Google Analytics —— Meta Pixel

AI, अंतरिक्ष और डिजिटल तकनीक में साथ आएंगे भारत-नेपाल, स्टार्टअप को भी मिलेगा बढ़ावा

India Nepal Bilateral Partnership: भारत और नेपाल ने अपने सदियों पुराने संबंधों को आधुनिक और परिणामोन्मुखी साझेदारी में बदलने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने 22 और 23 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में हुई द्विपक्षीय वार्ता के दौरान ‘विकसित भारत और समुन्नत नेपाल’ के साझा लक्ष्य के साथ एक संयुक्त विजन डॉक्यूमेंट अपनाया। इसमें दोनों देशों के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए 10 प्रमुख क्षेत्रों की पहचान की गई है। इस रोडमैप में आर्थिक विकास, व्यापार, डिजिटल कनेक्टिविटी, ऊर्जा, शिक्षा, तकनीक, खेल, संस्कृति, पर्यटन, स्वास्थ्य और कृषि को प्राथमिकता दी गई है। खास बात यह है कि इस साझेदारी में दोनों देशों के युवाओं के लिए रोजगार, प्रशिक्षण, स्टार्टअप और शिक्षा के नए अवसर तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया गया है।

यह भी पढ़ें:- भारत-नेपाल के रिश्तों को मिली नई रफ्तार, 15 हजार करोड़ की मदद देगा भारत, रेल, सड़क और ऊर्जा परियोजनाओं पर बड़े समझौते

भारत और नेपाल ने माना कि दोनों देशों के रिश्ते अब सिर्फ पारंपरिक मित्रता और व्यापार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि शिक्षा, तकनीक, नवाचार, डिजिटल सेवाओं और आधुनिक बुनियादी ढांचे तक फैल चुके हैं। भारत के विकसित भारत 2047 के लक्ष्य और नेपाल की समुन्नत नेपाल की राष्ट्रीय आकांक्षा में कई समानताएं हैं। इसी आधार पर दोनों देशों ने भविष्य की साझेदारी के लिए 10 प्रमुख स्तंभ तय किए हैं। इसका उद्देश्य आर्थिक विकास को गति देने के साथ आम लोगों, खासकर युवाओं को सीधे लाभ पहुंचाना है। दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के लिए व्यापार और निवेश से जुड़े मौजूदा समझौतों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी। भारत नेपाल में निवेश को प्रोत्साहित करेगा, वहीं सीमा के आसपास निर्यात आधारित उद्योग और विशेष आर्थिक क्षेत्र विकसित करने में सहयोग करेगा। इसके साथ ही सूचना प्रौद्योगिकी पार्क और प्रसंस्करण उद्योगों के विकास पर भी काम किया जाएगा। (India Nepal Bilateral Partnership)

डिजिटल कनेक्टिविटी और भुगतान व्यवस्था होगी मजबूत

भारत ने नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास के लिए 15 हजार करोड़ रुपए की सहायता देने की घोषणा की है। इसमें 3,500 करोड़ रुपए की अनुदान सहायता और ऊर्जा परियोजनाओं के लिए 11,500 करोड़ रुपए की ऋण सुविधा शामिल है। दोनों देशों का मानना है कि बेहतर निवेश व्यवस्था से नेपाल में उद्योगों का विकास होगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। भारत और नेपाल के बीच डिजिटल संपर्क को बेहतर बनाने के लिए कई नई पहल की जाएंगी। दोनों देश भारत की यूपीआई प्रणाली को नेपाल की राष्ट्रीय भुगतान प्रणाली से जोड़ने की प्रक्रिया तेज करेंगे, जिससे दोनों देशों के नागरिकों के बीच डिजिटल भुगतान आसान हो सकेगा। इसके अलावा डिजिटल पहचान, ई-गवर्नेंस और ऑनलाइन सरकारी सेवाओं के क्षेत्र में भारत अपनी तकनीकी विशेषज्ञता नेपाल के साथ साझा करेगा। डिजिटल नेपाल फ्रेमवर्क को लागू करने में भी सहयोग दिया जाएगा। दोनों देशों ने डिजिटल संप्रभुता और डेटा संरक्षण के मानकों को ध्यान में रखते हुए तकनीकी सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है।

ऊर्जा और जल संसाधन में बढ़ेगा सहयोग

सीमा पार अपराध और अवैध गतिविधियों को रोकने के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है। वहीं, रेल, सड़क, नए पुलों और पेट्रोलियम पाइपलाइनों के जरिए भौतिक संपर्क को मजबूत करने की योजना बनाई गई है। भारत और नेपाल के बीच ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग की व्यापक संभावनाओं को देखते हुए जलविद्युत और बिजली ट्रांसमिशन परियोजनाओं में निवेश बढ़ाने पर सहमति बनी है। भारत नेपाल की जलविद्युत परियोजनाओं में निवेश को प्रोत्साहित करेगा और नेपाल इसके लिए अनुकूल वातावरण तैयार करेगा। दोनों देश पंचेश्वर, सप्तकोशी और सुनकोशी जैसी बहुउद्देशीय परियोजनाओं को आगे बढ़ाएंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य बिजली उत्पादन के साथ जल संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल और बाढ़ के प्रभाव को कम करना है। इसके अलावा सौर ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन और अन्य वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के विकास में भी सहयोग किया जाएगा। नेपाल में ग्रीन हाइड्रोजन से जुड़ी एक पायलट परियोजना पर काम करने की योजना है। जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए दोनों देश मौसम संबंधी आंकड़े, बाढ़ की चेतावनी और हिमनद झीलों की निगरानी से जुड़ी जानकारी वास्तविक समय में साझा करेंगे।

