Balodabazar News: धनतेरस के दिन दर्दनाक हादसा, हाईटेंशन तार की चपेट में आए पिता-पुत्र की मौत; मां की हालत गंभीर
Balodabazar News : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में धनतेरस का त्योहार एक परिवार के लिए मातम में बदल गया। नेहरू चौक इलाके में हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से पिता और बेटे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से झुलस गई। महिला की हालत नाजुक होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। हादसे के बाद इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है।
घर के बेहद करीब से गुजर रही थी हाईटेंशन लाइन
जानकारी के अनुसार, घटना नेहरू चौक की है। यहां एक मकान के बाहर से हाईटेंशन बिजली की लाइन गुजर रही है। बताया जा रहा है कि बिजली का तार घर से महज पांच फीट की दूरी पर स्थित है। (Balodabazar News)
बताया जा रहा है कि राकेश गुप्ता सबसे पहले हाईटेंशन करंट की चपेट में आ गए। उन्हें बचाने के लिए उनकी पत्नी वर्षा और बेटा ईशान आगे बढ़े, लेकिन वे भी बिजली की चपेट में आ गए। देखते ही देखते परिवार के तीनों सदस्य गंभीर रूप से प्रभावित हो गए।
पिता राकेश और बेटे ईशान की मौत, मां रायपुर रेफर
हादसे में राकेश गुप्ता और उनके बेटे ईशान की जान चली गई। वहीं, पत्नी वर्षा गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। घायल महिला को तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया।
पुलिस जांच में जुटी, हाईटेंशन लाइन की सुरक्षा पर सवाल
धनतेरस जैसे त्योहार के दिन हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद घरों के बेहद करीब से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइनों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
फिलहाल कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बिजली लाइन की सुरक्षा को लेकर निर्धारित मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। (Balodabazar News)



