असम में भीषण सड़क हादसा, बस-ट्रक की टक्कर में 24 लोगों की मौत, मृतकों में ज्यादातर स्टूडेंट्स

Assam Bus Truck Collision: असम के काजीरंगा में हुए भीषण सड़क हादसे में 24 लोगों की मौत हो गई है। दरअसल, तेज रफ्तार मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मिनी बस का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और कई यात्री अंदर ही फंस गए। मृतकों में ज्यादातर स्टूडेंट्स बताए जा रहे हैं। हादसे की जानकारी असम सरकार के मंत्री और बोकाखाट विधायक अतुल बोरा ने दी है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई शवों को बाहर निकालने के लिए बस के हिस्सों को काटना पड़ा। वहीं घायलों और मृतकों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की कमी के चलते पिकअप वाहनों का भी इस्तेमाल किया गया।
यह भी पढ़ें:- 19 नवंबर तक ED की रिमांड पर महादेव सट्टा ऐप का प्रमोटर सौरभ चंद्राकर, 7 दिन होगी पूछताछ, कोर्ट में लंबी बहस के बाद फैसला
गोलाघाट के एसएसपी स्वप्निल डेका के मुताबिक मिनी बस बोकाखाट से नगांव की ओर जा रही थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। पुलिस का कहना है कि हादसे के पीछे तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी की आशंका है। हादसे में घायल यात्रियों को कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। फिलहाल बस में कुल कितने यात्री सवार थे, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। इस हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त मिनी बस के पुराने ट्रैफिक रिकॉर्ड को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। (Assam Bus Truck Collision)

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस वाहन के पहले 12 चालान कट चुके थे। इनमें से 38 हजार 500 रुपए का जुर्माना जमा किया जा चुका था, जबकि 4 हजार रुपए का एक चालान अब भी बकाया था। बताया जा रहा है कि कमर्शियल वाहनों में ओवरस्पीडिंग पर इस तरह का जुर्माना लगाया जाता है। असम में सड़क हादसों के आंकड़े भी चिंता बढ़ाने वाले हैं। केंद्र सरकार के आंकड़ों के मुताबिक साल 2020 से 2024 के बीच राज्य में सड़क दुर्घटनाओं में 15 हजार 306 लोगों की जान जा चुकी है। साल 2024 में सबसे ज्यादा 3 हजार 351 लोगों की मौत हुई थी। इससे पहले 2023 में 3 हजार 296 और 2022 में 2 हजार 994 लोगों की मौत दर्ज की गई थी। ऐसे में काजीरंगा का यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा, तेज रफ्तार और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।




