देवेंद्र यादव को हटाने पर छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान, भाजपा बोली- भूपेश बघेल ने चला अपना राजनीतिक दांव, बैज ने कहा- कांग्रेस में मतभेद हो सकता है, मनभेद नहीं
Politics on Devendra Yadav: छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठनात्मक फेरबदल के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। AICC सचिव और प्रभारी सचिव की जिम्मेदारी से देवेंद्र यादव को मुक्त किए जाने के फैसले पर भाजपा ने कांग्रेस के अंदरूनी समीकरणों को लेकर निशाना साधा है। भाजपा नेताओं ने इसे कांग्रेस की गुटबाजी और आपसी खींचतान का नतीजा बताया है। भाजपा प्रवक्ता अनुराग अग्रवाल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपना राजनीतिक दांव चल दिया है। वहीं भाजपा सांसद और मुख्य प्रवक्ता संतोष पांडे ने शायराना अंदाज में कांग्रेस पर तंज कसते हुए देवेंद्र यादव के राजनीतिक डाउनफॉल की बात कही। दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं है। उन्होंने उल्टा भाजपा के भीतर गुटबाजी होने का आरोप लगाया।
यह भी पढ़ें:- कांग्रेस ने देवेंद्र यादव को AICC सचिव पद से हटाया, छत्तीसगढ़ के प्रभारी सचिव भी बदले, सियासत गरमाई
भाजपा प्रवक्ता अनुराग अग्रवाल ने कहा कि चरणदास महंत और टीएस सिंहदेव की शह पर देवेंद्र यादव, भूपेश बघेल को चुनौती देने की कोशिश कर रहे थे। अब संगठन में हुए बदलाव के बाद कांग्रेस के भीतर चल रहे राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। भाजपा ने इस फैसले को सिर्फ संगठनात्मक बदलाव नहीं, बल्कि कांग्रेस के अंदर चल रही राजनीतिक खींचतान से जोड़कर देखा है। पार्टी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस में अलग-अलग नेताओं के बीच वर्चस्व की लड़ाई का असर अब संगठनात्मक फैसलों में भी दिखाई देने लगा है। कांग्रेस में सचिवों की नियुक्ति और संगठनात्मक फेरबदल को लेकर भाजपा सांसद संतोष पांडे ने भी तीखा हमला बोला। उन्होंने शायराना और तुकबंदी वाले अंदाज में कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति पर निशाना साधा।
कांग्रेस में मतभेद है, मनभेद नहीं: PCC चीफ बैज
सांसद पांडे ने कहा कि कांग्रेस द्वेष, कलह और गुटबाजी में फंसी हुई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अपनी ढपली अपना राग, अपना नगाड़ा अपना फाग, भूपेश, ताम्रध्वज एक ही डाल पर, यादव हुए डाउनफॉल पर, मेरी बिल्ली मुझसे म्याऊं, तेरी पुंगी बना भिलाई में बजाऊं, तीन प्रभारी सचिवों की छुट्टी, पियो पांच सौ पचपन मुंगली घुट्टी। संतोष पांडे ने अपनी तुकबंदी के जरिए कांग्रेस के संगठनात्मक बदलाव को पार्टी के भीतर चल रही खींचतान से जोड़ने की कोशिश की। खास तौर पर देवेंद्र यादव को जिम्मेदारी से मुक्त किए जाने को लेकर उन्होंने उनके राजनीतिक प्रभाव में गिरावट का तंज कसा। भाजपा के आरोपों और गुटबाजी के दावों पर PCC चीफ दीपक बैज ने पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस में गुटबाजी होने की बात को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद कहीं नहीं है। सभी नेता एकजुट होकर काम कर रहे हैं और मिलकर लड़ाई लड़ रहे हैं। (Politics on Devendra Yadav)
दो साल में सरकार को फेलियर साबित किया: बैज
बैज ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि गुटबाजी की बात करने वाली भाजपा को पहले अपने संगठन और सरकार के भीतर झांकना चाहिए। उन्होंने दीपावली के दिन मुख्यमंत्री निवास पर एक मंत्री के धरने का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि जब भाजपा में नंबर दो की पोस्ट पर बैठे मंत्री को मुख्यमंत्री निवास में 8 से 9 घंटे तक धरने पर बैठना पड़ा तो यह किस स्तर की गुटबाजी थी ? PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस एकजुटता के साथ काम कर रही है। पार्टी ने पिछले दो सालों में सरकार को हर मोर्चे पर घेरते हुए उसकी नाकामियों को जनता के सामने रखा है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने दो साल में सरकार को फेलियर साबित किया है और आगे भी जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी। बैज के बयान से साफ है कि कांग्रेस नेतृत्व भाजपा के गुटबाजी वाले आरोपों को स्वीकार करने के बजाय पलटवार की रणनीति अपना रहा है। पार्टी प्रदेश में अपनी एकजुटता का संदेश देने की कोशिश कर रही है। AICC की ओर से छत्तीसगढ़ के प्रभारी सचिवों की जिम्मेदारी में बदलाव के बाद अब यह मामला संगठनात्मक फेरबदल से आगे बढ़कर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का विषय बन गया है। (Politics on Devendra Yadav)
संगठनात्मक फेरबदल से बढ़ी राजनीतिक बयानबाजी
भाजपा इसे कांग्रेस के भीतर वर्चस्व की लड़ाई से जोड़ रही है, जबकि कांग्रेस नेतृत्व इन आरोपों को खारिज कर रहा है। देवेंद्र यादव को जिम्मेदारी से मुक्त किए जाने, नए प्रभारी सचिवों की नियुक्ति और अलग-अलग नेताओं के राजनीतिक समीकरणों को लेकर प्रदेश में चर्चाएं तेज हैं। अब इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह महज संगठन को नए सिरे से व्यवस्थित करने का फैसला है या इसके पीछे कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति भी कोई भूमिका निभा रही है? फिलहाल भाजपा के हमले और कांग्रेस के पलटवार ने छत्तीसगढ़ की सियासत में नई बहस छेड़ दी है। कांग्रेस के संगठनात्मक फेरबदल ने प्रदेश में सियासी बयानबाजी को नया मुद्दा दे दिया है। भाजपा जहां देवेंद्र यादव को जिम्मेदारी से मुक्त किए जाने को कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान और गुटबाजी से जोड़ रही है, वहीं कांग्रेस नेतृत्व इन आरोपों को सिरे से खारिज कर रहा है। संतोष पांडे की तुकबंदी से लेकर दीपक बैज के पलटवार तक दोनों दलों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। ऐसे में सवाल सिर्फ संगठन में हुए बदलाव का नहीं, बल्कि कांग्रेस के भीतर नेतृत्व और राजनीतिक प्रभाव के समीकरणों का भी है।



