Google Analytics —— Meta Pixel

महादेव सट्टा ऐप का मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर गिरफ्तार, दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने CBI को दी 2 दिन की ट्रांजिट रिमांड

Saurabh Chandrakar CBI Remand: देश के बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। महादेव ऑनलाइन बेटिंग सिंडिकेट के मुख्य प्रमोटर और मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर को CBI ने ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया है। भारत पहुंचने के बाद उसे दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया, जहां CBI ने पूछताछ के लिए ट्रांजिट रिमांड की मांग की। कोर्ट ने CBI को सौरभ चंद्राकर की दो दिन की ट्रांजिट रिमांड दे दी है। सौरभ के वकील ने उसकी गिरफ्तारी को अवैध बताते हुए विरोध किया, लेकिन कोर्ट ने CBI की मांग स्वीकार कर ली। अब मेडिकल जांच और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे रायपुर लाया जाएगा, जहां विशेष CBI अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ की जाएगी।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में ट्रांसफर पर ब्रेक! जनगणना ड्यूटी वाले अफसर-कर्मचारियों को लेकर सरकार का बड़ा फैसला

सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के लिए जांच एजेंसियां लंबे समय से प्रयास कर रही थी। उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी था। इसी आधार पर रॉयल ओमान पुलिस ने उसे हिरासत में लिया था। इसके बाद विदेश मंत्रालय, CBI और प्रवर्तन निदेशालय के समन्वय से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी की गई। सौरभ महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी सिंडिकेट के प्रमुख प्रमोटरों में शामिल है और उसके खिलाफ दो CBI मामलों के साथ एक ED का मामला भी दर्ज है। छत्तीसगढ़ सरकार ने महादेव ऐप से जुड़े 13 मामलों की जांच CBI को सौंपी है। इन मामलों में सौरभ के खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है, जबकि ED मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में कार्रवाई कर रही है। (Saurabh Chandrakar CBI Remand)

फर्जी पासपोर्ट के सहारे छिपने की कोशिश

जांच एजेंसियों के मुताबिक सौरभ चंद्राकर ने विदेश में अपनी असली पहचान छिपाने के लिए फर्जी पासपोर्ट का सहारा लिया था। उसके पास से इंडोनेशिया में जारी एक फर्जी पासपोर्ट मिला, जो अजंता मेंडिस के नाम पर है। इसी फर्जी पहचान के आधार पर वह विदेश में रह रहा था। जुलाई में ओमान में हिरासत में लिए जाने के पीछे भी इस फर्जी पासपोर्ट की भूमिका सामने आई है। अब जांच एजेंसियां उसके विदेश प्रवास, फर्जी दस्तावेजों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं। दुर्ग जिले के भिलाई स्थित नेहरू नगर में कभी छोटी सी जूस फैक्ट्री चलाने वाला सौरभ चंद्राकर देखते ही देखते करोड़ों के ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का प्रमुख प्रमोटर बन गया। जांच एजेंसियों के मुताबिक सौरभ ने अपने सहयोगी रवि उप्पल के साथ मिलकर महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी का बड़ा नेटवर्क खड़ा किया। इस नेटवर्क के जरिए देशभर में सट्टेबाजी के पैनल संचालित किए जाने के आरोप हैं। सिंडिकेट का संचालन विदेश से किए जाने और इसके जरिए बड़े पैमाने पर अवैध कमाई का आरोप है।

508 करोड़ के कथित भुगतान की जांच

जांच में यह भी सामने आया है कि सट्टेबाजी से होने वाली कमाई को फर्जी या दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए बैंक खातों में जमा कराया जाता था। इसके बाद रकम को कई स्तरों पर ट्रांसफर कर हवाला के जरिए विदेश भेजे जाने का आरोप है। इस पूरे नेटवर्क में म्यूल अकाउंट, हवाला कारोबार और दूसरे वित्तीय माध्यमों की भूमिका जांच के दायरे में है। CBI अब सौरभ से इन सभी पहलुओं पर पूछताछ करेगी। महादेव सट्टा ऐप का मामला छत्तीसगढ़ की राजनीति में भी बड़ा मुद्दा रहा है। साल 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने तत्कालीन कांग्रेस सरकार पर महादेव ऐप को लेकर जमकर निशाना साधा था। चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस मामले को लेकर कांग्रेस पर सवाल उठाए थे। इस दौरान 508 करोड़ रुपये के कथित भुगतान का मामला भी सामने आया था। इसके अलावा राजनीतिक और प्रशासनिक संरक्षण से जुड़े आरोप भी जांच के दायरे में रहे हैं। (Saurabh Chandrakar CBI Remand)

संरक्षण देने वालों का भी होगा खुलासा: CM साय

सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे बड़ी सफलता बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए CBI लगातार प्रयास कर रही थी। उन्होंने कहा कि सौरभ से पूछताछ के बाद मामले में कई बड़े खुलासे होंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि किन-किन लोगों को प्रोटेक्शन मनी जाती थी, इसका भी खुलासा होगा। उन्होंने इस कार्रवाई के लिए CBI और सभी केंद्रीय एजेंसियों को बधाई दी। डिप्टी CM और गृहमंत्री विजय शर्मा ने भी सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी को अहम सफलता बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से विपक्ष सरकार पर लगातार आरोप लगा रहा था, लेकिन अब जांच एजेंसियों ने सौरभ चंद्राकर को गिरफ्तार कर लिया है। CBI ने इसे देश के सबसे बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी सिंडिकेट में से एक बताया है। विजय शर्मा के मुताबिक विदेश में छिपे आरोपी का प्रत्यर्पण कराना आसान नहीं था, लेकिन CBI ने सफलतापूर्वक यह प्रक्रिया पूरी की है। उन्होंने कहा कि सौरभ को कोर्ट में पेश करने के बाद रिमांड पर लिया गया है, जिससे पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आएंगी। (Saurabh Chandrakar CBI Remand)

अब सौरभ की पूछताछ पर टिकी नजरें 

सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी को महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले की जांच में अहम कड़ी माना जा रहा है। अब जांच एजेंसियों की नजर सट्टे से हुई कमाई, हवाला नेटवर्क, म्यूल अकाउंट, विदेशों में मौजूद संपत्तियों और सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों पर है। इसके साथ ही कथित राजनीतिक और प्रशासनिक संरक्षण के आरोपों की भी जांच आगे बढ़ सकती है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि सौरभ चंद्राकर की पूछताछ में महादेव सट्टा सिंडिकेट से जुड़े कौन-कौन से चेहरे बेनकाब होते हैं और इस पूरे नेटवर्क के पीछे किसकी क्या भूमिका थी। आने वाले दिनों में इस मामले में कई अहम खुलासे होने की संभावना है। कभी जूस की छोटी सी फैक्ट्री चलाने वाला सौरभ चंद्राकर कैसे देश के सबसे बड़े ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का चेहरा बना, इसकी परतें अब खुल सकती हैं। ओमान से भारत लाए गए सौरभ से CBI की पूछताछ में सिर्फ सट्टे के कारोबार ही नहीं, बल्कि उस पूरे नेटवर्क का भी खुलासा होने की उम्मीद है, जिसने इस अवैध धंधे को देश-विदेश तक फैलाया। अब देखना होगा कि सौरभ की गिरफ्तारी के बाद जांच की आंच किन-किन चेहरों तक पहुंचती है।

Back to top button
error: Content is protected !!