डिजिटल तकनीक और स्टार्टअप को मिलेगा बढ़ावा

नेपाल को तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए भारत स्टार्टअप और नवाचार से जुड़ी पहलों में सहयोग करेगा। भारत-नेपाल स्टार्टअप साझेदारी नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा। इसके तहत नेपाली स्टार्टअप को भारत में प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और कारोबार बढ़ाने के अवसर मिलेंगे। नेपाल की राजधानी काठमांडू में स्टार्टअप सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और पोखरा में डिजिटल नोमैड्स एंड इनोवेशन हब स्थापित करने की योजना है। इसके साथ ही नेपाल में डिजिटल पार्क और डेटा सेंटर विकसित करने में भी सहयोग किया जाएगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई के क्षेत्र में भी दोनों देश मिलकर काम करेंगे। इसके तहत नेपाली भाषा के लिए लार्ज लैंग्वेज मॉडल विकसित करने में भारत की भाषिणी तकनीक के साथ सहयोग की योजना है। अंतरिक्ष तकनीक, उपग्रह विकास, मौसम और आपदा प्रबंधन के लिए रिमोट सेंसिंग और 5जी और 6जी नेटवर्क जैसी उभरती तकनीकों में भी साझेदारी बढ़ाई जाएगी। शिक्षा और कौशल विकास को दोनों देशों की साझेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है। भारत नेपाल में भारतीय उच्च शिक्षण संस्थानों के कैंपस खोलने की संभावनाओं पर काम करेगा। इसकी शुरुआत एक भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान यानी आईआईटी के ऑफशोर कैंपस से होगी।

क्रिकेट और अन्य खेलों में भी होगी साझेदारी

नेपाली छात्रों के लिए कानून, तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे नए विषयों में छात्रवृत्ति और प्रशिक्षण के अवसर बढ़ाए जाएंगे। दोनों देशों के विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच शिक्षकों, विशेषज्ञों और विद्यार्थियों का आदान-प्रदान भी बढ़ाया जाएगा। नेपाल के युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने के उद्देश्य से भारत की सहायता से एक व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थान स्थापित करने की योजना है। यहां विनिर्माण, सेवा क्षेत्र और उद्यमिता से जुड़े विषयों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे नेपाल के युवाओं को तकनीकी कौशल हासिल करने और रोजगार के बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है। भारत और नेपाल ने खेलों को भी द्विपक्षीय सहयोग का नया माध्यम बनाने का फैसला किया है। नेपाल में राष्ट्रीय क्रिकेट प्रशिक्षण अकादमी की स्थापना में भारत सहयोग करेगा। इसके साथ ही नेपाल में राष्ट्रीय और प्रांतीय स्तर पर क्रिकेट से जुड़े बुनियादी ढांचे को विकसित करने में मदद दी जाएगी। नेपाल की प्रांतीय क्रिकेट टीमों के खिलाड़ियों को भारत की राष्ट्रीय प्रशिक्षण अकादमियों में प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। क्रिकेट के अलावा बैडमिंटन, टेनिस, शूटिंग और एथलेटिक्स जैसे खेलों में भी खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और आदान-प्रदान की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। (India Nepal Bilateral Partnership)

रामायण, बौद्ध और शिव-शक्ति सर्किट से बढ़ेगा पर्यटन

नेपाल में आधुनिक मल्टी-स्पोर्ट्स सेंटर विकसित करने और संयुक्त पर्वतारोहण अभियानों के जरिए माउंटेन स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने पर भी सहमति बनी है। दोनों देशों के खेल संगठनों को क्रिकेट, फुटबॉल और अन्य खेल लीग में एक-दूसरे के खिलाड़ियों की भागीदारी के अवसर तलाशने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। भारत और नेपाल के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को पर्यटन के जरिए और मजबूत करने की योजना है। दोनों देश रामायण, बौद्ध और शिव-शक्ति पर्यटन सर्किट विकसित करेंगे। इसमें अयोध्या-जनकपुर, लुंबिनी-बोधगया-सारनाथ-कुशीनगर और काठमांडू के पशुपतिनाथ मंदिर को वाराणसी से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा। अयोध्या और जनकपुर के बीच शुरू की गई सरयू-कमला एक्सप्रेस रेल सेवा इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे धार्मिक यात्रियों और पर्यटकों को दोनों देशों के प्रमुख स्थलों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। इसके अलावा भारत और नेपाल बारी-बारी से वार्षिक युवा सांस्कृतिक महोत्सव आयोजित करेंगे। फिल्म, रंगमंच और ललित कला के क्षेत्र में कलाकारों के प्रशिक्षण और आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया जाएगा। लुंबिनी बौद्ध विश्वविद्यालय में नालंदा केंद्र स्थापित करने के जरिए नालंदा विश्वविद्यालय और लुंबिनी बौद्ध विश्वविद्यालय के बीच शैक्षणिक संबंध मजबूत किए जाएंगे।

