाधान विकसित हुए हैं। उन्होंने जन धन-आधार-मोबाइल त्रिमूर्ति और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण की भूमिका को भी रेखांकित किया, जिसके माध्यम से सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाई जाती है। सिंह ने कहा कि इन उपायों से भ्रष्टाचार में कमी आई है और पारदर्शिता तथा सुविधा में बढ़ोतरी हुई है।

सिंह ने बताया कि भारत की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता वर्ष 2014 में लगभग 75 गीगावाट से बढ़कर अब करीब 300 गीगावाट हो गई है। उन्होंने कहा कि सेमीकॉन इंडिया कार्यक्रम और इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के माध्यम से भारत सेमीकंडक्टर विनिर्माण के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत जहाजों और चिप्स, दोनों के विनिर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिससे रणनीतिक क्षेत्रों में देश की स्थिति मजबूत हो रही है। भारत के डिजिटल बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि देश वास्तविक समय में डिजिटल लेन-देन के वैश्विक केंद्र के रूप में उभरा है। उन्होंने बताया कि यूपीआई के माध्यम से होने वाले लेन-देन का मूल्य वर्ष 2016-17 में 7,000 करोड़ रुपये से बढ़कर वर्ष 2025-26 में 314 लाख करोड़ रुपये हो गया है। यह भारत के एक ऐसी अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ने को दर्शाता है, जहां लेन-देन अधिक सुगम है और कागजी दस्तावेजों समेत नकदी पर निर्भरता कम हो रही है। रक्षा मंत्री ने रेलवे, सड़कों, हवाई अड्डों, बंदरगाहों और ब्रॉडबैंड संपर्क जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभूतपूर्व विस्तार का भी जिक्र किया।

रक्षा मंत्री ने कहा कि दुनियाभर के देश भारत के साथ मजबूत और सकारात्मक संबंध स्थापित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय मूल के लोग सांस्कृतिक राजदूतों के रूप में कार्य करते हैं और वे भारतीय मूल्यों एवं परंपराओं को दुनिया भर में पहुंचाने के साथ-साथ उन देशों के विकास में भी योगदान देते हैं, जहां पर वे रह रहे हैं। राजनाथ सिंह ने सांस्कृतिक आदान-प्रदान और जन-स्तर पर आपसी संबंधों को और सुदृढ़ करने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत-ताजिकिस्तान मित्रता के मजबूत बंधन से जुड़े हैं, जिसे ताजिकिस्तान के लोगों के बीच भारतीय गीतों, संगीत, साहित्य और सिनेमा की लोकप्रियता ने और मजबूत किया है। रक्षा मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि भारत और ताजिकिस्तान के बीच लंबे समय से सौहार्दपूर्ण संबंध रहे हैं। (Rajnath Praises India Growth)
पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित प्रो. हबीबुलो रजाबोव का सम्मान
रक्षा मंत्री ने कहा कि ताजिकिस्तान में रह रहा भारतीय समुदाय दोनों देशों के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु के रूप में कार्य करता है। इस मौके पर रक्षा मंत्री ने प्रख्यात भारतीय अध्ययन विशेषज्ञ और ताजिकिस्तान के पहले पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित प्रो. हबीबुलो रजाबोव को सम्मानित किया। उन्होंने हिंदी साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में प्रो. रजाबोव के अमूल्य योगदान को रेखांकित किया, जिन्होंने विशेष रूप से भाषा विज्ञान के गहन अध्ययन में अपनी रूचि ली है। इस कार्यक्रम में भारतीय और ताजिकिस्तान के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि दुशान्बे में भारतीय प्रवासियों के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई। उनके परिवारों को दशहरे की शुभकामनाएं दीं और भारत की विकास गाथा साझा की। भारतीय समुदाय से मिले स्नेह और आत्मीयता से बहुत खुशी हुई। (Rajnath Praises India Growth)



