Google Analytics —— Meta Pixel

छापा पड़ते ही नाली में फेंके रिश्वत के नोट! डेढ़ लाख रुपये लेते GST अधिकारी गिरफ्तार, साथी भी पकड़ाया

कांकेर में ACB ने GST सहायक आयुक्त अंचला गिरी को डेढ़ लाख रुपये की कथित रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। छापेमारी के दौरान साथी इमरान मेमन ने नोटों के बंडल नाली में फेंक दिए। दोनों गिरफ्तार।

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य GST विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने एक स्क्रैप कारोबारी की गाड़ी छोड़ने और कार्रवाई से बचाने के एवज में डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। ACB की टीम जब अधिकारी के घर पहुंची तो कथित तौर पर हड़कंप मच गया। इसी दौरान रिश्वत की रकम लेकर पहुंचे उनके सहयोगी इमरान मेमन ने नोटों के बंडल घर के बाहर नाली में फेंक दिए। हालांकि, ACB की टीम ने रकम बरामद कर ली और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

यह कार्रवाई शनिवार को जगदलपुर ACB की टीम ने की। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

10 लाख रुपये की पेनाल्टी का डर दिखाकर मांगी रिश्वत

शिकायतकर्ता स्क्रैप कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज के मुताबिक, 18 नवंबर को उनकी गाड़ी स्क्रैप लेकर जा रही थी। कारोबारी का दावा है कि वाहन के पास जरूरी बिल होने के बावजूद उसे रोक लिया गया। आरोप है कि GST विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी ने गाड़ी पर 10 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाने की बात कही, जबकि वाहन में लोड स्क्रैप की कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई थी।

कारोबारी ने आरोप लगाया कि गाड़ी जब्त करने और विभागीय कार्रवाई की धमकी देकर उनसे पैसे मांगे गए। शुरुआत में मामला निपटाने के लिए 2 लाख रुपये की मांग की गई, लेकिन बाद में डेढ़ लाख रुपये में सौदा तय हुआ। इसमें 50 हजार रुपये पेनाल्टी के रूप में जमा कराने और शेष एक लाख रुपये अधिकारी के घर पहुंचाने की बात कही गई।

कारोबारी की शिकायत पर ACB ने बिछाया जाल

रिश्वत की मांग से परेशान कारोबारी ने ACB से शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद टीम ने मामले की जांच की और रिश्वत लेते पकड़ने की योजना बनाई। तय योजना के मुताबिक कारोबारी डेढ़ लाख रुपये लेकर अधिकारी के घर पहुंचा।

इसी दौरान ACB की टीम ने दबिश दी। टीम की कार्रवाई की भनक लगते ही कथित मध्यस्थ इमरान मेमन ने रिश्वत की रकम नाली में फेंक दी। हालांकि, ACB अधिकारियों ने मौके से नोटों के बंडल बरामद कर लिए। इस घटनाक्रम के बाद अधिकारी के घर के बाहर काफी देर तक हलचल बनी रही।

रिश्वत की रकम पहुंचाने वाला इमरान मेमन भी गिरफ्तार

ACB की जांच में इमरान मेमन की भूमिका सामने आई है। आरोप है कि वह GST अधिकारी और कारोबारी के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा था और रिश्वत की रकम अधिकारी तक पहुंचाने आया था।

इमरान मेमन (30) कांकेर के संजयनगर का निवासी बताया गया है। ACB ने अंचला गिरी के साथ उसे भी गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

ACB ने क्या बताया?

ACB अधिकारी रमेश कुमार मरकाम के मुताबिक, रिश्वत की रकम मध्यस्थ इमरान मेमन लेकर आया था और उसने यह राशि GST अधिकारी अंचला गिरी को दी थी। मामले में दोनों की भूमिका की जांच की जा रही है। फिलहाल ACB की टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है और रिश्वत मांगने से लेकर रकम के लेनदेन तक के घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!