स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर सहमति

पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में युवा उद्यमियों को जोड़ने के साथ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स की परिचय यात्राओं को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। स्वास्थ्य के क्षेत्र में दोनों देशों ने अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों और प्रसव केंद्रों के विकास पर सहयोग बढ़ाने का फैसला किया है। नेपाल में जरूरत के अनुसार हाई इम्पैक्ट कम्युनिटी डेवलपमेंट प्रोजेक्ट के तहत स्वास्थ्य संबंधी बुनियादी ढांचे का विकास जारी रहेगा। नेपाल की राष्ट्रीय चिकित्सा प्रयोगशाला को आधुनिक बनाने में भारत सहयोग करेगा। इसके अलावा नेपाल में भारत-नेपाल जन औषधि केंद्र स्थापित करने की योजना है, जिससे लोगों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिल सकेगी। भारत नेपाली स्वास्थ्य पेशेवरों को प्रशिक्षण देने के साथ दोनों देशों के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों के बीच सहयोग बढ़ाएगा। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद और नेपाल स्वास्थ्य अनुसंधान परिषद के बीच शोध सहयोग को मजबूत किया जाएगा। दवाओं की गुणवत्ता और नियमन से जुड़े संस्थानों के बीच भी तकनीकी जानकारी साझा की जाएगी। (India Nepal Bilateral Partnership)

कृषि क्षेत्र में चितवन में बनेगा औद्योगिक पार्क

कृषि को दोनों देशों की अर्थव्यवस्था और रोजगार का महत्वपूर्ण आधार मानते हुए सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी है। भारत की अनुदान सहायता से नेपाल के चितवन में कृषि-औद्योगिक पार्क स्थापित किया जाएगा। इसका उद्देश्य नेपाल के कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन करना और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देना है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद और नेपाल कृषि अनुसंधान परिषद के बीच 2026 से 2030 तक की कार्ययोजना को तेजी से लागू किया जाएगा। इसके तहत कृषि अनुसंधान, आधुनिक तकनीक, पशुधन विकास और प्रशिक्षण पर काम होगा। नेपाल में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने की योजना भी शामिल है। नेपाल के किसानों, अधिकारियों और कृषि क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों को उनकी जरूरत के अनुसार विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही पशुधन और मत्स्य पालन के क्षेत्र में भी तकनीकी सहयोग बढ़ाया जाएगा। दोनों देशों ने सरकारी सेवाओं को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए प्रशासनिक सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जताई है। भारत नेपाल के सिविल सेवकों को प्रशिक्षण देगा। इसके लिए भारत के राष्ट्रीय सुशासन केंद्र और नेपाल प्रशासनिक स्टाफ कॉलेज के बीच समझौता किया गया है।

6 महीने में होगी परियोजनाओं की समीक्षा

डिजिटल पहचान, ऑनलाइन भुगतान और ई-गवर्नेंस के क्षेत्र में भारत अपने अनुभव नेपाल के साथ साझा करेगा। इसके अलावा स्थानीय शासन, विधायी संस्थाओं और प्रशासनिक व्यवस्था में बेहतर कामकाज के तरीकों का आदान-प्रदान किया जाएगा। संयुक्त विजन डॉक्यूमेंट में तय की गई योजनाओं को जमीन पर उतारने के लिए दोनों देशों ने निगरानी की व्यवस्था भी बनाई है। इसके तहत नेपाल के विदेश सचिव और भारत के राजदूत के नेतृत्व में उच्चस्तरीय निगरानी समूह सक्रिय किया जाएगा। यह समूह हर छह महीने में कम से कम एक बार बैठक कर परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेगा और जरूरी मंजूरियों की प्रक्रिया को आसान बनाने का प्रयास करेगा। निगरानी समूह अपनी रिपोर्ट भारत-नेपाल संयुक्त आयोग को सौंपेगा। इस आयोग की सह-अध्यक्षता दोनों देशों के विदेश मंत्री करते हैं। आयोग की अगली बैठक 2027 में आयोजित की जाएगी। भारत और नेपाल का मानना है कि यह संयुक्त विजन डॉक्यूमेंट दोनों देशों के संबंधों को नई दिशा देने के साथ युवाओं, किसानों, कारोबारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए नए अवसर पैदा करेगा। दोनों देशों ने भरोसा जताया है कि आपसी विश्वास, सहयोग और साझा प्रयासों से ‘विकसित भारत और समुन्नत नेपाल’ का लक्ष्य हासिल करने की दिशा में ठोस प्रगति होगी।

Back to top button
error: Content is protected !!