CCTV पर कागज चिपकाया, गैस कटर से काटने लगे ताला! ज्वेलर्स दुकान में आधी रात डकैती की कोशिश, 5 पकड़े गए
रायपुर के खमतराई में ज्वेलर्स दुकान का CCTV ढककर गैस कटर से ताला काटने की कोशिश की गई। पुलिस ने तीन आरोपियों और दो नाबालिगों समेत पांच को पकड़ा।

रायपुर। राजधानी रायपुर में ज्वेलर्स दुकान को निशाना बनाकर चोरी और डकैती की कोशिश करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। खमतराई के श्रीनगर इलाके में आरोपियों ने आधी रात को ज्वेलर्स दुकान के बाहर लगे CCTV कैमरे को कागज से ढक दिया और फिर गैस कटर से दुकान का ताला काटने की कोशिश की। हालांकि, वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। मामले में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन युवकों के साथ एक बालक और एक बालिका सहित कुल पांच लोगों को पकड़ा है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल दोपहिया वाहन, गैस सिलेंडर, लोहे की कटर मशीन, हेलमेट और चार मोबाइल फोन समेत अन्य सामान जब्त किया है। जांच में डकैती के प्रयास से जुड़े साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने मामले में BNS की धारा 310(4) भी जोड़ दी है।
CCTV कैमरे पर चिपकाया कागज, फिर गैस कटर से काटने लगे ताला
पुलिस के मुताबिक, सदर बाजार निवासी सुरेश ढीमन खमतराई के श्रीनगर इलाके में ‘सुरेश ज्वेलर्स’ नाम से आभूषण की दुकान संचालित करते हैं। 13 नवंबर की रात दुकान में ताला लगाकर वे निजी काम से बाहर चले गए थे।
18 नवंबर को वापस लौटने के बाद उन्होंने दुकान के CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी। फुटेज में 17 नवंबर की रात करीब 12 बजे कुछ संदिग्ध दुकान के बाहर दिखाई दिए। आरोपियों ने सबसे पहले CCTV कैमरे पर कागज चिपकाकर उसे ढक दिया। इसके बाद गैस कटर की मदद से दुकान का ताला काटने का प्रयास किया।
हालांकि, आरोपी किसी कारण से ताला काटकर वारदात को अंजाम नहीं दे सके। इसके बाद दुकान संचालक की शिकायत पर खमतराई थाने में अपराध क्रमांक 1256/26 के तहत BNS की धारा 331(4), 305 और 62 में मामला दर्ज किया गया।
CCTV फुटेज और मुखबिरों से पुलिस को मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त उत्तर क्षेत्र दीपमाला कश्यप ने आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। दुकान संचालक और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया।
जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने वासुदेव सरकार, गुंजन बार और नाज नौशाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में दो नाबालिगों की भूमिका भी आई सामने
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने एक बालक और एक बालिका के साथ मिलकर ज्वेलर्स दुकान में चोरी की कोशिश करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों नाबालिगों को भी पकड़ लिया।
जांच में डकैती के प्रयास से संबंधित साक्ष्य मिलने के बाद मामले में BNS की धारा 310(4) जोड़ी गई है। पुलिस अब सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
गैस सिलेंडर, कटर मशीन और मोबाइल फोन जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल दोपहिया वाहन, गैस सिलेंडर, लोहे की कटर मशीन, हेलमेट और चार मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किया है।
पकड़े गए आरोपियों में वासुदेव सरकार (25), गुंजन बार (18) और नाज नौशाद (34) शामिल हैं। इनके अलावा एक बालक और एक बालिका को भी विधि के साथ संघर्षरत बालक-बालिका के रूप में पकड़ा गया है।
पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पूरी योजना का पता लगाने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी अन्य चोरी या आपराधिक वारदात में शामिल रहे हैं या नहीं।



