Google Analytics —— Meta Pixel

NVIDIA ने 11 दिन बाद जेन्सेन हुआंग को फिर बनाया CEO, चीन से जासूसी और निजी संबंधों के विवाद के बाद दिया था इस्तीफा

NVIDIA CEO Jensen Huang: दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी NVIDIA में बड़ा नेतृत्व परिवर्तन हुआ है। कंपनी के सह-संस्थापक जेन्सेन हुआंग को एक बार फिर अध्यक्ष, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के सदस्य के रूप में बहाल कर दिया गया है। 23 नवंबर 2026 को कंपनी ने इसकी आधिकारिक घोषणा की। बोर्ड ने कई दौर की बातचीत और बैठकों के बाद सर्वसम्मति से उनकी वापसी को मंजूरी दी। खास बात यह है कि हुआंग ने 12 नवंबर को CEO पद से इस्तीफा दिया था। उनके इस्तीफे के बाद कंपनी की CFO कोलेट क्रेस को अंतरिम CEO की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। महज 11 दिन बाद उनकी वापसी ने टेक्नोलॉजी और शेयर बाजार में हलचल मचा दी है। Yahoo Finance की रिपोर्ट के मुताबिक वापसी की घोषणा के बाद प्री-मार्केट ट्रेडिंग में NVIDIA के शेयरों में 30% से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई।

यह भी पढ़ें:- एशिया पावर इंडेक्स में भारत का दबदबा, जापान और रूस को छोड़ा पीछे, बीजेपी ने राहुल गांधी को घेरा

NVIDIA के आधिकारिक बयान के मुताबिक बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने जेन्सेन हुआंग के साथ कई दौर की चर्चा और बैठकें की। इन चर्चाओं के बाद बोर्ड उनकी स्पष्टवादिता और कंपनी का नेतृत्व करने की क्षमता से संतुष्ट हुआ। इसके बाद सभी निदेशकों ने उन्हें दोबारा CEO नियुक्त करने के पक्ष में मतदान किया। कंपनी ने बताया कि इस फैसले की प्रक्रिया के दौरान अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से भी इनपुट लिया गया। बोर्ड का कहना है कि उपलब्ध जानकारी के आधार पर हुआंग की वापसी से अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है। बोर्ड के अध्यक्ष हार्वे सी. जोन्स ने कहा कि NVIDIA का नेतृत्व करने के लिए जेन्सेन हुआंग ही सबसे उपयुक्त व्यक्ति हैं। उनकी वापसी शेयरधारकों, कर्मचारियों, साझेदारों और ग्राहकों के हित में है। बोर्ड को उनके नेतृत्व पर पूरा भरोसा है। हार्वे जोन्स बोर्ड के अध्यक्ष बने रहेंगे, जबकि कोलेट क्रेस CFO की जिम्मेदारी संभालती रहेंगी। अंतरिम CEO के रूप में उनके काम के लिए बोर्ड ने आभार भी जताया। (NVIDIA CEO Jensen Huang)

नई औद्योगिक क्रांति की शुरुआत में नेतृत्व करना सम्मान की बात: हुआंग

CEO पद पर वापसी के बाद जेन्सेन हुआंग ने कहा कि NVIDIA में लौटना और नई औद्योगिक क्रांति की शुरुआत में दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण टेक्नोलॉजी कंपनियों में से एक का नेतृत्व करना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने बोर्ड का भरोसा जताने और पूरी प्रक्रिया के दौरान विचार-विमर्श करने के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही हार्वे जोन्स, कोलेट क्रेस और कंपनी की एग्जीक्यूटिव टीम की भी सराहना की, जिन्होंने उनकी अनुपस्थिति में कंपनी का नेतृत्व किया। हुआंग ने कर्मचारियों, शेयरधारकों, इंडस्ट्री के लीडर्स और दुनिया भर के साझेदारों के समर्थन के लिए आभार जताया। उन्होंने अपने परिवार के प्यार और सहयोग को भी अपनी वापसी के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि वह दोबारा काम शुरू करने के लिए बेहद उत्साहित हैं। 

