धान कटाई के लिए आई थी किशोरी, घर में अकेला पाकर युवक ने की दरिंदगी; आरोपी गिरफ्तार
बलरामपुर के शिवपुर गांव में नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। विजयनगर पुलिस ने शिकायत के बाद आरोपी अशोक यादव को गिरफ्तार किया।

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। रामानुजगंज क्षेत्र के ग्राम शिवपुर में हुई इस घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता झारखंड के गढ़वा जिले की रहने वाली है और कुछ दिन पहले ही धान कटाई के काम में परिवार की मदद करने अपने मामा के घर आई थी।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, घटना 22 नवंबर की है। उस दिन परिवार के अन्य सदस्य धान कटाई के काम से घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान गांव का रहने वाला अशोक यादव घर पहुंचा। आरोप है कि घर में किशोरी को अकेला पाकर उसने उसके साथ जबरदस्ती की। किशोरी ने जब विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और मुंह दबाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
कुछ देर बाद परिवार के सदस्य घर लौटे तो किशोरी ने उन्हें आपबीती बताई। इसके बाद उसके मामा कुलदीप सिंह उसे लेकर विजयनगर पुलिस चौकी पहुंचे और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
मामले की गंभीरता को देखते हुए विजयनगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना की जिम्मेदारी सहायक उप निरीक्षक अश्वनी कुमार को सौंपी गई। पुलिस ने जांच के दौरान कार्रवाई करते हुए आरोपी अशोक यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है।