अमेरिका को हुआंग के नेतृत्व की जरूरत: ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी जेन्सेन हुआंग की वापसी का स्वागत किया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए NVIDIA के बोर्ड के फैसले को सही और उचित बताया। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका को NVIDIA में हुआंग के नेतृत्व की जरूरत है, ताकि कंपनी के साथ-साथ अमेरिकी अर्थव्यवस्था की सफलता और समृद्धि सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सरकार के पास ऐसा मानने का कोई कारण नहीं है कि हुआंग की वापसी से राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा होगा। अमेरिकी अटॉर्नी जनरल ने भी पुष्टि की है कि सरकार के पास ऐसा कोई सबूत नहीं है, जिससे यह साबित हो कि हुआंग ने कोई गैरकानूनी काम किया है। उन्होंने हुआंग को देशभक्त बताते हुए उन्हें अमेरिका की अमूल्य धरोहर कहा। हालांकि ट्रंप ने NVIDIA को अमेरिकी निर्यात नियंत्रण नियमों के पालन की आंतरिक जांच जारी रखने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि कंपनी को अपनी कानूनी जिम्मेदारियों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े दायित्वों का पालन करना चाहिए। (NVIDIA CEO Jensen Huang)

जेन्सेन हुआंग के इस्तीफे के बाद NVIDIA के नेतृत्व को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई थी। कंपनी ने कोलेट क्रेस को अंतरिम CEO बनाया था और स्थायी उत्तराधिकारी की तलाश शुरू की थी। इस घटनाक्रम के बीच NVIDIA के शेयरों पर भी दबाव देखने को मिला।हालांकि 23 नवंबर को हुआंग की वापसी की घोषणा के बाद शेयरों में जोरदार उछाल आया। Yahoo Finance के मुताबिक प्री-मार्केट ट्रेडिंग में कंपनी के शेयर 30% से ज्यादा चढ़े। इससे सेमीकंडक्टर और AI क्षेत्र की दूसरी कंपनियों के शेयरों में भी तेजी देखने को मिली। जेन्सेन हुआंग का इस्तीफा सिर्फ कंपनी के नेतृत्व में बदलाव का मामला नहीं था, बल्कि इसके पीछे उनके निजी संबंधों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा विवाद भी सामने आया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हुआंग के अफेयर को लेकर खबरें सामने आई थी। इनमें चीन के एक महिला के साथ संबंधों का मामला भी शामिल था, जिसे अमेरिकी अधिकारियों ने चीन से जुड़ी संभावित खुफिया गतिविधियों के संदेह के दायरे में बताया था। रिपोर्ट्स में NVIDIA के कर्मचारियों के साथ उनके संबंधों का भी जिक्र किया गया था। 

जांच अभी खत्म नहीं हुई, NVIDIA ने बनाई दो विशेष समितियां

इस पूरे मामले ने कंपनी के कॉरपोरेट गवर्नेंस और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सवाल खड़े कर दिए थे। इसके बाद 12 नवंबर को हुआंग ने CEO, प्रेसिडेंट और बोर्ड सदस्य के पद से इस्तीफा दे दिया था। जेन्सेन हुआंग की वापसी के बावजूद विवाद पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। NVIDIA ने स्पष्ट किया है कि विदेशी खुफिया गतिविधियों से जुड़े संभावित मामले की स्वतंत्र जांच जारी रहेगी। इसके लिए स्वतंत्र निदेशकों की एक समिति बनाई गई है, जिसने जांच में मदद के लिए बाहरी कानूनी विशेषज्ञों को भी नियुक्त किया है। इसके अलावा कंपनी ने राष्ट्रीय सुरक्षा और निर्यात नियंत्रण से जुड़े मामलों की निगरानी के लिए एक अलग समिति बनाई है। NVIDIA एक नए चीफ कंप्लायंस ऑफिसर की नियुक्ति भी करने जा रही है, जो कंपनी में नियमों के अनुपालन की निगरानी करेगा। कंपनी ने यह भी कहा है कि जेन्सेन हुआंग जांच में पूरा सहयोग करेंगे और NVIDIA सरकारी एजेंसियों की जांच समेत पूछताछ में सहयोग जारी रखेगी। यानी CEO की कुर्सी पर वापसी के बावजूद उनके खिलाफ उठे सवालों की जांच बंद नहीं हुई है। इस पूरे घटनाक्रम से साफ है कि NVIDIA के लिए जेन्सेन हुआंग का नेतृत्व कितना महत्वपूर्ण है। विवादों और इस्तीफे के बावजूद कंपनी ने महज 11 दिनों में अपना फैसला बदल दिया और उन्हें फिर से दुनिया की सबसे प्रभावशाली AI चिप कंपनियों में से एक की कमान सौंप दी।

Back to top button
error: Content is protected !!